श्रीनगर। विकास खंड कीर्तिनगर के प्रधान संगठन की बैठक में मनरेगा के कार्यों में आ रही समस्याओं पर चर्चा के बाद सामाजिक संगठनों से ऑडिट करवाए जाने पर आपत्ति जताई गई है। संगठन के जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानों व ग्राम पंचायतों पर जबरन थोपे जा रहे नियमों का घोर विरोध किया जाएगा। विकास खंड सभागार में प्रधान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद लखेड़ा की अध्यक्षता में प्रधानों की बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष वासुदेव भट्ट ने कहा कि सामाजिक संगठनों की ओर से ग्राम पंचायतों के सोशल ऑडिट किए जाने के आदेश का विरोध किया जाएगा। संगठन के ब्लाक अध्यक्ष रामेश्वर लखेड़ा ने कहा कि मनरेगा के तहत ब्लाक की ओर से जो कार्यादेश जारी किए जाते है, उन पर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं करवाए जाते है, जिससे ग्रामीणों को समय पर रोजगार उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। प्रधानों ने ग्राम पंचायत में मनरेगा सहित विभिन्न मदों व योजनाओं से करवाए गए निर्माण कार्यों का सोशल ऑडिट पूर्व की तरह करवाए जाने की मांग की है। बैठक में संगठन सचिव दर्शन सिंह भंडारी, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, विजय सिंह, हरि सिंह, शूरवीर सिंह, मुनेंद्र कठैत, सुंदरमणी पोखरियाल, मंगल सिंह, दीवान सिंह, बल्ला देवी, अनीता, माया देवी, असाड़ी देवी, सरोजनी व संजू देवी आदि प्रधान मौजूद थे।