धर्मशाला में बारिश ने बनाया ओमान का काम, रचने जा रही इतिहास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धर्मशाला में शुक्रवार को लगातार बारिश ने 2 मैच धो दिए। मैच धुलने से आयरलैंड को समय से पहले विदाई मिल गई तो पहली बार बड़ा टूर्नामेंट खेल रही ओमान टीम इतिहास रचने जा रही है।
इससे पहले वर्ल्ड टी-20 में बांग्लादेश और आयरलैंड के बीच क्वालीफाइंग दौर का मैच आठ ओवरों के बाद बारिश के कारण बेनतीजा घोषित कर दिया गया। बारिश से मैच धुलने से ग्रुप लेवल में मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। ग्रुप-बी से सुपर-10 में पहुंचने वाली टीम का फैसला रविवार को इस दौर के अंतिम मैच से होगा।
शुक्रवार को दूसरे मैच में पहले ही बारिश के कारण एक घंटा 45 मिनट विलंब से शुरू हुए मैच को 12-12 ओवरों का किया गया था, लेकिन जब 8 ओवरों में बांग्लादेश का स्कोर 2 विकेट पर 94 रन था तो ग्रुप-ए के इस मैच में फिर बारिश आ गई। आधे घंटे के इंतजार के बाद मैच अधिकारियों ने दोनों टीमों को एक-एक अंक देने का फैसला किया।
बांग्लादेश ओपनर तमीम इकबाल (47 रन, 26 गेंद) आठवें ओवर की अंतिम गेंद पर आउट हुए थे। उस समय सब्बीर रहमान 13 रन पर खेल रहे थे। आयरलैंड की टीम को मैच धुलने से बड़ा नुकसान हुआ।
अपने पहले ही मैच में ओमान ने कर दिया था उलटफेर
पहले मैच में हार का सामना करने वाली आयरलैंड की टीम के लिए इस मैच में जीत जरूरी थी लेकिन 2 मैचों में एक अंक के साथ वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई। पहले मैच में नीदरलैंड को हराने वाली बांग्लादेश की टीम के ग्रुप-ए में ओमान की तरह 3 अंक हैं लेकिन बांग्लादेश का रनरेट बेहतर है।
अब बांग्लादेश और ओमान के बीच रविवार को होने वाले मुकाबले में जो टीम जीतेगी वही सुपर टेन के मुख्य दौर में प्रवेश करेगी। दोनों ग्रुप से एक-एक टीम को मुख्य दौर में क्वालीफाई करना है। इससे पहले ओमान और नीदरलैंड की टीम का मुकाबला भी यहां शुक्रवार को धुल गया था। नीदरलैंड की टीम मैच धुलने से बाहर हो गई। नीदरलैंड की टीम को पहले मुकाबले में बांग्लादेश ने हराया था।
ओमान की टीम पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप में खेल रही है और उसका प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। ओमान ने एशिया कप टी-20 में सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने के बाद अपने पहले ही मैच में आयरलैंड को हराकर उलटफेर कर दिया। ओमान पहली बार आईसीसी की किसी प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में शिरकत कर रहा है और यह टीम कल बांग्लादेश को हरा देती है तो सुपर-10 में पहुंचकर रिकॉर्ड रच देगी।