अमित शाह का कार्यक्रम, लेकिन लगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जयकारे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून के परेड मैदान में भाजपा के त्रिशक्ति सम्मेलन में बेशक राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पहुंचे थे। लेकिन, हर तरफ ‘नमो’ की जय-जय रही। बात चाहे नारेबाजी की हो या फिर मोदी जैकेट, मास्क, हुड या फिर नमो अगेन टी-शर्ट की। हर तरफ मोदी-मोदी के नारे लग रहे थे।
सम्मेलन में शामिल होने के लिए सुबह आठ बजे से ही लोग मैदान पहुंचने लग गए थे। कई मोदी-मोदी के नारे लगाते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंच रहे थे। दोपहर करीब 12.40 बजे जैसे ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मंच पर पहुंचे, लोगों ने मोदी-मोदी, हर-हर मोदी, घर-घर मोदी, अबकी बार भाजपा सरकार जैसे नारे लगाने शुरू कर दिए। पूरा पांडाल प्रधानमंत्री मोदी के जयकारों से गूंजने लगा।
यह सिलसिला कार्यक्रम के अंत तक जारी रहा। नमो एप कुमाऊं संयोजक उमेश जोशी ने बताया वह जून 2017 से अब तक 50 से अधिक कार्यक्रमों में जाकर मोदी जैकेट, मास्क आदि बेच चुके हैं। आज भी कार्यकर्ताओं ने मोदी जैकेट, नमो अगेन आदि की खरीदारी की।
इस बार भी मोदी बनाम ऑल होगा चुनाव
सम्मेलन में जिस तरह से नमो-नमो के नारे लगे, उससे तय हो गया कि इस बार के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा पूरा फोकस प्रधानमंत्री मोदी पर ही करेगी। मतलब चुनाव मोदी बनाम ऑल होगा। वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने मोदी पर पूरा चुनाव केंद्रित रखा था। सूत्रों के मुताबिक ऊपर से निर्देश दिए थे कि कार्यकर्ता केवल मोदी के नारे लगाएंगे।
28 स्टॉलों के जरिये बांटी प्रचार सामग्री
कार्यक्रम स्थल पर टिहरी और हरिद्वार लोकसभा के लिए 28 स्टॉल लगाए गए थे, जिनके जरिए कार्यकर्ताओं का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर उन्हें प्रचार सामग्री की किट बांटी गई। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी है। सुबह से कार्यक्रम के अंत तक इन स्टॉलों पर कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी रही।