26 जून को उत्तराखंड आएंगे अमित शाह, हल्द्वानी में रैली
- 27 को होगी प्रांतीय परिषद की मीटिंग
- विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए प्रभारियों के नाम तय
- भाजपा योजना ग्रुप की मीटिंग में तय किए गए कार्यक्रम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। इस क्रम में 26 जून को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हल्द्वानी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अगले दिन 27 जून को हल्द्वानी में ही प्रांतीय परिषद की मीटिंग होगी। इस मीटिंग में पार्टी के सभी सांसद, विधायक, मेयर, नगरपालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिलों के पदाधिकारी, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, मंडलों के अध्यक्ष व महामंत्री शिरकत करेंगे।
यह जानकारी सोमवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने योजना ग्रुप की मीटिंग के बाद दी। उन्होंने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की मीटिंग 12-13 जून को इलाहाबाद में आयोजित होगी।
इस मीटिंग में प्रदेश से तीनों पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री संगठन के साथ-साथ राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भाग लेंगे। इसके बाद 26 जून को हल्द्वानी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनसभा होगी। जनसभा के बाद अमित शाह पार्टी पदाधिकारियों के साथ मीटिंग भी करेंगे। इसके बाद 27 जून को हल्द्वानी में ही प्रांतीय परिषद की मीटिंग होगी।
पार्टी मीटिंग में तय होंगे साल भर के कार्यक्रम
भट्ट ने बताया कि 15 से 25 जून के बीच विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए प्रभारियों के नाम भी तय कर दिए गए हैं। अल्मोड़ा का प्रभारी गजराज सिंह को, नैनीताल का प्रभारी ज्योति प्रसाद गैरोला को, हरिद्वार का खजान दास को, टिहरी का नरेश बंसल को व पौड़ी का प्रभारी धन सिंह रावत को बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि सोमवार से पार्टी की जो मीटिंग शुरू हुई है, वह मंगलवार तक जारी रहेगी। मीटिंग में पूरे साल के कार्यक्रम तय किए जाएंगे।
इस मीटिंग में पार्टी के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, खजान दास, गजराज बिष्ट, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह, प्रकाश पंत, धन सिंह रावत व ज्योति प्रसाद गैरोला मौजूद रहे।