देहरादून। स्वदेशी उत्पादों का इस्तेमाल किया जाए तो इससे न केवल अर्थव्यवस्था मजबूत होगी बल्कि देश में रोजगार का सृजन भी होगा। देश की प्रगति के लिए स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना होगा। 10 दिवसीय स्वदेशी रोजगार मेले के दूसरे दिन मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने लोगों को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही इसके फायदे भी बताए।
स्वदेशी जागरण मंच की ओर से रिंग रोड के पास आयोजित 10 दिवसीय स्वदेशी रोजगार मेले में सोमवार को स्वदेशी उत्पाद खरीदने के लिए लोगों की खूब भीड़ जुटी। यहां सस्ते और गुणवत्ता युक्त उत्पाद खरीदने के साथ ही लोगों को स्वदेशी उत्पादों का महत्व भी जानने को मिला। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने विवेकाधीन कोष से स्वदेशी जागरण मंच को एक लाख 25 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विदेशी व चीन के बने सामान का बहिष्कार करने के लिए हमें पहले स्वावलंबी बनना होगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी का अर्थ केवल विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करना नहीं है। स्वदेशी का अर्थ हर भारतीय वस्तु पर गर्व करना है। विधानसभा अध्यक्ष ने स्वदेशी मेले के प्रत्येक स्टालों पर जाकर जानकारी ली। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा, मेला संरक्षक विशंभर नाथ बजाज, स्वदेशी जागरण मंच के संयोजक सुरेंद्र सिंह, राजकुमार परमार, प्रिंस यादव, धर्मेंद्र चौहान, कंचन ठाकुर, शारदा गुप्ता, मधु जैन, आशीष रावत, प्रवीण पुरोहित आधार वर्मा, प्रमोद नौटियाल मौजूद रहे।