टीम इंडिया को सितंबर से दिसंबर के बीच खेलना है 23 इंटरनेशनल मैच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विराट कोहली के नेतृत्व वाली भारतीय टीम को इस साल सितंबर से दिसंबर के बीच काफी क्रिकेट खेलना है। टीम इंडिया इन चार महीनों के बीच 23 इंटरनेशनल मैच खेलेगी, जिसमें दो नए इंटरनेशनल मैदानों पर खेलना तय है। टीम इंडिया इस दौरान ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ सीरीज खेलेगी। कोलकाता में संपन्न भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की तकनीकी समिति की बैठक से पहले यह अहम खुलासा हुआ।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि टीम इंडिया अपने घर में 23 इंटरनेशनल मैच खेलेगी, जिसमें 3 टेस्ट, 11 वन-डे और 9 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच शामिल होंगे। सभी मैचों के लिए स्थानों का चयन कर लिया गया है। बरसापरा क्रिकेट स्टेडियम (असम) और ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम, त्रिवेंद्रम (केरल) में दो टेस्ट मैचों का आयोजन भी हो सकता है, जिसके लिए आईसीसी ने मंजूरी दे दी है।
बीसीसीआई ने बताया कि भारतीय टीम 17 सितंबर- 11अक्टूबर के बीच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 वन-डे और 3 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलेगी। इसके बाद टीम इंडिया 22 अक्टूबर से 7 नवंबर के बीच न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वन-डे सीरीज और इतने ही टी20 सीरीज भी खेलेगी।
श्रीलंका के खिलाफ सीरीज खेलकर टीम इंडिया करेगी साल का अंत
भारत का घरेलू सीजन दिसंबर में श्रीलंका की सीरीज के बाद खत्म होगा। भारतीय टीम 15 नवंबर से 24 दिसंबर के बीच श्रीलंका के खिलाफ 3 वनडे, 3 टेस्ट और 3 टी20 मुकाबले खेलेगी। इसके अलावा दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम को भारत-न्यूजीलैंड के बीच एक टी20 मैच और भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज के एक टेस्ट मैच की मेजबानी मिली है। लंबे घरेलू सीजन के बाद टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना हो जाएगी।
आपको बता दें कि फिलहाल भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर है, श्रीलंका में टीम इंडिया को 3 टेस्ट, 5 वनडे और 1 टी20I मैच खेलना है। टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो चुकी है और पहले टेस्ट में भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
टीम इंडिया का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा
ऑस्ट्रेलिया का भारत दौरा - 5 वन-डे, 3 टी20, 17 सितंबर से 11 अक्टूबर। भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए वनडे मैचों की मेजबानी चेन्नई, बेंगलुरु, नागपुर, इंदौर और कोलकाता को मिली है जबकि टी20 मैचों की मेजबानी हैदराबाद, रांची और गुवाहाटी को मिली है।
न्यूजीलैंड का भारत दौरा - 3 वन-डे, 3 टी20, 22 अक्टूबर से 7 नवंबर। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम अपने 3 वन-डे मैच पुणे, मुंबई और कानपुर में खेलेगी। वहीं 3 टी20 मैच दिल्ली, कटक और राजकोट में खेलेगी।
श्रीलंका का भारत दौरा - 3 टेस्ट, 3 वन-डे, 3 टी-20, 15 नवंबर से 24 दिसंबर। भारतीय टीम श्रीलंका से 3 मैचों की टेस्ट सीरीज कोलकाता, नागपुर और दिल्ली में खेलेगी। इसके अलावा कोच्ची, इंदौर और मुंबई में 3 टी20 मैच खेलेगी।