फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   amit shah launches mukhyamantri ghasyari kalyan yojana today in dehradun: says Congress is a party who not make promises

देहरादून : अमित शाह ने बोला हमला, कहा- कांग्रेस वादाखिलाफी करने वाली पार्टी है

Sat, 30 Oct 2021 08:54 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal Updated Sat, 30 Oct 2021 08:54 PM IST
सार

Amit Shah Uttarakhand Visit: अमित शाह उत्तराखंड में भाजपा के चुनाव अभियान का आगाज करने पहुंचे। जहां शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भी खुली बहस की चुनौती दे डाली है।

विज्ञापन
amit shah launches mukhyamantri ghasyari kalyan yojana today in dehradun: says Congress is a party who not make promises
अमित शाह का देहरादून दौरा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को उत्तराखंड के एक दिवसीय दौर पर हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। कहा कि कांग्रेस वादाखिलाफी करने वाली पार्टी है।

विज्ञापन


हम साफ नीयत से कर रहे हैं काम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हम साफ नीयत से काम कर रहे हैं। हमने 85 हजार करोड़ के काम गिना दिए हैं। जिन पर उत्तराखंड में कार्य चल रहा है। अगले पांच साल में ये कार्य पूरे हो जाएंगे। लेकिन कांग्रेस केवल प्रदर्शन करती है या फिर दिल्ली में राहुल गांधी की शरण में जाती है।
विज्ञापन


शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को चुनौती दी और कहा कि कांग्रेस ने अपनी सरकार के समय के घोषणा पत्र पर कितना काम किया है, इस पर किसी भी चौराहे पर चर्चा हो जाए। शाह ने उन्हें खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में किए गए लगभग 85 प्रतिशत वादों को पूरा किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


अमित शाह का उत्तराखंड दौरा: कांग्रेस ने दिखाए काले झंडे, हुई तीखी झड़प, पुलिस ने किया गिरफ्तार, तस्वीरें

केवल चुनाव में ही दिखती है कांग्रेस

अमित शाह ने कहा कि संकट में कांग्रेस पार्टी कहां होती है। कांग्रेस केवल चुनाव में ही दिखती है। पार्टी के नेता नए कपड़े सिलवा रहे हैं। राज्य में आई बाढ़ और कोरोना संक्रमण के दौरान पार्टी नहीं दिखी।

कांग्रेस ने किसानों की अनदेखी की
2017 के चुनाव के दौरान हमारे द्वारा की गई घोषणाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकाल में शराब घोटाला हुआ था। कांग्रेस वादाखिलाफी करने वाली पार्टी है। कांग्रेस पार्टी विलासिता भोगने वाली पार्टी है। इनका लोकतंत्र से कोई संबंध नहीं है। कांग्रेस ने किसानों की अनदेखी की है।

कांग्रेस केवल तुष्टिकरण करती है
शाह ने कहा कि कांग्रेस अपने वादों से मुकरती है। पहले जब मैं कांग्रेस सरकार के दौरान उत्तराखंड में आया था, तो कुछ लोगों ने मुझसे मुलाकात की और मुझे बताया कि शुक्रवार को हाईवे ब्लॉक करने और वहां नमाज करने की अनुमति है। कांग्रेस केवल तुष्टिकरण करती है और उत्तराखंड के लिए कोई कल्याणकारी कार्य नहीं कर सकती।

चैंपियन को उतरना पड़ा मंच से
बन्नू स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में खानपुर से भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन सीधे मंच पर जा पहुंचे। जहां उन्हें बताया गया कि विधायकों के बैठने का स्थान दूसरी जगह निश्चित किया गया है। मंच पर बैठने वाले लोगों की सूची में उनका नाम नहीं है। इसके बाद मंच से उतर गए। बताया जा रहा है कि इसके बाद चैंपियन नाराज होकर कार्यक्रम छोड़कर ही चले गए। इस संबंध में चैंपियन से फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। 

विधायक रेखा आर्य पहुंच गईं एयरपोर्ट 
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर केंद्रीय गृह मंत्री को रिसीव करने के लिए तमाम नेता पहुंचे थे। लेकिन अधिकृत रूप से कुछ ही लोगों के नाम सूची में शामिल किए गए थे। ऐसे में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य भी एयरपोर्ट पहुंच गई। जहां उन्हें पता चला कि केंद्रीय मंत्री के स्वागत करने वाले लोगों में उनका नाम शामिल नहीं है। इसके बाद वह वहां से लौटकर सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं, जहां उन्होंने पूरे समय कार्यक्रम में भाग लिया।

