CWG 2022: कॉमनवेल्थ गेम्स में पहली बार खेली जाएगी महिला टी-20 प्रतियोगिता, तारीखों का एलान
आठ टीमों की प्रतियोगिता के ग्रुप चरण के मुकाबले चार अगस्त तक होंगे जबकि सेमीफाइनल छह अगस्त को खेले जाएंगे। कांस्य पदक का मुकाबला सात अगस्त को होगा जबकि इसी दिन खिताबी मुकाबला भी खेला जाएगा।
विस्तार
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की महिला टी-20 प्रतियोगिता का आयोजन एजबस्टन स्टेडियम में 29 जुलाई से सात अगस्त तक किया जाएगा। मंगलवार को आयोजकों ने इसकी घोषणा की। महिला टी-20 प्रतियोगिता राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार खेली जाएगी।
आठ टीमों की प्रतियोगिता के ग्रुप चरण के मुकाबले चार अगस्त तक होंगे जबकि सेमीफाइनल छह अगस्त को खेले जाएंगे। कांस्य पदक का मुकाबला सात अगस्त को होगा जबकि इसी दिन खिताबी मुकाबला भी खेला जाएगा। खेलों की आधिकारिक वेबसाइट पर कहा गया, 'तैराकी और गोताखोरी के 11 दिन, क्रिकेट के आठ दिन, जिम्नास्टिक के आठ दिन और मैराथन सहित एथलेटिक्स के सात दिन, 2022 की गर्मियों में शानदार खेल होंगे।'
यह सिर्फ दूसरा मौका होगा जब क्रिकेट को इन खेलों में जगह दी जाएगी। इससे पहले 1998 में कुआलालंपुर में हुए खेलों में पुरुषों के 50 ओवर के टूर्नामेंट को जगह दी गई थी। एक अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की रैंकिंग की शीर्ष छह टीमों के अलावा मेजबान इंग्लैंड को टूर्नामेंट में सीधे प्रवेश मिलेगा। आईसीसी नवंबर में ही इसकी घोषणा कर चुका है।
भारतीय महिला टीम अभी आईसीसी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बाद दूसरे स्थान पर चल रही है। राष्ट्रमंडल खेल 2022 में 19 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी और पुरुषों की तुलना में महिलाओं की स्पर्धाओं में अधिक पदक दांव पर लगे होंगे जो इन खेलों के इतिहास में पहली बार होगा।