फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Ranji Trophy UP takes lead over Bengal goa Suyash Prabhudessai hits double century against Rajasthan

Ranji Trophy: शिवम मावी ने बंगाल पर यूपी को दिलाई बढ़त, राजस्थान के खिलाफ गोवा के सुयश प्रभुदेसाई का दोहरा शतक

Thu, 15 Dec 2022 01:42 AM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: रोहित राज Updated Thu, 15 Dec 2022 01:42 AM IST
सार

सुयश प्रभुदेसाई के दोहरे शतक की बदौलत गोवा ने राजस्थान के खिलाफ पहली पारी में आठ विकेट पर 493 रन बना लिए। गोवा के लिए सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर भी ने शतक लगाया

विज्ञापन
Ranji Trophy UP takes lead over Bengal goa Suyash Prabhudessai hits double century against Rajasthan
शिवम मावी और सुयश प्रभुदेसाई - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

तेज गेंदबाज शिवम मावी की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत उत्तर प्रदेश ने बुधवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर रणजी ट्रॉफी के दूसरे दिन एलीट ग्रुप ए में बंगाल को सस्ते में समेट दिया। मावी ने 55 रन देकर छह विकेट लेकर बंगाल को पहली पारी में 169 रनों पर ऑल आउट कर दिया। दूसरी ओर, सुयश प्रभुदेसाई के दोहरे शतक की बदौलत गोवा ने राजस्थान के खिलाफ पहली पारी में आठ विकेट पर 493 रन बना लिए। गोवा के लिए सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर भी ने शतक लगाया। सुयश ने 212 और अर्जुन ने 120 रन की पारी खेली।
विज्ञापन


उत्तर प्रदेश और बंगाल के बीच मैच की बात करें तो आकिब खान (2/43), शिवम शर्मा (1/12) और अंकित राजपूत (1/53) ने मावी का अच्छा साथ निभाया। आकाश दीप (41 रन, 30 गेंद, दो चौके, चार छक्के) और अभिषेक पोरेल (33 रन, 23 गेंद, सात चौके) को छोड़ दिया जाए तो बंगाल के बल्लेबाजों ने निराश किया। उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में 198 रन बनाए थे और इस तरह टीम को पहली पारी में 29 रन की बढ़त मिली।
विज्ञापन


जवाब में उत्तर प्रदेश ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 122 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 151 रन की हो गई है। दिन का खेल खत्म होने तक अक्शदीप नाथ (नाबाद 47 रन, 58 गेंद, छह चौके, एक छक्का) और रिंकू सिंह (नाबाद 44 रन, 57 गेंद, छह चौके) खेल रहे थे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


हरियाणा पर हावी रहा हिमाचल प्रदेश
राघव धवन की शतकीय पारी के दम पर हिमाचल प्रदेश ने एलीट ग्रुप ए के मैच में दूसरे दिन चार विकेट पर 487 रन पर अपनी पहली पारी घोषित की। 35 साल के धवन ने प्रथम श्रेणी का अपना पहला शतक पूरा किया और 182 रन बनाकर जयंत यादव (1/100) का शिकार बने। पहली पारी में महज 46 रन पर सिमटने वाला हरियाणा दूसरी पारी में दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 72 रन बना पाया और टीम पारी की हार को टालने के लिए संघर्ष कर रही है। हरियाणा की टीम अब भी 369 रन पीछे है।

धवन ने सलामी बल्लेबाज प्रशांत चोपड़ा (137 रन) के साथ 219 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। उन्होंने 359 गेंद की अपनी पारी में 22 चौके और दो छक्के जड़े। प्रशांत ने 181 गेंद की पारी में 16 चौके और चार छक्के जड़े।

उत्तराखंड के खिलाफ अच्छी स्थिति में नगालैंड
श्रीकांत मुंडे (नाबाद 109 रन, 214 गेंद, 12 चौके) के शानदार शतक के दम पर नगालैंड एलीट ग्रुप ए के दूसरे दिन उत्तराखंड के खिलाफ अच्छी स्थिति में पहुंच गया। नगालैंड ने तीन विकेट पर 280 रन बना लिए। वह उत्तराखंड के पहली पारी में बनाए 282 के स्कोर से दो रन पीछे है। दिन का खेल खत्म तक श्रीकांत का साथ हेम छेत्री (नाबाद 02 रन) निभा रहे थे। उत्तराखंड के लिए दीक्षांशु नेगी (1/38) सबसे किफायती गेंदबाजी रहे।

