श्रीलंकाई कप्तान परेरा बोले- इस विकेट पर खेलना संभव नहीं था, हमने ऐसी उम्मीद नहीं की थी
जीत के बाद श्रीलंका के कप्तान थिसारा परेरा ने कहा, 'सबसे पहले मैं अपने गेंदबाजों को जीत का 200 प्रतिशत श्रेय देना चाहूंगा। उन्होंने अनुशासन से गेंदबाजी की और सटीक लाइन व लेंथ पर गेंदें फेंकी। इस पिच पर खेलना आसान नहीं था।'
'हमने इसकी उम्मीद नहीं की थी। हमें उम्मीद थी कि 250 या 260 रन के लक्ष्य का पीछा करना होगा, लेकिन सुरंगा और एंजेलो ने शानदार गेंदबाजी की। लकमल हमारे प्रमुख तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने टेस्ट सीरीज में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था। यह भी कहना चाहूंगा कि उपुल थरंगा ने शानदार शुरुआत दिलाई और वो हमारे सर्वश्रेष्ठ ओपनर्स में से एक हैं।'
यह हमारे लिए बड़ा अच्छा पल है: एंजेलो मैथ्यूज
मैन ऑफ द मैच सुरंगा लकमल ने कहा, 'पिछले कुछ वर्षों में मेरे प्रदर्शन में काफी सुधार हुआ है। कोचिंग स्टाफ को श्रेय देना चाहूंगा, जिन्होंने मेरे साथ कड़ी मेहनत की। मेरी फिटनेस, कड़ी मेहनत, स्वास्थ्य सभी ने साथ दिया और इसका फायदा मिला।'
एंजेलो मैथ्यूज ने कहा, 'यह हमारे लिए बड़ा अच्छा पल है। पिछले कुछ महीने हमारे लिए अच्छे नहीं रहे, लेकिन हमने विश्वास नहीं खोया और कड़ी मेहनत की। अभी दो मुकाबले शेष हैं, इसलिए हम आराम नहीं कर सकते। सुरंगा लकमल ने शानदार गेंदबाजी करके प्लेटफॉर्म सेट किया और फिर अन्य गेंदबाजों ने बखूबी साथ दिया।'
मैथ्यूज ने साथ ही कहा कि हमने कभी नहीं सोचा था कि इस अंदाज में मैच का रुख पलटेंगे। हमें पता था कि पिच पर नमी है और उसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश की। अपने गेंदबाजी करने के बारे में बात करते हुए मैथ्यूज ने कहा, 'छोटे प्रारूप में गेंदबाजी करता हूं। टेस्ट में नहीं करता क्योंकि फिट रहना है और टीम प्रबंधन समझता है। मुझे छोटे प्रारूप में गेंदबाजी करने की खुशी है।'