{"_id":"598dde574f1c1bc1598b46b9","slug":"150246972818-gopeshwar-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"लामबगड़ में दस घंटे तक अवरुद्घ रहा बदरीनाथ हाईवे, पिनोला में दूसरे दिन भी नहीं हो पाई बड़े वाहनों की आवाजाही","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लामबगड़ में दस घंटे तक अवरुद्घ रहा बदरीनाथ हाईवे, पिनोला में दूसरे दिन भी नहीं हो पाई बड़े वाहनों की आवाजाही
Updated Fri, 11 Aug 2017 10:11 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
जोशीमठ। बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में करीब दस घंटे तक अवरुद्ध रहा। शुक्रवार को सुबह नौ बजे बारिश थमने के बाद यहां यात्रा वाहनों की आवाजाही सुचारु हो पाई। वहीं, पिनोला में दूसरे दिन भी बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए हाईवे सुचारु नहीं हो पाया है। पिनोला में वनवे सिस्टम से छोटे वाहनों से ही बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब के तीर्थयात्री अपने गंतव्य को पहुंचे।
बृहस्पतिवार रात को करीब ग्यारह बजे लामबगड़ में भारी बारिश के दौरान चट्टान से मलबा और बोल्डर आने से हाईवे अवरुद्ध हो गया था। शुक्रवार को सुबह छह बजे मेकाफेरी कंपनी की ओर से बारिश के बीच ही हाईवे को खोलने का काम शुरू किया गया और सुबह नौ बजे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। हाईवे खुलने के बाद 482 तीर्थयात्री वाहन से और 43 तीर्थयात्री तीन किलोमीटर पैदल चलकर बदरीनाथ धाम के दर्शनों को पहुंचे। क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण लामबगड़ में हाईवे बार-बार बाधित हो रहा है, वहीं, बुधवार रात को पिनोला में बरसाती गदेरे के उफनाने से बदरीनाथ हाईवे करीब पंद्रह मीटर तक बह गया था। बृहस्पतिवार को बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) ने हिल कटिंग कर यहां छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू कराई थी। यहां शुक्रवार को भी बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई। इधर, जोशीमठ के एसडीएम योगेंद्र सिंह का कहना है कि पिनोला में हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्से में बीआरओ की ओर से पुस्ता निर्माण का कार्य किया जा रहा है। शनिवार तक पुस्ते का निर्माण कार्य पूर्ण कर यहां बड़े वाहनों की आवाजाही सुचारु करवा दी जाएगी।
विज्ञापन