Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   IPL 2027 Arshdeep Singh-Hardik Pandya Trade: Former Cricketers Question Punjab Kings Decision

आईपीएल: पंजाब के लिए हार्दिक का ट्रेड फायदे का सौदा या बड़ी गलती? दिग्गजों ने रखी राय, अर्शदीप पर भी बोले

Mon, 09 Nov 2026 03:19 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Mon, 09 Nov 2026 03:19 PM IST
सार

पूर्व भारतीय क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में संभावित ट्रेड पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हार्दिक को टीम की कप्तानी सौंपी गई तो फ्रेंचाइजी में मतभेद पैदा हो सकते हैं। वहीं, अभिनव मुकुंद ने अर्शदीप सिंह को छोड़ने के पंजाब के फैसले पर सवाल उठाए हैं। आकाश चोपड़ा का मानना है कि अर्शदीप के जाने से टीम की गेंदबाजी कमजोर होगी।

विज्ञापन
IPL 2027 Arshdeep Singh-Hardik Pandya Trade: Former Cricketers Question Punjab Kings Decision
अर्शदीप-हार्दिक - फोटो : ANI

विस्तार

आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह को लेकर ट्रेड डील की खबरें चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों फ्रेंचाइजी के बीच अदला-बदली पर सहमति बन गई है। इस डील के तहत हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स का हिस्सा बन सकते हैं, जबकि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस में शामिल होंगे। हालांकि, इस ट्रेड को अभी बीसीसीआई की मंजूरी और आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत और अभिनव मुकुंद ने इस संभावित ट्रेड पर अपनी राय रखी है। श्रीकांत ने तो यहां तक चेतावनी दी है कि अगर हार्दिक को पंजाब की कप्तानी सौंपी गई तो टीम में बिखराव हो सकता है।
विज्ञापन
Trending Videos

IPL 2027 Arshdeep Singh-Hardik Pandya Trade: Former Cricketers Question Punjab Kings Decision
हार्दिक पांड्या - फोटो : ANI
'हार्दिक को कप्तानी मिली तो बिखर जाएगी पंजाब की टीम'
पूर्व भारतीय कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत का मानना है कि हार्दिक पांड्या के आने से पंजाब किंग्स को काफी फायदा होगा, लेकिन उन्हें टीम की कप्तानी नहीं सौंपी जानी चाहिए। श्रीकांत के मुताबिक, श्रेयस अय्यर ही टीम की कमान संभालते रहेंगे। उन्होंने कहा कि रिकी पोंटिंग ने श्रेयस को कप्तान बनाने के इरादे से टीम में शामिल किया था और ऐसे में हार्दिक को कप्तानी देने की कोई गुंजाइश नहीं है।

श्रीकांत ने कहा, 'हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स का कप्तान बनने की कोई संभावना नहीं है। श्रेयस अय्यर ही टीम की अगुआई करते रहेंगे। रिकी पोंटिंग ने अय्यर को इसलिए खरीदा था, क्योंकि वह उन्हें कप्तान बनाना चाहते थे। अगर हार्दिक को पंजाब की कप्तानी मिलती है तो टीम बिखर जाएगी। इससे वैसे ही विवाद पैदा हो सकते हैं, जैसे मुंबई इंडियंस के खेमे में देखने को मिले थे।'
विज्ञापन
विज्ञापन

IPL 2027 Arshdeep Singh-Hardik Pandya Trade: Former Cricketers Question Punjab Kings Decision
सूर्यांश शेडगे - फोटो : PTI
श्रीकांत ने सूर्यांश शेडगे पर भी उठाए सवाल
श्रीकांत ने पंजाब किंग्स के युवा खिलाड़ी सूर्यांश शेडगे को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने उन्हें ऑलराउंडर मानने से इनकार किया। सूर्यांश ने आईपीएल 2026 में पंजाब के लिए सात मुकाबलों में 158 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 175.55 रहा, लेकिन उन्हें गेंदबाजी का मौका नहीं मिला। इसके बाद उन्हें आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टी20 टीम में भी खेलने का अवसर मिला था।

श्रीकांत ने कहा कि हार्दिक के आने से पंजाब के पास कई ऑलराउंडर हो जाएंगे। उनके मुताबिक, सूर्यांश को भारतीय टीम में मौका मिलने के बावजूद वह उन्हें ऑलराउंडर नहीं मानते। उन्होंने कहा कि हार्दिक के आने से पंजाब की टीम और मजबूत होगी।
विज्ञापन

