पीओके एयर स्ट्राइक: जौलीग्रांट एयरपोर्ट की कई फ्लाइटें रहीं रद्द, सुरक्षा बढ़ाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीओके पर एयर स्ट्राइक के बाद भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव की स्थिति बन गई है। जिसके बाद जौलीग्रांट एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सीमा पर तनाव बढ़ने के दृष्टिगत बुधवार को देहरादून जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कई विमानन कंपनियों ने अपनी फ्लाईटों को रद्द कर दिया। देश की सुरक्षा के मद्देनजर हवाईयात्रियों ने भी सहयोग किया। कुछ विमानों की आवाजाही जरूर हुई। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भी एयरपोर्ट पर बराबर चौकसी बनाए रखी।
बीते रोज पाकिस्तान पर हुई एयर स्ट्राईक के बाद पाकिस्तान का विमान भारतीय सीमा में घुसने के बाद ढेर कर दिया। इससे देश के तमाम एयरपोर्ट अलर्ट मोड पर रखे गए है। इसका असर देहरादून जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने जम्मू और अमृतसर जाने वाली फ्लाईट कैंसिल कर दी। एयरपोर्ट निदेशक विनोद शर्मा ने बताया कि विमानन कपंनियों ने अपनी कुछ फ्लाईटों को कैंसिल कर दिया है।
बताया कि स्पाइसजेट ने दोपहर में अहमदाबाद और दिल्ली की फ्लाईटों को कैंसिल किया। जेट एयरवेज ने मुंबई और दिल्ली आवाजाही करने फ्लाईट रद्द कर दी। एयर इंडिया ने किसी भी फ्लाईट को कैंसिल नही किया। बताया जा रहा है कि सैन्य कार्रवाई के दृष्टिगत फ्लाईट कैंसिल की गई है। वहीं, जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कई फ्लाईट रद्द होने के बावजूद हवाईयात्रियों की शालीनता देखने को मिली।
स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा की दृष्टि से एयरपोर्ट पर सक्रियता बनाए रखी है। खुफिया विभाग भी सीमाओं पर तनाव को देखते हुए मुस्तैद है। सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट को लेकर तरह तरह की बातें शेयर की जाती रही। पुलिस ने सोशल मीडिया पर लोगों से खबरें शेयर करने से पहले प्रामाणिकता की जानकारी लेने का अनुरोध किया।
रक्षा संस्थानों के चारों ओर बना सुरक्षा घेरा, सघन चेकिंग
भारत-पाक सीमा पर बढ़े तनाव के बीच पुलिस ने रक्षा संस्थानों के बाहर कड़ा पहरा लगा दिया है। सुरक्षा घेरा बनाकर इन संस्थानों के आसपास सघन चेकिंग की जा रही है। आईएमए और डील के आसपास पुलिस के अधिकारी खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस ने शहर के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर सुरक्षा बढ़ा दी है।
एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि सामान्य अलर्ट के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। आईएमए और रायपुर में डील ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के आसपास सुरक्षा के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस देश की कई सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है। हर छोटी बड़ी जानकारी भी खुफिया एजेंसियों के साथ साझा की जा रही है। इसके साथ ही शहर के एंट्री प्वाइंट सहारनपुर रोड, हरिद्वार रोड और विकासनगर रोड पर चेकिंग के साथ-साथ सशस्त्र फोर्स के साथ पैट्रोलिंग के आदेश दिए गए हैं। हर आने जाने वाले लोगों पर कैमरों आदि से भी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
एयरपोर्ट पर सब सामान्य : पुलिस
बुधवार को सीमा पर हालात बिगड़ने के बाद कश्मीर और पंजाब के कुछ एयरपोर्ट बंद कर दिए गए थे। इसके बाद यहां भी चर्चा शुरू हुई कि जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भी इसी तरह सब प्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। रनवे को बंद कर दिया गया है। हालांकि, इन सब खबरों का एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने खंडन किया। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट प्रबंधन से बात हुई है। वहां पर सब सामान्य है। सभी फ्लाइट सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
नेपाल सीमा पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
पुलवामा हमले के बदले के रूप में भारतीय वायुसेना की ओर से मंगलवार को की गई एयर स्ट्राइक के बाद से नेपाल सीमा पर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। बुधवार को खटीमा (ऊधमसिंहनगर) नेपाल सीमा पर झनकईया थाना के जवान वाहनों की चेकिंग में जुटे रहे। संदिग्धों पर सतर्क निगाह शुरू कर दी गई है। सीओ कमला बिष्ट ने बताया कि जले में अलर्ट जारी किया गया है। झनकईया थानाध्यक्ष जसविंदर सिंह ने बताया कि वाहनों की चेकिंग की जा रही है। नेपाल को आने-जाने वाले संदिग्धों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है। साथ ही सीमा पर पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्कता बरत रही हैं।
पंतनगर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित
भारतीय वायुसेना की ओर से की गई एयर स्ट्राइक के बाद से पकिस्तान के साथ बढ़ रहे तनाव को देखते हुए देश के अन्य एयरपोर्ट की तरह पंतनगर एयरपोर्ट पर भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। एयरपोर्ट निदेशक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल मौजूद है। एयरपोर्ट से फिलहाल कोई फ्लाइट रद्द नहीं की गई है। निदेशक के अनुसार 26 जनवरी से ही एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट है।