चंडीगढ़ के खिलाफ पंजाब मजबूत
पंजाब ने एलीट ग्रुप डी में चंडीगढ़ के खिलाफ पहली पारी में विशाल स्कोर खड़ा किया। पंजाब ने पहली पारी में चार विकेट के नुकसान पर 586 का स्कोर कर पारी घोषित की। कप्तान मनदीप सिंह (नाबाद 128 रन, 176 गेंद, 11 चौके, दो छक्के) ने भी पंजाब के लिए शतक जड़ा। उनसे पहले प्रभसिमरन सिंह (202 रन) ने मंगलवार को दोहरा और अभिषेक शर्मा (100 रन) ने शतक लगाया था। 

चंडीगढ़ के लिए रोहित ढांडा (3/100) ने सर्वाधिक विकेट लिए। जवाब में चंडीगढ़ ने पहली पारी में दो विकेट पर 62 रन बनाए। वह पंजाब के स्कोर से 524 रन पीछे है। दिन का खेल खत्म होने तक अर्जित पन्नू (नाबाद 39) और अंकित कौशिक (नाबाद 04) क्रीज पर थे। पंजाब के लिए बलतेज सिंह (1/8) और मयंक मारकंडे (1/23) को विकेट मिले।

मध्य प्रदेश के खिलाफ जम्मू-कश्मीर हार की कगार पर
बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के करण जम्मू-कश्मीर की टीम रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप डी में मध्य प्रदेश के खिलाफ हार की कगार पर पहुंच चुकी है। मध्य प्रदेश के पहली पारी में बनाए 308 रन के जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम 98 रन पर ही ढेर हो गई। टीम के लिए सर्वाधिक रन विवरांत शर्मा (34) ने बनाए। मध्य प्रदेश के तेज गेंदबाज आवेश खान (5/33) और सारांश जैन (4/22) ने शानदार गेंदबाजी की। 

मध्य प्रदेश ने जम्मू-कश्मीर को फॉलोऑन करा दिया। दूसरी पारी में भी जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों ने निराश किया और इस बार सात विकेट पर 54 रन पर गिर गए। जम्मू-कश्मीर की टीम अभी दूसरी पारी में भी 156 रन पीछे है। जम्मू-कश्मीर के हेनान नजीर (27) ने सबसे ज्यादा रन बनाए। दिन का खेल खत्म होने के समय युधवीर सिंह (नाबाद 07 रन) और साहिल लोटरा (नाबाद 02 रन) क्रीज पर थे। आवेश खान (3/16) ने सर्वाधिक विकेट लिए।

दिल्ली के खिलाफ काजी और अक्षय ने कराई महाराष्ट्र की वापसी
अजीम काजी के शतक के साथ अक्षय पालकर की नाबाद 94 रन की पारी से महाराष्ट्र दूसरे दिन दिल्ली के खिलाफ खराब स्थिति से निकलकर जीत की स्थिति तक पहुंच गया। दिन का खेल समाप्त होने तक महाराष्ट्र के पहली पारी में सात विकेट पर 305 रन थे जिससे उसने 114 रन की बढ़त बना ली। दिल्ली की टीम 191 रन पर ही ढेर हो गई थी। 

काजी (नाबाद 119 रन, 260 गेंद, 12 चौके, दो छक्के) और पालकर (नाबाद 94 रन, 240 गेंद, 11 चौके, दो छक्के) ने आठवें विकेट के लिए 211 रन की साझेदारी की जो महाराष्ट्र के लिए मैच विजयी साझेदारी हो सकती है क्योंकि दिल्ली के तेज गेंदबाज मयंक यादव चोटिल हो गए हैं और दिल्ली को एक गेंदबाज की कमी खलेगी।


महाराष्ट्र ने बुधवार को पांच विकेट पर 80 रन से आगे खेलना शुरू किया और पहले ही घंटे में स्कोर सात विकेट पर 94 रन हो गया जिसमें तेज गेंदबाज सिमरजीत सिंह (3/58) और मयंक (2/46) ने विकेट लिए लेकिन काजी और पालकर ने दिल्ली के गेंदबाजों को हताश कर दिया और करीब 78 ओवर (77.5 ओवर) तक बल्लेबाजी की।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed