पहाड़ों में बारिश से गंगा का जलस्तर बढ़ा, हरिद्वार में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने तीन दिन तक प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी के बाद के बाद पहाड़ में लगातार बारिश हो रही है। इसके चललते गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते हरिद्वार में अलर्ट भी जारी किया गया है। सोमवार की दोपहर जलस्तर बढ़कर 292.25 (समुद्र तल से ऊंचाई) हो गया।
मौसम विभाग ने सोमवार, मंगलवार और बुधवार को प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। इसे देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैंथूरा ने जिले की सभी 13 राहत चौकियों को हाई अलर्ट घोषित कर दिया था।
सोमवार को मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बारिश के चलते गंगा का जलस्तर बढ़ा हैं। बाढ़ कंट्रोल रूम के अनुसार सोमवार सुबह का जलस्तर 292.05 था, लेकिन यह दोपहर बाद बढ़कर 292.25 हो गया। गंगा का जलस्तर जहां 290 सामान्य तो वहीं 293 खतरे का निशान माना जाता है।
सताने लगा बाढ़ का डर
हालांकि अभी तक गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है। लेकिन चेतावनी के पहले ही दिन गंगा का जलस्तर बढ़ने से लोगों की परेशानियां बढ़नी शुरू हो गई।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जलस्तर बढ़ने के साथ ही लोगों को बाढ़ का डर सताने लगा हैं। सोमवार को लोग बाढ़ कंट्रोल रूम के साथ-साथ आसपास के लोगों से गंगा के जलस्तर को लेकर जानकारी जुटाते रहे।
ताकि समय रहते सुरक्षित स्थानों पर निकला जा सके। वहीं दूसरी ओर लक्सर उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा का कहना है कि गंगा का जलस्तर थोड़ा बढ़ा है, लेकिन अभी तक किसी भी प्रकार के घबराने की स्थिति नहीं है। एहतियातन अलर्ट जारी किया गया है। जिससे लोग सचेत रहें।