मौसम राउंड अप: 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, सोमवार को दोपहर बाद खुल जाएगा बदरीनाथ हाईवे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में अगले 24 घंटों को दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकतर जिलों में बहुत भारी बारिश होगी।
मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार को नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, पौड़ी और देहरादून में भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग निदेशक के अनुसार मंगलवार से प्रदेश में बारिश कम हो सकती है।
रविवार को भारी बारिश से लामबगड़ में बदरीनाथ हाईवे का करीब बीस मीटर हिस्सा बह गया है। सोमवार को भी हाईवे का हाल ऐसा ही रहा। वहीं ऋषिकेश से श्रीनगर के बीच में हाईवे पर आवाजाही हो रही है। वहीं यमुनोत्री हाईवे डबरकोट में अवरुद्ध था। जिसे सुबह करीब साढ़े 10 बजे खोल दिया गया। अभी भी पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है।
चमोली जिले में रविवार मध्य रात्रि से हो रही बारिश सोमवार की सुबह थम गई। लामबगड़ में अभी भी हाईवे बंद है। दोपहर तक हाईवे खुलने की संभावना है। फिलहाल यात्री पैदल ही बदरीनाथ पहुंच रहे हैं। बदरीनाथ में सोमवार को भगवान श्रीकृष्ण की शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में शामिल होने के लिए स्थानीय श्रद्धालु भी बदरीनाथ पहुंच रहे हैं। सुबह 8 बजे तक 156 तीर्थयात्री और करीब 200 स्थानीय श्रद्धालु लामबगड़ में पैदल चलकर ही बदरीनाथ पहुंचे।
बीस मीटर बह गया था बदरीनाथ हाईवे
रविवार को लामबगड़ में हाईवे ठप होने से 370 तीर्थयात्रियों को पांडुकेश्वर और बदरीनाथ में ही रोक दिया गया था, जबकि 133 तीर्थयात्री लामबगड़ में तीन किलोमीटर पैदल और उसके बाद वाहनों से बदरीनाथ धाम पहुंचे। शनिवार देर रात क्षेत्र में मूसलाधार बारिश शुरू होने से लामबगड़ नाले का जलस्तर बढ़ गया।
नाले में बदरीनाथ हाईवे करीब बीस मीटर तक बहने के साथ ही लामबगड़ में चट्टान से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर भी हाईवे पर आ गए। रविवार को सुबह सात बजे से मेकाफेरी कंपनी की जेसीबी मशीन और मजदूरों ने हाईवे का सुधारीकरण कार्य शुरू किया, लेकिन अपराह्न तीन बजे से पुन: बारिश शुरू होने से हाईवे खोलने का काम नहीं हो पाया।
यहां हाईवे चीन सीमा क्षेत्र को भी जोड़ता है, जिससे सेना व आईटीबीपी के जवानों को भी आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इधर, जोशीमठ के एसडीएम योगेंद्र सिंह का कहना है कि लामबगड़ नाले का सुधारीकरण कार्य लगभग पूर्ण हो गया है, लेकिन बारिश होने से हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लिए नहीं खोला जा सका है। सोमवार से हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुचारु कर ली जाएगी। 370 तीर्थयात्रियों को पांडुकेश्वर और बदरीनाथ में ही रोक लिया गया है।