खेल मंत्री के बिगड़े बोल, कहा उत्तराखंड में जो भी पाकिस्तानी खिलाड़ी आएगा जिंदा वापस नहीं जाएगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जहां एक ओर भारत में खेलने के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वीजा न मिलने के बाद अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक कमेटी ने भारत में आगामी खेलों के आयोजन पर रोक लगा दी है, वहीं पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेकर उत्तराखंड के खेल मंत्री अरविंद पांडेय का बेतुका बयान सामने आया है।
देहरादून में खेल महाकुंभ के समापन के अवसर पर उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के भारत में खेलने को लेकर सख्त टिप्पणी की। मंत्री पांडेय ने कहा कि पाकिस्तान हमारे खिलाड़ियों के साथ बुरा व्यवहार कर रहा है। जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आवेश में आकर वे यह तक कह गए कि उत्तराखंड में जो भी पाकिस्तानी आएगा वो यहां से जिंदा वापस नहीं जाएगा। बता दें कि इससे पहले भी उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान का खिलाड़ी हो या कोच या फिर अंपायर, सभी का उत्तराखंड में प्रवेश निषेध है।
फुटबॉल में दून को दोहरा खिताब, शुभदीप को मिली कार
खेल महाकुंभ के अंतर्गत राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में देहरादून ने दोहरा खिताब जीता है, जबकि नैनीताल और पौड़ी अलग-अलग वर्गों में विजेता रहे। शनिवार को समापन पर अंडर-17 बालक वर्ग में सबसे ज्यादा गोल दागने वाले देहरादून जनपद के सहसपुर निवासी शुभदीप थापा को खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने इनाम में आल्टो कार दी। प्रतियोगिता में शुभदीप ने कुल पांच गोल दागे हैं। वहीं, सभी वर्गों में सर्वश्रेष्ठ चार खिलाड़ियों को स्कूटी व अन्य प्रतिभागियों को ट्रैकशूट और साइकिल दी गई हैं।
शनिवार को पवेलियन मैदान में खेल महाकुंभ के समापन पर मुख्य अतिथि खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारना था। महाकुंभ में कई ऐसे खिलाड़ी आए हैं, जिन्हें पहली बार राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने का मौका मिला। इस मौके पर खजानदास आदि मौजूद रहे।
इससे पूर्व पवेलियन मैदान पर सभी वर्गों के फाइनल मुकाबले हुए। अंडर-17 बालक वर्ग में देहरादून और ऊधमसिंह नगर के बीच खेला गया मैच ड्रा रहा। पूरे मैच में दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकी। बाद में टाईब्रेकर से मैच का परिणाम निकाला गया। जिसे देहरादून ने 5-4 के अंतर से मुकाबला जीत लिया। देहरादून के सचिन नेगी, निखिल,सौरभ, आदर्श, शुभदीप ने गोल दागे। ऊधमसिंह नगर के लिए गौरव रावत, अमन कुमार, रोहित नेगी, मनोज धामी ने गोल किए। अंदर-14 बालक वर्ग में देहरादून और नैनीताल के बीच खिताबी भिड़ंत हुई। इस मैच का परिणाम सडनडेथ से निकला।
इसमें देहरादून ने 5-4 के अंतर से मैच जीत लिया। देहरादून के अंकित, सचिन, नमन, अंशुल व मयंक ने गोल दागे। नैनीताल के लिए पीयूष, पवन, राज व हर्ष गोल करने में सफल रहे। अंडर-19 बालक वर्ग में पौड़ी ने देहरादून को 2-0 से हराया। पौड़ी के लिए मोहित ने 55वें और अमन ने 64वें मिनट में गोल किया। बालिका अंडर-19 वर्ग में नैनीताल और पौड़ी के बीच मुकाबला हुआ। मैच में नैनीताल ने मुकाबले को 3-0 से जीत लिया। नैनीताल की ओर से शिवानी ने 6वें और पिंकी ने 21वें और 25वें मिनट में गोल दागे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.