{"_id":"5a41361a4f1c1b6a118ba067","slug":"151422328713-haridwar-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"महामना की कर्म भूमि पर श्रद्धा पूर्वक मनाई गई जयंती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महामना की कर्म भूमि पर श्रद्धा पूर्वक मनाई गई जयंती
Updated Mon, 25 Dec 2017 11:02 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने कहा है कि महामना के विचार आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने देश को स्वाधीनता का रास्ता दिखाया। महामना के सिद्धांतों पर चलकर ही देश आगे बढ़ सकता है।
महामना सेवा संस्थान के समारोह में दीप प्रज्ज्वलित करने के बाद प्रकाश पंत ने कहा कि स्वाधीनता आंदोलन में अनेक महात्माओं ने अपने जीवन का बलिदान किया। उन्होंने गुलामी से देश को मुक्त करने के लिए शिक्षा अभियान छेड़ा। इसके लिए उन्होंने घरबार छोड़ दिया और शैक्षणिक संस्थानों के लिए धन जुटया। देश में आज महामना की ओर से पोषित शिक्षण संस्थान देश के विकास में योगदान दे रहे हैं।
विज्ञापन
डा. स्वामी श्याम सुंदर दास शास्त्री ने कहा कि महामना के विचार सदा अमर रहेंगे। उन्होंने जो रास्ता दिखाया वह सत्य का मार्ग था। स्वामी हरिहरानंद ने महामना से जुड़े अनेक प्रसंगों पर विचार रखे। प्रो. पीएस चौहान ने महामना की यात्रा का विस्तार से वर्णन किया। मंच संचालन संस्था के महामंत्री डा. रमेश चंद्र शर्मा ने किया तथा अध्यक्षता डा. पदम प्रसाद सुवेदी ने किया।
विज्ञापन
इस अवसर मालवीय भाषण प्रतियोगिता में डीपीएस की रूपसी प्रथम, सरस्वती विद्या मंदिर की श्वेता द्वितीय तथा डीएवी के शिवम तृृतीय रहे। डीएवी की ही नंदिनी मिश्रा को प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया। आयोजन में जगदीश लाल पाहवा, सतीश जैन, धर्मेंद्र चौहान, रवि देव शास्त्री आदि ने भाग लिया।
इन्हें किया गया सम्मानित
मालवीय जयंती पर समाज सेवा के लिए जिलाधिकारी दीपक रावत को मालवीय सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही गाजियाबाद महिला संस्थान की प्राचार्य डा. उपासना जोशी, डीपीएस दौलतपुर के संस्थापक विकास गोयल, डीपीएस की प्रधानाचार्य उमा पांडेय, डा. अशोक पालीवाल, डा. ज्ञानेंद्र पांडेय को विशेष सम्मान दिया गया।
हर की पैडी पर महारुद्राभिषेक
हरकी पैडी पर महामना की जयंती पर महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। 11 विद्वान पंड़ितों ने गंगा तट पर खड़े होकर गंगा रक्षा की शपथ दिलाई। बाद में मालवीय द्वीप स्थित महामना की प्रतिमा पर सभापति कृष्ण कुमार शर्मा, अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा, महामंत्री राम कुमार मिश्रा, प्रदीप झा, श्रीकांत वशिष्ठ आदि ने माल्यार्पण किया। यहां आए तीर्थयात्रियों को जयंती का मिष्ठान्न भी वितरित किया गया। सायंकाल गंगा सभा के पदाधिकारियों तथा अतिथियों ने गंगा की आरती में भाग लिया।
ऋषिकुुल में भव्य शोभायात्रा आयोजित
ऋषिकुल विद्यापीठ में विद्यालय भवन से ऋषिकुल भवन से मालवीय चौक तक भव्य शोभायात्रा निकली गई। प्रधानाचार्य महेश चंद्र जोशी के संयोजन में अनेक अतिथियों ने चौक स्थित मालवीय प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां से शोभायात्रा पुन: विद्यापीठ के सभागार में पहुंची जहां यज्ञ का आयोजन किया। महामना के चित्र पर अनेक शिक्षकों और छात्रों ने पुष्पांजलि अर्पित की। आयोजन में जिलाधिकारी दीपक रावत ने कहा कि संस्था के उद्देश्यों को ध्यान में रखकर इसे आगे बढ़ाना होगा। विद्यापीठ को खोया गौरव वापस पाने के लिए संघर्ष करना पड़ेगा। नगर मजिस्ट्रेट मनीष कुमार ने कहा कि महामना के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय को देखना भी सौभाग्य का प्रतीक है। ऋषिकुल का विकास भी उसी तर्ज पर होना चाहिए। इस अवसर पर जिला संघ चालक कुंवर रोहिताश्व सिंह, डा. ओम प्रकाश भट्ट, बलदेव चमोली, रजनीश शर्मा आदि ने भी विचार रखे।