{"_id":"0399168d9333c2a0836d3b37a4ffb171","slug":"srinivasan-caused-for-huse-loss-to-bcci-says-modi","type":"story","status":"publish","title_hn":"'श्रीनिवासन ने BCCI को लगाया अरबों का चूना'","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
'श्रीनिवासन ने BCCI को लगाया अरबों का चूना'
अमर उजाला, दिल्ली
Updated Tue, 17 Sep 2013 06:09 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने बीसीसीआई के स्वनिर्वासित अध्यक्ष एन श्रीनिवासन पर अरबों रुपए के नुकसान का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
ललित मोदी ने श्रीनिवासन पर आरोप लगाया है कि उनकी कारगुजारियों से बोर्ड को 39 अरब 68 करोड़ 27 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
मोदी ने ट्विटर पर श्रीनिवासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि बोर्ड अध्यक्ष ने 2009 में आईपीएल के दूसरे संस्करण में चतुराई के साथ अपनी कारगुजारियों को छिपाया था।
विज्ञापन
अपने आरोपों को साबित करने के लिए उन्होंने कुछ दस्तावेज भी सार्वजनिक किए हैं।
दस्तावेजों के मुताबिक श्रीनिवासन ने बीसीसीआई की अनुमति के बिना क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) को बैंक खाता खोलने को कहा और इसके लिए 30 मार्च 2009 को बाकायदा एक समझौता भी किया।
विज्ञापन
देश में आम चुनावों के कारण आईपीएल-2 का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में किया गया था। इस समझौते की शर्त यह थी कि इस खाते का संचालन सीएसए टूर्नामेंट संचालित करने के लिए करेगा।
इसका इस्तेमाल तो बीसीसीआई के खाते की तरह किया जाएगा लेकिन छद्म रूप से यह सीएसए का खाता रहेगा।
मोदी ने आरोप लगाया कि श्रीनिवासन ने फिर इस बारे में एक पत्र लिखकर आईपीएल टीमों को जानकारी दी थी कि सीएसए बीसीसीआई की तरफ से भुगतान करेगा और टूर्नामेंट के बाद सीएसए को पूरी तरह टूर्नामेंट के खर्च का भुगतान कर दिया जाएगा।
पत्र में कहा गया था कि खाते पर बीसीसीआई की नजर रहेगी और श्रीनिवासन की मंजूरी के बाद ही भुगतान किया जाएगा। सभी बिलों को मंजूरी के लिए श्रीनिवासन के पास भेजा जाना था।
दस्तावेज के मुताबिक प्रवर्तन निदेशालय ने पाया कि बीसीसीआई ने सीएसए को पैसे का भुगतान करते समय भारतीय रिजर्व बैंक से पूर्व मंजूरी नहीं ली थी जो कि विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) का उल्लंघन है।
बीसीसीआई पर आरबीआई की जानकारी के बिना 1079 करोड़ रुपए के लेनदेन का आरोप है और अगर इसकी पुष्टि हो जाती है तो बोर्ड को जुर्माने के तौर पर इसकी तीन गुना रकम चुकानी पडे़गी।
मोदी ने कहा कि श्रीनिवासन की कारगुजारियों से कोच्चि टस्कर्स और सहारा पुणे वॉरियर्स को बर्खास्त कर दिया गया और बीसीसीआई की बैंक गारंटी के तौर पर 63.3 करोड़ डालर यानी करीब 39 अरब 68 करोड़ 27 लाख रुपए का नुकसान हुआ।