आपदा में केंद्र की तत्काल मदद से बचा पाए सैकड़ों जिंदगियां: धामी 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आपदा के समय केंद्र की ओर तीन हेलीकॉप्टर के रूप में भेजी गई तत्काल मदद से हम वक्त रहते करीब पांच सौ लोगों का जीवन बचा पाए। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में उन्होंने एक अभिभावक की तरह हमारा साथ दिया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान डेढ़ लाख से ज्यादा तीर्थयात्री प्रदेश में आए हुए थे। लेकिन समय पर अलर्ट होने और प्रशासनिक मशीनरी को सक्रिय करने से इसमें एक भी तीर्थयात्री को नुकसान नहीं पहुंचा। जबकि इस बार वर्ष 2013 से भी अधिक पानी आसमान से बरसा था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री घसियारी कल्याण योजना से माताओं और बहनों का जीवन आसान होगा। पशुओं के लिए पौष्टिक चारा घर पर ही उपलब्ध होगा। हमारी सरकार ने जो घोषणा की, उनका शासनादेश भी जारी किया। विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे 24 हजार पदों पर भर्ती एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रत्येक जिले में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कोविड वैक्सीन की शतप्रतिशत डोज का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। 

मुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां 
कार्यक्रम में अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता के हित में लगातार फैसले ले रहे हैं। आशा बहनों, ग्राम प्रधानों, उपनल कार्मिकों के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। कोविड को देखते हुए पर्यटन, संस्कृति, परिवहन क्षेत्र, चिकित्सा क्षेत्र के साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए पैकेज दिए गए हैं। डीबीटी से लाभार्थियों के खातों में पैसा जाने भी लगा है। हम जल्द ही स्वस्थ युवा, स्वस्थ उत्तराखंड योजना शुरू करने जा रहे हैं। इसमें प्रत्येक ग्राम पंचायत में ओपन जिम बनाए जाएंगे।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद... 
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, रेखा आर्य, स्वामी यतिश्वरानंद, बिशन सिंह चुफाल, बंशीधर भगत, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक, सांसद अनिल बलूनी, अजय टम्टा, नरेश बंसल, माला राज्य लक्ष्मी शाह, दुष्यंत गौतम, रेखा वर्मा, लोकेट चटर्जी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

डॉ. धन सिंह रावत को बताया अपना मित्र, सीएम की भी थपथपाई पीठ

अपने भाषण के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की जमकर तारीफ की। उन्होंने चार बार डॉ. धन सिंह रावत का नाम लेकर उनकी प्रशंसा की। इस दौरान शाह ने डॉ. रावत को अपना मित्र बताया। उन्होंने कहा डॉ. रावत ने सहकारिता के क्षेत्र में बेहतर काम किया है। आज उत्तराखंड में सहकारिता विभाग को वह इस मुकाम पर ले आए हैं कि देश के दूसरे राज्य में इसका अनुसरण कर सकते हैं। 

मैं जिद्दी टाइप आदमी हूं..जब तक बैठोगे नहीं, बोलूंगा नहीं...
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जैसे ही बोलने के लिए मंच पर पहुंचे। सबसे पहले पत्रकारों से मुखातिब हुए। बोले, मैं जिद्दी टाइप आदमी हूं..जब तक बैठोगे नहीं, बोलूंगा नहीं...। दरअसल मंच के ठीक सामने इलेक्ट्रानिक मीडिया कर्मियों के लिए प्लेटफार्म बनाया गया था, जिस पर मीडियाकर्मी खड़े थे। शाह ने कैमरे सेट करने के बाद सबको बैठने के लिए कहा। इसके बाद ही उन्होंने अपना संबोधन शुरू किया। 

भीड़ से गदगद नजर आए शाह
रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल के जिस मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया गया था, वह अमित शाह के आने से पहले लगभग भर चुका था। भीड़ को देखकर शाह भी गदगद नजर आए। उन्होंने आते ही जोश के साथ भारत माता की जय का नारा लगवाया तो पूरा पंडाल नारों से गूंज उठा। मैदान में वाटरपूफ्र शेड के साथ बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी। जो शाह के आने से पहले लगभग सब भर चुकी थीं। पार्टी की ओर से कार्यक्रम में एक लाख लोगों के पहुंचने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि मैदान की क्षमता करीब दस हजार लोगों की है। 

एयरपोर्ट पर सीएम सहित तमाम नेताओं ने की अगुवाई 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जौलीग्रांट एयरपोर्ट आगमन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक खजानदास, मेयर ऋषिकेश अनीता ममगाईं, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, कुलदीप कुमार, डीजीपी अशोक कुमार, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर राजेश कुमार एवं डीआईजी जन्मेजय खंडूरी, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र भसीन आदि ने भी केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत किया।

कोविड प्रोटोकॉल की उड़ी धज्जियां
भीड़ से खचाखच भरे बन्नू स्कूल मैदान में शनिवार को कोविड प्रोटोकॉल की जमकर धज्जियां उड़ीं। इस दौरान अधिकतर नेताओं, कार्यकर्ताओं, आम लोगों और मीडिया कर्मियों के चेहरे से मास्क गायब थे। आयोजकों की ओर से कार्यक्रम स्थल पर सेनेटाइजेशन इत्यादि की भी व्यवस्था नहीं की गई थी। पंडाल के साथ मंच पर भी अधिकतर नेता चेहरा चमकाने की होड़ में बिना मास्क के नजर आए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed