Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Happy Birthday Sanju Samson and Robin Uthappa: Two World Cup Winners Who Also Played for CSK

आज भारत के दो विश्व विजेता खिलाड़ियों का जन्मदिन: दोनों ओपनर और सीएसके के लिए भी खेल चुके; क्या आप जानते हैं?

Wed, 11 Nov 2026 09:42 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: स्वप्निल शशांक Updated Wed, 11 Nov 2026 09:42 AM IST
सार

11 नवंबर को भारतीय क्रिकेट के दो विश्व विजेता खिलाड़ी संजू सैमसन और रॉबिन उथप्पा अपना जन्मदिन मनाते हैं। संजू ने 2026 टी20 विश्व कप में अहम पारियां खेलीं, जबकि उथप्पा 2007 में विश्व चैंपियन भारतीय टीम का हिस्सा थे। दोनों चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए भी खेल चुके हैं।

विज्ञापन
Happy Birthday Sanju Samson and Robin Uthappa: Two World Cup Winners Who Also Played for CSK
संजू सैमसन और रॉबिन उथप्पा - फोटो : IANS

विस्तार

भारतीय क्रिकेट में कुछ खिलाड़ी ऐसे रहे हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा, आक्रामक बल्लेबाजी और संघर्ष के दम पर खास पहचान बनाई। इनमें संजू सैमसन और रॉबिन उथप्पा दो ऐसे नाम हैं, जिनका करियर भले ही अलग-अलग दौर में आगे बढ़ा, लेकिन दोनों ने भारतीय क्रिकेट को विश्व चैंपियन बनाने में योगदान दिया। खास बात यह है कि दोनों खिलाड़ियों का जन्मदिन 11 नवंबर को है और दोनों इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के लिए भी खेल चुके हैं।

विज्ञापन


संजू सैमसन 11 नवंबर 1994 को पैदा हुए थे और इस साल अपना 32वां जन्मदिन मना रहे हैं। वहीं, रॉबिन उथप्पा का जन्म 11 नवंबर 1985 को हुआ था और वह 41 साल के हो गए हैं। संजू ने 2026 टी20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि उथप्पा 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। दोनों की कहानियां संघर्ष, मौके का इंतजार और बड़े मंच पर खुद को साबित करने से जुड़ी हैं।

विज्ञापन
Trending Videos

Happy Birthday Sanju Samson and Robin Uthappa: Two World Cup Winners Who Also Played for CSK
संजू सैमसन - फोटो : PTI
संजू सैमसन: 11 साल के इंतजार के बाद विश्व विजेता बनने का सपना हुआ पूरा
संजू सैमसन का जन्म 11 नवंबर 1994 को केरल के पुल्लुविला, विझिंजम, तिरुवनंतपुरम में हुआ था। हालांकि, उनके जीवन के शुरुआती साल दिल्ली में बीते। यहीं उन्होंने क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। संजू की बल्लेबाजी और शॉट खेलने की क्षमता से उनके पिता काफी प्रभावित थे। बेटे को क्रिकेट में आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने दिल्ली छोड़कर केरल जाने का फैसला किया।

केरल में संजू ने घरेलू क्रिकेट खेलना शुरू किया। अक्टूबर 2011 में उन्होंने टी20 और नवंबर 2011 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया। घरेलू क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन के बाद राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 2013 में आईपीएल के लिए चुना। अपने पहले ही सीजन में उन्होंने 11 मैचों में 206 रन बनाए। उनकी टाइमिंग, आकर्षक शॉट और छक्के लगाने की क्षमता ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का उभरता सितारा बना दिया।

सैमसन को 2015 में जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह मिली। उन्होंने 19 जुलाई 2015 को जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया। हालांकि, इसके बाद उनका करियर उतार-चढ़ाव से भरा रहा। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें भारतीय टीम में नियमित मौके नहीं मिले। कई बार टीम में जगह मिली, लेकिन वह अपनी स्थिति मजबूत नहीं कर सके।

विज्ञापन

Happy Birthday Sanju Samson and Robin Uthappa: Two World Cup Winners Who Also Played for CSK
सैमसन - फोटो : IANS/ANI
टी20 विश्व कप 2026 में संजू ने बदल दी अपनी कहानी
सूर्यकुमार यादव के टी20 टीम की कप्तानी संभालने के बाद संजू को लगातार मौके मिलने लगे। उन्होंने ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाली और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाकर अपनी क्षमता साबित की। हालांकि, निरंतरता की कमी के कारण उन्हें एक बार फिर टीम में जगह गंवानी पड़ी। टी20 विश्व कप 2026 में भी शुरुआती मुकाबलों में संजू को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। लेकिन टूर्नामेंट के आखिरी चार मैचों में खेलने का मौका मिलने पर उन्होंने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने उनके करियर की दिशा बदल दी।

वेस्टइंडीज के खिलाफ क्वार्टर फाइनल जैसे मुकाबले में उन्होंने नाबाद 97 रन बनाए। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन की पारी खेली। फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी संजू ने 89 रन बनाकर भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी मिला। इन तीन पारियों ने संजू को वह पहचान दिलाई, जिसके लिए वह लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।

