WTC Final 2021: खिताब जीतकर मालामाल हुई कीवी टीम, चैंपियनशिप गदा के साथ मिले करोड़ों रुपये
न्यूजीलैंड को टेस्ट चैंपियनशिप गदा के साथ 16 लाख डॉलर (लगभग 11.72 करोड़ रुपए) की पुरस्कार राशि मिली। वहीं, उपविजेता टीम भारत को 5.86 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी गई।
विस्तार
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का खिताब जीतकर न्यूजीलैंड की टीम मालामाल हो गई। कीवी टीम को टेस्ट चैंपियनशिप गदा के साथ 16 लाख डॉलर (लगभग 11.72 करोड़ रुपए) की पुरस्कार राशि मिली। वहीं, उपविजेता टीम यानी भारत को 5.86 करोड़ रुपये मिले। टेस्ट चैंपियनशिप रेस में तीसरे स्थान पर रहने वाली ऑस्ट्रेलिया को 4.5 लाख डॉलर (करीब 3.29 करोड़ रुपए) दिए गए। चौथे स्थान पर रहने वाले इंग्लैंड को 3.5 लाख डॉलर (करीब 2.56 करोड़ रुपए) मिले। बता दें कि वर्षाबाधित इस खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को आठ विकेट से हरा दिया। छठे दिन (रिजर्व-डे) भारत की दूसरी पारी 170 रन पर सिमट गई और न्यूजीलैंड को जीत के लिए 139 रन का आसान लक्ष्य मिला था, जिसे कीवी टीम ने दो विकेट खोकर 140 बनाते हुए हासिल कर लिया।
🙌 CHAMPIONS 🙌#WTC21 Final | #INDvNZ pic.twitter.com/MnqoZ6XzKy
— ICC (@ICC) June 23, 2021विज्ञापन
न्यूजीलैंड ने ऐसे तय किया था फाइनल तक का सफर
- श्रीलंका के साथ उसके घर पर 1-1 से ड्रॉ
- ऑस्ट्रेलिया से उसकी जमीन पर 0-3 से हारे
- भारत को घरेलू सीरीज में 2-0 से मात दी
- विंडीज को घरेलू मैदान पर 2-0 से हराया
- पाकिस्तान को अपनी सरजमीं पर 2-0 से पीटा
- बांग्लादेश के साथ दो मैचों की सीरीज रद्द
जानें किसको कितनी मिली इनामी राशि
- विजेता : 11.72 करोड़ रुपये (साथ में चैंपियनशिप गदा)
- उपविजेता : 5.86 करोड़ रुपये
- तीसरा स्थान : 3.3 करोड़ रुपये
- चौथा स्थान : 2.5 करोड़ रुपये
- पांचवां स्थान : 1.46 करोड़ रुपये (जबकि बाकी बची चारों टीमों को लगभग 73 लाख रुपये दिए जाएंगे)
ऐसा था विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का प्रारूप 1 अगस्त 2019-22 जून 2021
दो वर्ष के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 12 सदस्य देशों की शीर्ष नौ टीमों के बीच मुकाबले होंगे। हर सीरीज में 120 अंक आबंटित किए गए। हर टीम को शेष आठ में से छह अन्य टीमों के साथ खेलना था, जिसमें तीन मैच घरेलू मैदान और इतने ही मैच प्रतिद्वंद्वी के मैदान पर खेलने थे। शीर्ष दो टीमें फाइनल में पहुंची थी। बेशक नौ टीमों ने मैच बराबर न खेले हो लेकिन सीरीज बराबर संख्या में खेलनी थी। कोरोना महामारी के कारण कई सीरीज स्थगित हो गईं। ऐसे में आईसीसी ने जीत प्रतिशत निकाला था।