IPL 2027 Arshdeep Singh-Hardik Pandya Trade: Former Cricketers Question Punjab Kings Decision
अर्शदीप सिंह - फोटो : IANS
अभिनव मुकुंद ने ट्रेड को बताया पंजाब के लिए सवालों से भरा
पूर्व भारतीय ओपनर अभिनव मुकुंद ने इस ट्रेड को मुंबई इंडियंस के लिए शानदार सौदा बताया, लेकिन पंजाब किंग्स के फैसले पर सवाल उठाए। उनका मानना है कि अर्शदीप जैसे प्रमुख गेंदबाज को छोड़ने से पंजाब की टीम का संतुलन प्रभावित हो सकता है। मुकुंद ने कहा कि पंजाब ने पिछले मेगा ऑक्शन में अर्शदीप सिंह, श्रेयस अय्यर और युजवेंद्र चहल जैसे खिलाड़ियों पर बड़ी रकम खर्च की थी। ऐसे में अब अर्शदीप को ट्रेड करने का फैसला समझ से परे है। उन्होंने हार्दिक की भूमिका और श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में उनके खेलने को लेकर भी सवाल उठाए।

मुकुंद के मुताबिक, यह देखना दिलचस्प होगा कि हार्दिक सिर्फ ऑलराउंडर के तौर पर खेलने के लिए तैयार होंगे या नहीं। साथ ही, क्या श्रेयस और हार्दिक के बीच इस भूमिका को लेकर बातचीत हुई है, यह भी अहम होगा। उन्होंने कहा कि ये सभी बातें पर्दे के पीछे तय होती हैं।

IPL 2027 Arshdeep Singh-Hardik Pandya Trade: Former Cricketers Question Punjab Kings Decision
स्टोइनिस - फोटो : IPL/BCCI
स्टोइनिस की हो सकती है छुट्टी, सूर्यांश को भी कम मौके मिलने का खतरा
मुकुंद और श्रीकांत दोनों का मानना है कि हार्दिक के पंजाब में आने से ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस की टीम से विदाई हो सकती है। श्रीकांत ने कहा कि पंजाब को स्टोइनिस की जगह किसी अन्य तेज गेंदबाज को शामिल करना पड़ सकता है। वहीं, हार्दिक की मौजूदगी से सूर्यांश शेडगे को भी पहले की तरह मौके मिलने में मुश्किल हो सकती है। मुकुंद ने भी सूर्यांश के भविष्य को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सूर्यांश फिलहाल भारत के लिए ऑलराउंडर के तौर पर अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में हार्दिक के आने से उनके खेलने के अवसर प्रभावित हो सकते हैं।

IPL 2027 Arshdeep Singh-Hardik Pandya Trade: Former Cricketers Question Punjab Kings Decision
अर्शदीप सिंह-आईपीएल ट्रॉफी-श्रेयस अय्यर - फोटो : IPL/BCCI
अर्शदीप के जाने से कमजोर होगी पंजाब की गेंदबाजी: आकाश चोपड़ा
पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने भी इस ट्रेड पर चिंता जताई है। उनका मानना है कि अर्शदीप सिंह के जाने से पंजाब किंग्स की गेंदबाजी कमजोर हो सकती है। चोपड़ा ने कहा कि पंजाब की गेंदबाजी पहले से ही टीम का कमजोर पक्ष रही है। ऐसे में अर्शदीप को जाने देने से पहले उनके विकल्प के तौर पर मजबूत गेंदबाजों की मौजूदगी सुनिश्चित करनी होगी।

उन्होंने कहा कि अगर पंजाब ने अर्शदीप को छोड़ने का फैसला कर लिया है, तो इससे टीम की गेंदबाजी की समस्या का समाधान नहीं होगा। वहीं, श्रीकांत का मानना है कि अर्शदीप के मुंबई इंडियंस में जाने से पांच बार की चैंपियन टीम को फायदा मिलेगा। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि अर्शदीप के आने के बाद मुंबई को दीपक चाहर को रिलीज करने पर विचार करना चाहिए। आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स पांचवें स्थान पर रही थी, जबकि मुंबई इंडियंस नौवें नंबर पर रही। ऐसे में दोनों टीमों के बीच संभावित ट्रेड का असर आगामी सीजन में उनके टीम संयोजन और प्रदर्शन पर देखने को मिल सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed