{"_id":"6317935ae751211507094a06","slug":"sri-lanka-defeat-india-by-6-wickets-in-asia-cup-2022-match-rohit-sharma-arshdeep-singh-at-dubai-stadium","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"IND vs SL: रोहित की कप्तानी में पहली बार एक सीरीज में लगातार दो टी-20 हारा भारत, टीम एशिया कप से लगभग बाहर","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
IND vs SL: रोहित की कप्तानी में पहली बार एक सीरीज में लगातार दो टी-20 हारा भारत, टीम एशिया कप से लगभग बाहर
Wed, 07 Sep 2022 12:07 AM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Wed, 07 Sep 2022 12:07 AM IST
सार
India vs Sri Lanka (IND vs SL) T20 Asia Cup 2022 : श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 173 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने 19.5 ओवर में 174 रन बनाकर मैच जीत लिया। सुपर-4 राउंड में यह टीम इंडिया की लगातार दूसरी हार है। भारतीय टीम एशिया कप से बाहर होने के कगार पर है।
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एशिया कप के सुपर फोर राउंड में श्रीलंका ने भारत को छह विकेट से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 173 रन बनाए थे। रोहित शर्मा ने 72 रन की पारी खेली। जवाब में श्रीलंका ने 19.5 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस हार के साथ भारतीय टीम पर एशिया कप से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है।
विज्ञापन
भारतीय टीम सुपर फोर राउंड में लगातार दो मैच हार चुकी है। श्रीलंका से पहले पाकिस्तान ने भारत को पांच विकेट से हराया था। रोहित शर्मा की कप्तानी में पहली बार टीम इंडिया किसी एक सीरीज में लगातार दो मैच हारी है। भारत का भाग्य अब दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर होगा। वहीं, श्रीलंका की टीम ने फाइनल के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया है। उसने लगातार दो मैच जीते हैं। भारत से पहले श्रीलंका ने सुपर-4 में अफगानिस्तान को हराया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
सुपर फोर के प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो श्रीलंका दो जीत के साथ अब टॉप पर है। वहीं, पाकिस्तान एक जीत के साथ दूसरे नंबर पर है। दोनों का नेट रन रेट पॉजिटिव है। वहीं, भारत निगेटिव रन रेट के साथ और दो हार के साथ तीसरे स्थान पर है। अफगानिस्तान चौथे स्थान पर है। भारतीय टीम के पास अब भी फाइनल में पहुंचने का मौका है। हालांकि, उसके लिए बुधवार को पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच होने वाला मैच अहम होगा। पाकिस्तान की टीम अगर कल जीती तो भारत और अफगानिस्तान दोनों एशिया कप से बाहर हो जाएंगे।
भारत की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। दूसरे ओवर में 11 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। केएल राहुल फिर फ्लॉप रहे। वह सात गेंदों में छह रन बनाकर महेश तीक्ष्णा की गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट हुए। राहुल ने अब तक इस टूर्नामेंट में खराब बल्लेबाजी की है। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में राहुल खाता भी नहीं खोल सके थे। वहीं, हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ दूसरे मैच में 39 गेंदों में 36 रन बना सके थे। पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे मैच में राहुल 20 गेंदों में 28 रन बना सके थे।
भारत को तीसरे ओवर में 13 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। दिलशान मदुशंका ने विराट कोहली को क्लीन बोल्ड किया। कोहली ने चार गेंदें खेलीं। कोहली पहली बार इस टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं कर सके। इससे पहले उन्होंन दो अर्धशतक लगाए थे। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में 35 रन की पारी खेली थी। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला। दोनों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों को अटैक करना शुरू किया।
रोहित और सूर्यकुमार ने तीसरे विकेट के लिए 58 गेंदों में 97 रन की साझेदारी निभाई। रोहित ने 41 गेंदों पर 72 रन की अपनी पारी में पांच चौके और चार छक्के जड़े। वह 13वें ओवर में 110 के स्कोर पर आउट हुए। ऐसा लग रहा था कि टीम इंडिया एक बड़े स्कोर के तरफ बढ़ रही है। हालांकि, रोहित के आउट होते ही विकेटों की झड़ी लग गई। सूर्यकुमार यादव 29 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, हार्दिक पांड्या 17 रन, ऋषभ पंत 17 रन , दीपक हुड्डा 3 रन और भुवनेश्वर कुमार खाता खोले बिना पवेलियन लौटे।
आखिर में रविचंद्रन अश्विन सात गेंदों में 15 रन और अर्शदीप सिंह एक रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका ने डेथ ओवर में शानदार बॉलिंग की। आखिरी पांच ओवर में भारत ने सिर्फ 46 रन बनाए और चार विकेट गंवाए। मदुशंका ने तीन विकेट लिए। वहीं, चमिका करुणारत्ने और शनाका को दो-दो विकेट मिले। महेश तीक्ष्णा को एक विकेट मिला।
श्रीलंका की पारी
श्रीलंका की शुरुआत शानदार रही। पाथुम निसांका और कुसल मेंडिस ने पहले विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी निभाई। दोनों ने 11 ओवर में ही 97 रन जोड़ लिए थे। 12वें ओवर में युजवेंद्र चहल ने श्रीलंका को दो झटके दिए। उन्होंने निसांका और चरिथ असलंका को पवेलियन भेजा। निसांका 37 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए।
असलंका खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। अगले ओवर यानी 14वें ओवर में रविचंद्रन अश्विन ने दानुष्का गुनातिलाका को कैच आउट कराया। वह एक रन बना सके। इसके बाद 15वें ओवर में चहल ने कुसल मेंडिस को पवेलियन भेज श्रीलंका के चार विकेट गिरा दिए।
एक वक्त श्रीलंका बिना कोई विकेट गंवाए 97 रन था और चार ओवर के अंदर उसका स्कोर 110 रन पर चार विकेट था। ऐसा लग रहा था कि टीम इंडिया वापसी कर लेगी। हालांकि, इसके बाद भानुका राजपक्षा और दासुन शनाका ने मिलकर श्रीलंका को जीत दिलाई। भानुका ने 17 गेंदों में 25 रन और शनाका ने 18 गेंदों में 33 रन की नाबाद पारी खेली।
दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 64 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए सात रन चाहिए थे। हालांकि, अर्शदीप सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी की और शुरुआती चार गेंदों में बेहतरीन यॉर्कर फेंके और पांच रन दिए। इसके बाद पांचवीं गेंद पर श्रीलंका ने दो रन लिए। इसमें ओवरथ्रो से एक रन शामिल है। इस तरह श्रीलंकाई टीम ने जीत हासिल की। भारत की ओर से युजवेंद्र चहल ने तीन और अश्विन ने एक विकेट लिए।