सीने पर लगी गेंद ने टीम इंडिया को दिलाया अमला का विकेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोहाली टेस्ट मैच के दूसरे दिन के शुरुआती घंटे में दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों कप्तान हाशिम अमला और डीन एल्गर ने बेहद संयम के साथ शुरुआत कर भारत को सफलता के लिए लंबा इंतजार कराया लेकिन इसके बाद जो कुछ हुआ वो बेहद दिलचस्प रहा। साथ ही इस दिलचस्प वाकए ने दोनों टीमों को फायदा भी पहुंचाया।
ये अलग बात है कि दूसरे दिन की शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों को सफलता पाने के लिए खासा संघर्ष करना पड़ा लेकिन कई बार उन्होंने अफ्रीकी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। खासकर आर अश्विन और रवींद्र जडेजा ने। गेंदबाजों ने कई बड़े अपील भी किए लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
टीम इंडिया के लिए सफलता की शुरुआत दिन के 18वें ओवर से हुई जब नंबर वन गेंदबाज आर अश्विन ने ओपनर डीन एल्गर को एक चतुराईभरी गेंद डालकर न सिर्फ उन्हें चौंकाया बल्कि खेलने के लिए मजबूर भी कर लिया। गेंद ने बल्ले का ऊपरी किनारा लिया और बैकवर्ड दिशा में चली गई जहां मौजूद रविंद्र जडेजा ने बेहद आसानी से लपक लिया। इस सफलता के बाद फिरकी गेंदबाजों ने और कसी हुई गेंदबाजी शुरू कर दी। इस बीच दो दिलचस्प वाकये ऐसे हुए जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
हाथ आया डीविलियर्स का विकेट, सिर्फ 2 मिनट में छटक गया
मोहाली टेस्ट के दूसरे दिन दक्षिण अफ्रीकी पारी के 45वें ओवर में रविंद्र जडेजा ने शानदार गेंद पर विस्फोटक बल्लेबाज एबी डीविलियर्स का विकेट झटक लिया। भारत के लिए मैच में यह चौथी सफलता थी। डीविलियर्स का सस्ते में आउट होना भारत के लिए बड़ी बात थी क्योंकि उन्होंने टी-20 और वनडे सीरीज में शानदार बल्लेबाजी कर मेजबान टीम से जीत झटक ली थी। साथ ही डीविलियर्स भारत में खूब रन बनाते रहे हैं।
टेस्ट में जीत के इरादे से उतरी टीम इंडिया के लिए किसी भी मैच का कभी भी रुख बदलने वाले डीविलियर्स का सस्ते में आउट होना बड़ी सफलता थी लेकिन भारतीय खिलाड़ियों की खुशी महज 2 मिनट ही कायम रह सकी क्योंकि जडेजा की गेंद पर विराट कोहली के हाथों कैच आउट होने के बाद डीविलियर्स मैदान से बाहर जा चुके थे लेकिन अंपायर ने उन्हें रोक लिया और फैसला थर्ड अंपायर के पास भेज दिया।
टीवी रिप्ले में जडेजा का पैर लाइन से आगे जाता दिख रहा था। लेकिन थर्ड अंपायर के लिए कोई फैसला लेना आसान नहीं था क्योंकि एक छोर से वह सही दिख रहे थे तो दूसरे छोर से वह गलत। कई बार टीवी रिप्ले देखने के बाद थर्ड अंपायर ने गेंद को नो बॉल करार दिया और बल्लेबाज डीविलियर्स को वापस बुला लिया। अंपायर के नो बॉल दिए जाने से जडेजा खुद पर बेहद खफा दिखे और अपनी भड़ास अगली ही गेंद पर डीविलियर्स की ओर अनावश्यक थ्रो कर निकाली। हालांकि बल्लेबाज ने कुछ रिएक्शन नहीं किया। डीविलियर्स उस समय 20 गेंद पर 7 रन बनाकर खेल रहे थे।
सीने पर लगी गेंद ने दिलाया अमला का खास विकेट
विस्फोटक बल्लेबाज एबी डीविलियर्स का विकेट हासिल करने का मौका गंवाने से भारतीय खेमे में निराशा का माहौल था लेकिन अगले ही ओवर में उसे बड़ी सफलता हासिल कर ली। अगला ओवर आर अश्विन डाल रहे थे और उनके सामने कप्तान हाशिम अमला थे। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद अमला को डाली और यह गेंद पिच पर पड़ते ही बाउंस लेने लगी जिससे बचने के लिए अमला आगे बढ़ गए लेकिन गेंद उछाल लेते हुए विकेटकीपर रिदिमान साहा के सीने पर जा टकराई।
साहा के सीने पर गेंद टकराने के बाद वह सीधे विकेट पर गिर गई और स्पंप्स को बिखेर दिया। इस गेंद ने इतनी उछाल ले ली थी कि वह विकेटकीपर के हाथों में किसी भी सूरत में नहीं आ सकती थी। इस बीच बल्लेबाज अमला अपने क्रीज के अंदर लौट नहीं सके थे और वह आउट हो गए। वह 97 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हुए।
अमला का विकेट लेने के बाद अश्विन ने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर नए बल्लेबाज डीन विलास (1) को कैच आउट करा दिया। इस तरह से भारत ने डीविलियर्स के विकेट का नुकसान झेलने के बाद 9 गेंदों के अंदर 2 विकेट झटक लिए।