बेटे स्टुअर्ट के समर्थन में खुलकर सामने आए पापा
वर्ल्ड कप 2015 में एक नाम जिसके चयन को लेकर तमाम अंगुलियां उठ रही हैं। वह है स्टुअर्ट बिन्नी। मात्र 6 वनडे मैचों के अनुभव के साथ बिन्नी का चयन निसंदेह चौंकाने वाला है। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में बिन्नी केवल बांग्लादेश के साथ वनडे सीरीज खेल चुके हैं।
भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को वर्ल्ड कप 2011 के हीरो रहे युवराज सिंह की अनदेखी करना रास नहीं आ रहा है। वहीं चोटिल रविंद्र जडेजा और स्टुअर्ट बिन्नी को इस बार वर्ल्ड कप में शामिल करना हैरान करने वाला है। बात तो यहां हुई कि बिन्नी को वर्ल्ड कप में शामिल करने के पीछे उनके पिता और चयनकर्ता रोजर बिन्नी का हाथ है।
इन सभी बातों के बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर रोजर बिन्नी अपने बेटे के समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं। उनका कहना है कि स्टुअर्ट को एक स्ट्रेटजी के तहत टीम में शामिल किया गया है। आइए जानते हैं क्या कहा उन्होंने....
युवराज की भूमिका निभाएंगे बिन्नीः रोजर
बेटे के वर्ल्ड कप में चयन को लेकर उठ रहे सवालों के बीच चयनकर्ता रोजर बिन्नी ने खुलकर समर्थन किया है। उनका कहना है कि वर्ल्ड कप 2011 में युवराज को वर्ल्ड कप में शामिल करने के पीछे एक ऑलराउंडर की भूमिका को पूरी करना था। युवराज ने शानदार बल्लेबाजी के साथ-साथ बढ़िया गेंदबाजी भी की थी।
युवराज ने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की कमी को पूरा किया था। जैसे गांगुली अच्छी बल्लेबाजी के साथ-साथ मध्यम गति के गेंदबाजी भी जानते थे। इसी तरह स्टुअर्ट बिन्नी को टीम में शामिल करने के पीछे एक अतिरिक्त ऑलराउंडर को टीम में शामिल करना है।
रोजर ने आगे कहा कि बिन्नी ने अपने डेब्यू सीरीज में बांग्लादेश के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की थी और उम्मीद है कि वह वर्ल्ड कप में भी अपनी गेंदबाजी के लय को बरकरार रखेंगे। उन्होंने कहा कि कर्नाटक टीम का यह खिलाड़ी गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में अपना हुनर दिखाएगा।