स्मृति मंधाना ने द. अफ्रीका के खिलाफ रचा इतिहास, ऐसा करने वाली बनी पहली भारतीय बल्लेबाज
टीम इंडिया की महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना ने अपने बल्ले से अफ्रीकी टीम पर करारा प्रहार किया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में उन्होंने शानदार शतक जड़ा। अपनी शतकीय पारी में स्मृति ने 129 गेंदों पर 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 135 रन बनाए। यह वनडे में उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
मंधाना विदेशी जमीं पर तीन वनडे शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बन गईं हैं। इससे पहले स्मृति ने पिछले साल टॉन्टन में वेस्टइंडीज के खिलाफ 106 रन की नाबाद और 2016 में होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 102 रन की पारी खेली थी।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में टीम इंडिया ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की थी। इस मैच में पूनम राउत और स्मृति मंधाना ने भारत को सधी हुई शरुआत दी। भारत ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर निर्धारित 50 ओवरों में 302/3 रनों का लक्ष्य मेजबान टीम के आगे रखा। टीम इंडिया की तरफ से हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 55 और वेदा कृष्णामूर्ति ने नाबाद 51 रनों की पारी खेलकर बड़ा योगदान दिया।
खबर लिखे जाने तक दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 18.4 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 74 रन बना लिए थे। टीम इंडिया की तरफ से पूनम यादव ने 3 ओवर में 5 रन देकर 2 खिलाड़ियों को शिकार बनाया। फिलहाल द. अफ्रीका की बल्लेबाज लेजली ली 58 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।