1 नवंबर से रणजी ट्रॉफी के मुकाबले शुरू, पहली बार रिकॉर्ड 37 टीमों के बीच होगी जंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्वोत्तर की पदार्पण कर रही सात टीमों सहित रिकॉर्ड 37 टीमें बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे रणजी ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट में चुनौती पेश करेंगी। यह टूर्नामेंट क्रिकेट बोर्ड के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है जो प्रशासनिक उथल-पुथल के दौर से गुजर रहा है।
मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, उत्तराखंड, सिक्किम, नगालैंड, मेघालय, बिहार और पुडुचेरी की नई टीमों ने हाल में 50 ओवर के विजय हजारे ट्रॉफी टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था, लेकिन लाल गेंद से क्रिकेट खेलना अधिक बड़ी चुनौती होगी। कुछ लोगों का तर्क था कि टीमों को देश के शीर्ष प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी में धीरे-धीरे प्रगति करते हुए जगह दी जानी चाहिए थी, जिसकी शुरुआत आयु वर्ग क्रिकेट से होती।
उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त प्रशासकों की समिति ने हालांकि उन्हें सीधे इस शीर्ष टूर्नामेंट में जगह दी। इन नई नवेली टीमों के सामने अब बड़ी चुनौती है। ये नौ टीमें प्लेट ग्रुप में एक दूसरे के खिलाफ भिड़ेंगी जैसा कि उन्होंने हाल में विजय हजारे ट्रॉफी में किया था जहां 18 साल बाद घरेलू क्रिकेट में वापसी कर रहे बिहार ने अच्छा प्रदर्शन किया था।
इनमें से अधिकांश टीमें हालांकि इस सत्र में अपने बाहरी खिलाड़ियों पर निर्भर हैं। टूर्नामेंट के दौरान 50 से अधिक मैदानों का इस्तेमाल किया जाएगा जो साजो सामान की दृष्टि से बड़ी चुनौती होगी। बीसीसीआई के क्रिकेट संचालन महाप्रबंधक सबा करीम ने कहा है कि उनकी टीम इसके लिए तैयार है।
पुजारा व अश्विन पर रहेगी निगाह
टेस्ट विशेषज्ञ चेतेश्वर पुजारा के सौराष्ट्र की ओर से पहले मैच में छत्तीसगढ़ के खिलाफ खेलने की उम्मीद है जबकि स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और मुरली विजय को मध्य प्रदेश के खिलाफ पहले मैच के लिए तमिलनाडु की टीम में जगह दी गई है। ऑस्ट्रेलिया में चार टेस्ट मैच की सीरीज और न्यूजीलैंड के ए टीम के दौरे के लिए खिलाड़ियों का चयन पहले ही हो चुका है और ऐसे में रणजी ट्रॉफी में अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिलने की उम्मीद नहीं है।
आज के मुकाबले
ग्रुप ए
बड़ौदा बनाम गुजरात, वडोदरा
महाराष्ट्र बनाम विदर्भ, पुणे
रेलवे बनाम मुंबई, दिल्ली
सौराष्ट्र बनाम छत्तीसगढ़, राजकोट
पंजाब बनाम आंध्र प्रदेश, विशाखापत्तनम
हिमाचल प्रदेश बनाम बंगाल, नदौन
केरल बनाम हैदराबाद, तिरुवनंतपुरम
तमिलनाडु बनाम मध्य प्रदेश, डिंडीगुल
ग्रुप सी
झारखंड बनाम असम, रांची
ओडिशा बनाम हरियाणा, भुवनेश्वर
राजस्थान बनाम जम्मू एंड कश्मीर, जयपुर
त्रिपुरा बनाम सर्विसेज, अगरतला
उत्तर प्रदेश बनाम गोवा, कानपुर
प्लेट ग्रुप
मणिपुर बनाम सिक्कम, कोलकाता
मेघालय बनाम अरुणाचल प्रदेश, शिलांग
नगालैंड बनाम मिजोरम, दिमापुर
उत्तराखंड बनाम बिहार, देहरादून