टीम इंडिया को लगा करारा झटका, अफगानिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट से बाहर हुआ स्टार खिलाड़ी
अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा बाहर हो गए हैं। टीम इंडिया और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बीच यह मुकाबला 14 जून से चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है।
बता दें कि आईपीएल के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए ऋद्धिमान साहा के अंगूठे में चोट आ गई थी। इस वजह से चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ रविवार को खेले गए फाइनल मैच में भी उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी।
ऋद्धिमान साहा की इस चोट के बारे में सनराइजर्स हैदराबाद की फ्रैंचाइजी ने बीसीसीआई को फाइनल से एक दिन पहले ही जानकारी दी थी। बताया जा रहा है कि डॉक्टर्स ने साहा को करीब छह हफ्ते तक मैदान से दूर रहने की सलाह दी है। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले टेस्ट मैच और इंग्लैंड दौरे पर होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में साहा का खेलना मुश्किल माना जा रहा है।
बता दें कि इंग्लैंड दौर पर टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 1 अगस्त से बर्मिंघम में खेला जाना है। इससे पहले बीसीसीआई के सूत्रों से मिली जनाकारी में पता चला था कि कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज शिवम मावी की गेंद का सामना करते हुए साहा के अंगूठे में चोट आ गई थी। अब अगर 5-6 हफ्तों में साहा की चोट रिकवर हो जाती है तो वह इंग्लैंड दौर पर खेल सकेंगे।