धवन के पास SA से भिड़ने से पहले फिटनेस साबित करने का मौका
बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के पास बांग्लादेश-ए के खिलाफ रविवार से एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शुरू होने वाले तीन दिवसीय मैच में अपनी फिटनेस साबित करने का अंतिम मौका है।
इस मुकाबले में भारत-ए टीम की कप्तानी कर रहे धवन इस समय शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाफ लगातार दो शतक लगाए थे। लेकिन श्रीलंका दौरे पर गाले टेस्ट मैच के दौरान उनके हाथ में फ्रेक्चर हो गया था जिसकी वजह से उन्हें सीरीज के बाकी मैचों से बाहर होना पड़ा था।
चोट से उबरने के बाद नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में ट्रेनिंग कर रहे धवन के पास मैच हालात में अपनी फिटनेस साबित करने का इससे अच्छा सुनहरा मौका नहीं मिल सकता था। ऐसे में यहां उनकी नजरें बड़ा स्कोर बनाने से अधिक क्रीज पर अधिक समय बिताने की होगी ताकि उन्हें पता चल सके कि बल्लेबाजी करते समय उन्हें किसी प्रकार की असहजता तो महसूस नहीं हो रही है।
जडेजा के पास भी होगा इस मैच से टीम इंडिया में लौटने का चांस
तेज गेंदबाज रुबेल हुसैन और अल-अमीन हुसैन जैसे गेंदबाजों का सामना करने से सलामी बल्लेबाज और टीम के कप्तान शिखर धवन दो अक्टूबर से धर्मशाला में टी-20 के साथ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रही सीरीज की अच्छी तैयारी का मौका मिलेगा।
साथ ही इन दिनों राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे हरफनमौला रविंद्र जडेजा अच्छा प्रदर्शन कर राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश करेंगे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 और पहले तीन वनडे के लिए चुनी गई टीम से जडेजा को बाहर रखा गया है।
उधर, बांग्लादेश-ए को मौजूदा रणजी चैंपियन कर्नाटक के खिलाफ पहले तीन दिवसीय मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में मेहमान टीम की कोशिश जबर्दस्त तरीके से वापसी पर होगी। मौजूदा बांग्लादेश की टीम में कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मौजूद हैं जो अकेले अपने दम पर कभी भी मैच का रुख अपनी ओर मोड़ने का माद्दा रखते हैं।
संभावित टीम-
भारत-ए : शिखर धवन (कप्तान), अभिनव मुकुंद, करुण नायर, श्रेयस अय्यर, बाबा अपराजित, नमन ओझा, जयंत यादव, विजय शंकर, रविंद्र जडेजा, श्रेयस गोपाल, अभिमन्यु मिथुन, वरुण एरॉन, ईश्वर पांडेय और शेल्डन जैक्सन।
बांग्लादेश-ए : अनामुल हक, रोनी तालुकदार, लिटन दास, सब्बीर रहमान, सौम्य सरकार, मोमीनुल हक (कप्तान), नासिर हुसैन, सकलैन साजिब, अराफात सनी, रुबेल हुसैन, शाफिउल इस्लाम, अल-अमीन हुसैन, शुवागाटा होम, जुबैर हुसैन और कैमरुल इस्लाम रब्बी।