BJP नेता पर शिक्षा अधिकारी ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप, दफ्तर में मच गया हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डा. हरिराम आर्य इंटर कालेज कनखल का प्रबंधक बनने के लिए एक भाजपा नेता ने मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में घुसकर हंगामा किया। आरोप है कि उन्होंने अधिकारी को धमकाया और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। मुख्य शिक्षाधिकारी ने आरोपी भाजपा नेता के खिलाफ सिडकुल थाने में छेड़छाड़ और गाली गलौज करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
गुरुकुल कांगड़ी की आर्य विद्या सभा की ओर से संचालित डा. हरिराम आर्य इंटर कालेज में हाईकोर्ट के आदेश पर फिलहाल दीनानाथ शर्मा प्रबंधक पद पर कार्यरत है।
गुरुकुल कांगडी के ही सहायक मुख्य अधिष्ठाता और भाजपा नेता नवनीत परमार ने सोमवार को जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी पुष्पा रानी वर्मा के कार्यालय पहुंचकर खुद को डा. हरिराम आर्य इंटर कालेज का प्रबंधक बनाने की बात कही। सीईओ ने बताया कि उस पद पर दीनानाथ शर्मा कार्यरत हैं। वह प्रबंधक बनने के लिए मूल प्रस्ताव लेकर आएं।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
आरोप है कि इस बात पर भड़क उठे भाजपा नेता और सहायक मुख्य अधिष्ठाता नवनीत परमार ने सीईओ को धमकाया और जमकर अभद्रता की। सीईओ का आरोप है कि अमर्यादित भाषा का भी इस्तेमाल किया गया। हो- हल्ला होने पर कर्मचारी एकत्र हो गए, तब भाजपा नेता ने मौके से खिसकना ही उचित समझा।
मंगलवार को सीईओ ने इस संबंध में सिडकुल पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी ने बताया कि सीईओ की ओर से भाजपा नेता के खिलाफ छेड़छाड़ समेत प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिसकी जांच कर रहे है।
वहीं भाजपा नेता नवनीत परमार का कहना है कि कार्यालय में सीसीटीवी कैमरा लगा है, उसकी रिकार्डिंग देखने पर सब दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएंगा। उन्होंने अभद्र भाषा एवं छेड़छाड़ के आरोपों को सिरे से खारिज किया है।