IPL 2018 के 42वें मुकाबले के दाैरान दिल्ली डेयरडेविल्स के ऋषभ पंत ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तूफानी शतकीय पारी खेली। पंत ने 63 गेंदों पर नाबाद 128 रन बनाए, जिसमें 15 चाैके आैर 7 छक्के शामिल रहे। यह उनके आईपीएल करियर का पहला शतक रहा जिसके साथ उन्होंने कई बड़े रिकाॅर्ड्स अपने नाम कर लिए।
बांग्लादेश में हुए अंडर-19 वर्ल्डकप में शानदार प्रदर्शन करने के बाद नवम्बर 2016 में पंत ने रणजी ट्रॉफी में नया इतिहास रच दिया। झारखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच में केवल 48 गेंदों पर शतक ठोककर भारत की तरफ से प्रथम श्रेणी मैचों में सबसे तेज शतक बनाने वाले बल्लेबाज बने।
19 वर्षीय पंत को इस शानदार प्रदर्शन का इनाम भी मिला। विराट कोहली के नेतृत्व वाली टी-20 टीम की ओर से इंग्लैंड के खिलाफ 2017 को डेब्यू किया। 2016 अंडर-19 वर्ल्डकप में सरफराज खान के बाद भारत की ओर से सबसे अधिक रन बनाने वाले ऋषभ पंत राहुल द्रविड़ के चहेते हैं। पंत को भारत के महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ की कोचिंग में अंडर-19 टीम के साथ खेलने का मौका मिला।
द्रविड़ ने इस बल्लेबाज के खेल को तराशा और फिर पंत अपनी मेहनत के बल पर नई ऊंचाईयों तक पहुंचे। ऋषभ, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर एडम गिलक्रिस्ट की विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी के मुरीद रहे हैं। खास बात यह है कि ऋषभ भी गिलक्रिस्ट की ही तरह बाएं हाथ से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हैं।
बांग्लादेश में हुए अंडर-19 वर्ल्डकप में भारतीय टीम के सदस्य रहे पंत का नाम सबसे पहले तब सुर्खियों में आया जब उन्होंने नेपाल के खिलाफ मात्र 24 गेंदों पर ही 78 रन ठोके। पंत ने इस पारी के दौरान महज 18 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया जो अंडर -19 वर्ल्डकप के पिछले रिकॉर्ड (19 गेंद) से एक गेंद कम था। हालांकि फाइनल में युवा टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी।