ऋषिकेश नगर निगम में होंगे 40 वार्ड
-- नगर निकाय ने परिसीमन पूरा कर निदेशालय को भेजी रिपोर्ट
-- वार्ड में न्यूनतम आबादी करीब 2300 और अधिकतम तीन हजार होगी
अमर उजाला ब्यूूरो
ऋषिकेश। नगर निगम की अधिसूचना जारी होने के बाद नगर निकाय प्रशासन ने निगम के लिए 40 वार्डों के परिसीमन का कार्य पूरा कर इसकी रिपोर्ट शहरी विकास निदेशालय को भेज दी है। जिसमें शहर में न्यूनतम करीब 2300 और अधिकतम तीन हजार आबादी वार्डों के लिए तय की गई है। बताया गया कि अब वार्डों को घोषित करने के लिए शासन की ओर से अधिसूचना जारी की जाएगी। शनिवार को अधिशासी अधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि ऋषिकेश नगर की कुल आबादी 72 हजार, ग्राम पंचायत ऋषिकेश और वीरपुरखुर्द की आबादी 35 हजार को मिलाकर निगम की कुल आबादी करीब एक लाख सात हजार हो गई है। बताया कि शासन के निर्देशानुसार नगर निगम के लिए 40 वॉर्ड बनाए गए हैं।
परिसीमन में निगम क्षेत्र में वार्डों में न्यूनतम आबादी करीब 2300 और अधिकतम तीन हजार निर्धारित की गई है। बताया कि तीन हजार से अधिक आबादी किसी भी वार्ड में शामिल नहीं की गई है। ईओ ने बताया कि वार्डों के परिसीमन कार्य पूरा कराकर रिपोर्ट शहरी विकास निदेशालय को भेज दी गई है। अब शासन वार्डों की अधिसूचना जारी कर आपत्तियां आमंत्रित करेगा, इसके बाद वार्डों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
शहर के कई वार्डों में हुआ फेरबदल
ऋषिकेश। नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद परिसीमन में पूर्व में नगर पालिका के समय के शहर के 20 वार्डों में काफी फेरबदल हुआ है। इनमें सर्वाधिक प्रभावित वार्ड चंद्रभागा नदी के दूसरी ओर चंद्रभागा, चंद्रेश्वरनगर आदि हुए हैं। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि शहर में नए वार्डों के परिसीमन में सभी वार्डों में लगभग फेरबदल किया गया है।
क्षेत्र में अभी से चढ़ा चुनावी खुमार
ऋषिकेश। नगर पालिका बोर्ड भंग होने के बाद से ही शहर में नगर निकाय चुनाव का खुमार निकाय के निवर्तमान जनप्रतिनिधियों पर दिखने लगा है। इसका अंदाजा सोशल मीडिया और शहर के चौक-चौराहों पर नववर्ष की शुभकामनाओं के चस्पा होर्डिंग्स से लगाया जा सकता है। इस बार चुनाव लड़ने की सपना संजोने वालों की खुशी नगर निगम बनने से दोगुनी हो गई है।