रणजी राउंडअपः अक्षदीप का नाबाद शतक, उत्तर प्रदेश ने पहले दिन बनाए 281/4
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अक्षदीप नाथ (115*) की नाबाद शतकीय पारी और रिंकू सिंह (71*) के साथ पांचवें विकेट के लिए 137 रन की अटूट साझेदारी के दम पर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफ्री मुकाबले में मुंबई के खिलाफ चार विकेट पर 281 रन बनाए थे। उत्तर प्रदेश ने 48 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। अक्शदीप ने मोहम्मद सैफ (42) के साथ चौथे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल स्थिति से निकाला। इस साझेदारी को रायस्टन डियाज ने सैफ को आउट कर तोड़ा। इसके बाद अक्शदीप और रिंकू ने टीम को और कोई नुकसान नहीं होने दिया। अक्शदीप अपनी पारी में 215 गेंदों का सामना कर 16 चौके और दो छक्के जड़ चुके हैं। वहीं रिंकू ने 134 गेंदों में सात चौके जड़े हैं। मुंबई की ओर से डियास और आकाश पारकार ने दो-दो विकेट लिए।
हरियाणा ने 176 पर आउट होने के बाद 63 रन पर झटके सर्विसेज के छह विकेट
रोहित शर्मा (57) और सुमित कुमार (51) के अर्द्धशतकों से हरियाणा की टीम शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने के बावजूद सर्विसेज के खिलाफ 176 रन बनाने में सफल रही। इसके बाद गेंदबाजों के दम पर हरियाणा ने स्टंप तक सर्विसेज के 63 रन तक छह विकेट झटककर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। सर्विसेज के तीन बल्लेबाज राहुल सिंह (24), मुमताज कादिर (18) और विकास हाथवाला (13*) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके। सर्विसेज अभी 113 रन से पीछे है। हरियाणा के लिए हर्षल पटेल और अजित चहल ने तीन-तीन विकेट झटके। इससे पहले हरियाणा ने मात्र 57 रन पर अपने छह विकेट गंवा दिए थे। रोहित और सुमित ने सातवें विकेट के लिए 84 रन जोड़कर स्कोर 150 के करीब पहुंचाया। इनके अलावा अजित ने 23 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच पाया। सर्विसेज के लिए देवेश पठानिया ने पांच, जबकि सच्चिदानंद पांडे और पूनम पुनिया ने दो-दो विकेट लिए।
जेएंडके ने ओडिशा को 161 रन पर समेटा
अकीब नबी (5/39) की उम्दा गेंदबाजी से जम्मू एंड कश्मीर ने ओडिशा की पहली पारी 161 रन पर समेट दी। कप्तान सुभ्रांशु सेनापति ने सर्वाधिक 42,अनुराग सांगरी ने 33 और शांतनु मिश्रा ने 21 रन की पारी खेली। उमर नाजिर और कप्तान परवेज रसूल ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में पहले दिन का खेल खत्म होने तक जेएंडके ने स्टंप तक मात्र 38 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। रसूल दस और शुभम खजूरिया नौ रन बनाकर क्रीज पर थे। जम्मू एंड कश्मीर की टीम 123 रन से पिछड़ रही है।
सौरभ के अर्द्धशतक से संभला उत्तराखंड
विकेटकीपर बल्लेबाज सौरभ रावत (66) की अर्द्धशतकीय पारी से उत्तराखंड ने झारखंड के खिलाफ छह विकेट पर 213 रन बनाए थे। स्टंप के समय कप्तान तन्मय श्रीवास्तव 48 जबकि गौरव सिंह दो रन बनाकर क्रीज पर थे। हर्षित बिष्ठ ने 39 और विजय जेथी ने 23 रन का योगदान दिया। झारखंड के लिए आशीष कुमार और अजय यादव ने तीन-तीन विकेट झटके।
पंजाब के खिलाफ भार्गव का शतक
भार्गव मेराई (130) के शतक से गुजरात ने पंजाब के खिलाफ नौ विकेट पर 277 रन बनाए थे। भार्गव ने पीयूष चावला (42) के साथ छठे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की। भार्गव ने अपनी पारी में 220 गेंदों का सामना कर 17 चौके जड़े। मनप्रीत जुनेजा ने 26 और यश ने 24 रन का योगदान दिया। पंजाब के लिए सिद्धार्थ कौल और बलतेज सिंह ने चार-चार विकेट चटकाए।
आकाश, प्रशांत और अमित के अर्द्धशतक
आकाश वशिष्ठ (86), प्रशांत चोपड़ा (56) और अमित कुमार (55*) की अर्द्धशतकीय पारियों से हिमाचल प्रदेश ने बड़ौदा के खिलाफ पांच विकेट पर 314 रन बनाए थे। स्टंप के समय अमित के साथ निखिल गंगटा 43 रन बनाकर क्रीज पर थे। कप्तान अंकित कलसी ने 46 रन की पारी खेली। बड़ौदा के लिए ल्यूकमैन और स्वप्निल सिंह ने दो-दो विकेट लिए।