पिछले 11 वर्षों में भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए संघर्ष करने वाले संजू ने विश्व कप के सबसे बड़े मुकाबलों में अपनी उपयोगिता साबित की। वनडे में संजू के नाम एक शतक और तीन अर्धशतक हैं, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने तीन शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं। आईपीएल में उनके नाम पांच शतक और 27 अर्धशतक दर्ज हैं। आईपीएल 2026 में वह चेन्नई सुपरकिंग्स से जुड़े थे।
विज्ञापन

Happy Birthday Sanju Samson and Robin Uthappa: Two World Cup Winners Who Also Played for CSK
रॉबिन उथप्पा - फोटो : ANI
रॉबिन उथप्पा: आक्रामक बल्लेबाजी से बनाई पहचान, 2007 में बने विश्व चैंपियन
रॉबिन उथप्पा का जन्म 11 नवंबर 1985 को कर्नाटक में हुआ था। उनका पूरा नाम रॉबिन वेणु उथप्पा है। उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और मैदान पर बेखौफ अंदाज से अलग पहचान बनाई। 2005 में चैलेंजर ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन ने उन्हें चयनकर्ताओं की नजरों में ला दिया। उन्होंने जहीर खान, मुरली कार्तिक और आरपी सिंह जैसे गेंदबाजों के सामने 66 रन की पारी खेली। इसके बाद इंडिया-बी की ओर से खेलते हुए 93 गेंदों में शतक जड़कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उथप्पा को 2006 में इंग्लैंड के खिलाफ इंदौर वनडे में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका मिला। उन्होंने अपने पहले ही मुकाबले में 86 रन की शानदार पारी खेली। इस प्रदर्शन के बाद वह भारतीय क्रिकेट में तेजी से लोकप्रिय हुए।

Happy Birthday Sanju Samson and Robin Uthappa: Two World Cup Winners Who Also Played for CSK
रॉबिन उथप्पा - फोटो : PTI
धोनी की कप्तानी में जीता टी20 विश्व कप
2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम में उथप्पा भी शामिल थे। यह भारतीय क्रिकेट के इतिहास की यादगार उपलब्धियों में से एक थी। हालांकि, विश्व कप के बाद उनका अंतरराष्ट्रीय करियर उम्मीद के मुताबिक आगे नहीं बढ़ सका। 2008 में खराब औसत के कारण उन्हें भारतीय टीम से बाहर होना पड़ा। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और घरेलू क्रिकेट तथा आईपीएल में लगातार मेहनत की। 2009 और 2010 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। इसके बाद पुणे वॉरियर्स इंडिया की तरफ से भी खेले।

2013-14 में उथप्पा ने कर्नाटक को रणजी ट्रॉफी, ईरानी कप और विजय हजारे ट्रॉफी जिताने में अहम योगदान दिया। आईपीएल 2014 उनके करियर का सबसे शानदार सीजन रहा। कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से खेलते हुए उन्होंने 16 मैचों में 660 रन बनाए और टीम को खिताब जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय वनडे टीम में वापसी का मौका मिला। हालांकि, 2014 में बांग्लादेश दौरे पर अर्धशतक लगाने के बाद वह अगले सात मुकाबलों में प्रभाव नहीं छोड़ सके। इसके बाद भारतीय टीम में उनकी जगह पक्की नहीं हो सकी। 2015 में उनका अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त हो गया, लेकिन आईपीएल में वह 2022 तक सक्रिय रहे।

Happy Birthday Sanju Samson and Robin Uthappa: Two World Cup Winners Who Also Played for CSK
रॉबिन उथप्पा - फोटो : ANI
चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ भी जीता आईपीएल खिताब
उथप्पा ने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पुणे वॉरियर्स इंडिया, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स का प्रतिनिधित्व किया। वह 2021 में चेन्नई सुपरकिंग्स की खिताबी टीम का हिस्सा भी रहे। भारत के लिए उन्होंने 46 वनडे में 934 रन और 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 249 रन बनाए। आईपीएल के 205 मैचों में उनके नाम 4952 रन हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने 9446 रन बनाए।

दोनों खिलाड़ियों में क्या है खास समानता?
संजू सैमसन और रॉबिन उथप्पा के करियर में कई समानताएं हैं। दोनों विकेटकीपर बल्लेबाज रहे हैं और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं। दोनों ने भारतीय टीम के लिए विश्व कप जीता और आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स की जर्सी भी पहनी। हालांकि, दोनों के विश्व कप जीतने का दौर अलग-अलग रहा। उथप्पा ने 2007 में भारत की पहली टी20 विश्व कप जीत का हिस्सा बनकर इतिहास रचा था, जबकि संजू ने 2026 में खिताबी जीत के निर्णायक मुकाबलों में शानदार पारियां खेलीं। दोनों की कहानी यह भी बताती है कि क्रिकेट में प्रतिभा के साथ धैर्य और सही मौके का इंतजार कितना महत्वपूर्ण होता है। एक ने अपने करियर के शुरुआती दौर में विश्व कप जीता, तो दूसरे ने लंबे इंतजार के बाद विश्व कप के सबसे बड़े मंच पर अपनी छाप छोड़ी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed