श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी, मुंबई ने दिल्ली को आठ विकेट से हराया
कप्तान श्रेयस अय्यर की नाबाद अर्धशतकीय पारी और सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए 76 रन की नाबाद भागीदारी से मुंबई ने शनिवार को यहां सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट सुपर लीग ग्रुप बी मैच में दिल्ली को एक ओवर रहते आठ विकेट से पराजित किया।
दिल्ली ने न्यौता मिलने के बाद ध्रुव शॉरी और ललित यादव के 33-33 रन की मदद से सात विकेट पर 144 रन बनाए। उन्मुक्त चंद ने 22 रन का योगदान दिया।
मुंबई के लिए गेंदबाज तुषार देशपांडे ने 19 रन देकर चार विकेट चटकाकर शानदार प्रदर्शन किया।
फिर मुंबई ने यह लक्ष्य 19 ओवर में दो विकेट पर 148 रन बनाकर आसानी से हासिल कर लिया।
श्रेयस अय्यर ने 47 गेंद में पांच चौके और एक छक्के से नाबाद 53 रन की अहम पारी खेली।
श्रेयस और सूर्यकुमार यादव (नाबाद 42 रन, 26 गेंद में तीन चौके, दो छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए 76 रन की नाबाद साझेदारी निभाकर टीम को छह गेंद रहते जीत दिलाई। टीम के लिए जय बिष्टा ने 39 रन का योगदान दिया।
दिल्ली के नवनीत सैनी और नीतिश राणा को एक-एक विकेट मिला।
कर्नाटक 10 रन से जीता
इंदौर में कर्नाटक ने कसी गेंदबाजी की बदौलत शनिवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी सुपर लीग ग्रुप बी मैच में उत्तर प्रदेश को दस रन से शिकस्त दी।
कर्नाटक ने बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 149 रन बनाकर सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। उसके लिए रोहन कदम 35 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे, उनके अलावा मयंक अग्रवाल ने 33 रन का योगदान दिया।
जीत के लिए 150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश अच्छी शुरूआत का फायदा नहीं उठा सका और टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 139 रन ही बना सकी।
उसके कप्तान और सलामी बल्लेबाज अक्षदीप नाथ ने 41 गेंद में पांच चौके से 46 रन तथा विकेटकीपर उपेंद्र यादव ने 41 गेंद में तीन चौके से 42 रन जोड़े। इन दोनों के अलावा केवल दो बल्लेबाज समर्थ सिंह (15) और प्रियम गर्ग (16) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके।
कर्नाटक के वी कौशिक ने तीन विकेट जबकि आर विनय कुमार और जगदीश सुचित ने दो दो विकेट प्राप्त किए।
बंगाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 138 रन बनाए। महाराष्ट्र ने इस लक्ष्य को 17.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
बंगाल की शुरूआत बेहद ही खराब रही और टीम ने तीन रन पर तीन विकेट गंवा दिए। 25 रन तक आधी टीम पवेलियन लौट गई। इसके बाद कप्तान मनोज तिवारी (41) ने शाहबाज अहमद (नाबाद 60) के साथ छठे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की।
शाहबाज ने 44 गेंद की नाबाद पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। डोमनिक मुथुस्वामी महाराष्ट्र के सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने तीन विकेट लिए। सत्यजीत बच्चाव ने दो विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी ने 46 गेंद की पारी में नौ चौके लगाए। उन्हें रोहित मोटवानी (36) का अच्छा साथ मिला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की। राहुल ने इसके बाद विकेटकीपर निखिल नाइक (नाबाद 18) के साथ चौथे विकेट के लिए नाबाद 52 रन जोड़े।