{"_id":"6a9d53e09d50c7bef1084972","slug":"shoaib-akhtar-slams-pakistan-s-lack-of-fight-backs-shaheen-naseem-and-haris-in-transition-2026-09-06","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"शोएब ने दिखाया आईना!: पाकिस्तान टीम पर बरसे अख्तर, क्यों कहा- मौजूदा खिलाड़ियों में नहीं दिखी लड़ने की भावना?","category":{"title":"Cricket","title_hn":"क्रिकेट","slug":"cricket"}}
शोएब ने दिखाया आईना!: पाकिस्तान टीम पर बरसे अख्तर, क्यों कहा- मौजूदा खिलाड़ियों में नहीं दिखी लड़ने की भावना?
Sun, 06 Sep 2026 05:22 PM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कराची
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कराची
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Sun, 06 Sep 2026 05:22 PM IST
सार
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खराब प्रदर्शन के बीच पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने मौजूदा टीम में लड़ने के जज्बे की कमी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि टीम ने अपने लिए संघर्ष नहीं किया। अख्तर ने साथ ही नए खिलाड़ियों को तैयार करने की योजना पर भरोसा जताते हुए शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ को अगले चरण में बनाए रखने की उम्मीद जताई।
विज्ञापन
शोएब अख्तर, बाबर और शान मसूद
- फोटो : Twitter
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए मौजूदा दौर मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह मुश्किलों से भरा हुआ है। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद टीम को एक और मुकाबला खेलना है, लेकिन इस सीरीज में प्रदर्शन के साथ-साथ टीम से जुड़े विवादों ने भी मुश्किलें बढ़ाई हैं। सात खिलाड़ियों को वापस घर भेजे जाने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इनमें मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक और सलमान अली आगा जैसे नाम भी शामिल हैं।
विज्ञापन
इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने मौजूदा टीम के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा है कि उसमें जरूरी लड़ने की क्षमता नजर नहीं आ रही है। 51 वर्षीय अख्तर ने 'आउटसाइड एज' शो पर बात करते हुए कहा, 'इसमें हैरान होने वाली क्या बात है? क्या आपको इसकी उम्मीद नहीं थी? हमने अपने लिए लड़ाई ही नहीं लड़ी।'
विज्ञापन
इंग्लैंड के खिलाफ लगातार खराब प्रदर्शन
इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान की बल्लेबाजी बुरी तरह संघर्ष करती नजर आई है। पहले दो टेस्ट मैचों में टीम एक बार भी 200 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सकी। लॉर्ड्स टेस्ट की दूसरी पारी में पाकिस्तान का सर्वोच्च स्कोर 194 रन रहा, जिसमें सऊद शकील ने 97 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
विज्ञापन
यह खराब प्रदर्शन किसी एक सीरीज तक सीमित नहीं है। इससे पहले पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर रही थी। इसके बाद पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। लगातार खराब नतीजों के कारण टीम पर प्रदर्शन सुधारने का दबाव बढ़ता गया है।
WTC में सबसे नीचे पाकिस्तान
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में भी पाकिस्तान की स्थिति बेहद खराब है। टीम आठ मुकाबले खेल चुकी है, जिनमें उसे सिर्फ दो मैचों में जीत मिली है, जबकि बाकी मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। उसका जीत प्रतिशत 16.67 है और वह तालिका में सबसे निचले स्थान पर है।
मैदान पर लगातार संघर्ष और टीम के भीतर चल रहे बदलावों के बीच शोएब अख्तर ने भविष्य को लेकर हालांकि उम्मीद जताई है। उन्होंने बताया कि उनकी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी से बात हुई है, जिसने मौजूदा स्थिति को बेहद खराब बताया, लेकिन साथ ही भविष्य में सुधार की संभावना भी जताई है।
नए खिलाड़ियों के साथ बदलाव की तैयारी
अख्तर के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अब भविष्य को ध्यान में रखते हुए मौजूदा टीम में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा, 'योजना यह है कि मौजूदा खिलाड़ियों को हटाया जाए और उनकी जगह ऐसे नए क्रिकेटरों को लाया जाए, जो देश के लिए खेलना चाहते हैं।' उन्होंने बोर्ड की भविष्य को लेकर बनाई जा रही योजना पर भरोसा जताते हुए कहा, 'बोर्ड भविष्य को देख रहा है और वह सही दिशा में इस पर काम कर रहा है।'
हालांकि, शोएब अख्तर चाहते हैं कि तेज गेंदबाजी के मौजूदा प्रमुख चेहरों को इस बदलाव के दौर में टीम के साथ बनाए रखा जाए। उन्होंने शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ का नाम लेते हुए कहा, 'मैं चाहता हूं कि शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ बदलाव के इस अगले चरण में भी टीम के साथ बने रहें। उनमें अभी काफी क्रिकेट बाकी है।'
अख्तर ने आगे कहा, 'नई पीढ़ी के उन खिलाड़ियों से उम्मीदें हैं, जो भविष्य के लिए तैयार हो रहे हैं।' इस तरह एक तरफ जहां पाकिस्तान की मौजूदा टीम लगातार खराब नतीजों से जूझ रही है, वहीं शोएब अख्तर को उम्मीद है कि नए खिलाड़ियों को तैयार करने और मौजूदा तेज गेंदबाजों को साथ रखते हुए टीम भविष्य में वापसी कर सकती है।