Syed Mushtaq Ali Trophy: पंजाब का बड़ौदा पर पलड़ा भारी, राजस्थान को चाहर बंधुओं से उम्मीद
- पांच साल बाद पंजाब की निगाह फिर फाइनल पर
- तमिलनाडु बनाम राजस्थान : दोपहर 12.00 बजे से
- पंजाब बनाम बड़ौदा : शाम 7.00 बजे से
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पंजाब और बड़ौदा के मुकाबले में गेंदबाज सिद्धार्थ कौल और संदीप शर्मा की चुनौती बड़ौदा के फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज विष्णु सोलंकी के लिए आसान नहीं होगी। सोलंकी ने हरियाणा के खिलाफ रोमांचक क्वार्टर फाइनल में आखिरी गेंद पर शानदार हेलिकॉप्टर शॉट लगाकर सभी का दिल जीता था। कौल, संदीप और अर्शदीप ने लेग स्पिनर मयंक मार्कंडेय ने शानदार प्रदर्शन किया है और उनकी इकॉनोमी रेट भी सात रन से कम है।
बड़ौदा की टीम चाहेगी कि उनके तेज गेंदबाज लुकमान मेरिवाला और अतीत शेठ पंजाब के शीर्ष क्रम को सस्ते में आउट कर दें और बाएं हाथ के स्पिनर भार्गव भट, निनाद राठवा और ऑफ स्पिनर कार्तिक काकड़े भी प्रभावशाली प्रदर्शन करें। वहीं बल्लेबाजी में केदार देवधर और सोलंकी पर दारोमदार होगा। इन दोनों बल्लेबाजों ने टूर्नामेंट में पहले भी अच्छा प्रदर्शन किया है।
पहले खिताब की तलाश :
इस टी-20 टूर्नामेंट में पंजाब की टीम 2006-07 से पांचवीं बार फाइनल में पहुंची है। पिछली बार उसने 2014-15 में खिताब के लिए दस्तक दी थी। तब उसे गुजरात के खिलाफ दो विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। टीम लगभग पांच साल 10 महीने के अंतराल के बाद पहला सेमीफाइनल खेल रही है।
- 06 : मैचों से लगातार जीत रही है पंजाब की टीम टी-20 टूर्नामेंट में
- 13 : विकेट ले चुके हैं अभी तक पंजाब के गेंदबाज सिद्धार्थ कौल
राजस्थान को चाहर बंधुओं से उम्मीद
शानदार फॉर्म में चल रहे शाहरुख खान और अनुभवी चाहर बंधुओं की टक्कर पर सभी की नजरें होंगी जब तमिलनाडु का सामना राजस्थान से होगा। आईपीएल के लिए नीलामी 18 फरवरी को होनी है जिससे पहले दोनों टीमों के खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से फ्रैंचाइजियों का ध्यान खींचना चाहेंगे।
राजस्थान के पास महिपाल लोमरोर (170 रन) जैसा युवा टी-20 विशेषज्ञ बल्लेबाज है जबकि दीपक और राहुल चाहर के साथ गेंदबाजी में रवि बिश्नोई, खलील अहमद और अनिकेत चौधरी हैं। राहुल चाहर ने 11 विकेट लिए हैं जबकि अंकित लांबा ने 198 रन बनाए हैं।
तमिलनाडु के लिए एन जगदीशन 322 रन बना चुके हैं। कप्तान दिनेश कार्तिक अभी तक अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके हैं और तमिलनाडु को बड़े मैच में उनसे काफी उम्मीदें होंगी। सी हरि निशांत, बाबा अपराजित और केबी अरुण कार्तिक भी अच्छी पारियां खेलना चाहेंगे। गेंदबाजी में लेग स्पिनर मुरुगन अश्विन और बाएं हाथ के स्पिनर आर साइ किशोर से काफी उम्मीदें थी जबकि बाबा अपराजित ने भी प्रभावित किया।