वर्ल्ड कप में 11वीं जीत से टीम इंडिया को मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के बीच खेला गया वर्ल्ड कप का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला बेहद नीरस रहा क्योंकि श्रीलंकाई टीम 133 रन पर ही आउट हो गई और अफ्रीकी टीम ने बेहद आसानी से मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गई।
अब वर्ल्ड कप का दूसरा क्वार्टर फाइनल बृहस्पतिवार को मेलबर्न में भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जाना है। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजे से शुरू होगा।
टीम इंडिया टूर्नामेंट में लगातार 6 और ओवरऑल लगातार 10 मैच जीतकर अजेय रथ पर सवार है और टीम जिस तरह से खेल दिखा रही है उससे लगता है कि यह मैच जीतने में उसे कोई दिक्कत नहीं आएगी। लेकिन भारतीय टीम को किसी मुगालते में नहीं रहना चाहिए क्योंकि उसकी विपक्षी टीम उलटफेर में माहिर है और 2007 के वर्ल्ड कप में उसे धूल भी चटा चुकी है। यह नॉकआउट मुकाबला है और जो भी टीम हारी उसे वापस लौटना होगा ऐसे में दोनों टीमें फूंक-फूंक कर अपना कदम आगे बढ़ाएंगी।
लीग मुकाबले में टीम इंडिया का रहा चमत्कारिक प्रदर्शन
धोनी की अगुवाई में टीम इंडिया ने अब तक चमत्कारिक प्रदर्शन किया है और पिछले एक महीने के अंदर अपने खेल से हर आलोचकों को प्रभावित भी किया है। भारत के प्रदर्शन की खास बात यह है कि उसने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दोनों ही जगह पर एक समान खेल दिखाया है।
भारत ने लीग मैचों में जीत की शुरुआत पाकिस्तान जैसी कट्टर प्रतिद्वंद्वी टीम को हराकर की थी, उसके लिए सबसे अच्छी बात यह रही कि पहला ही मुकाबला बेहद कड़ा पड़ गया और टीम ने एकजुटता दिखाते हुए लय हासिल कर ली और मैच जीत लिया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका को भी भारतीय टीम ने रौंद दिया। लगातार दो जीत के बाद भारत को रोक पाना किसी भी प्रतिद्वंद्वी के लिए आसान नहीं रहा और लगातार 6 मैचों में जीत दर्ज करा दी।
भारत के लाजवाब प्रदर्शन में उसकी गेंदबाजी का कमाल रहा जिसने सभी 6 के 6 मैचों में विपक्षी टीम को ऑलआउट कर सभी 60 विकेट झटक भी लिए। भारतीय गेंदबाजों का दबदबा इस कदर रहा कि अब तक भारत के खिलाफ कोई भी विपक्षी टीम अपने कोटे के 49 भी नहीं खेल सकी हैं।
तेज गेंदबाजों मोहम्मद शमी (15 विकेट), मोहित शर्मा और उमेश यादव (12 विकेट) की तिकड़ी के अलावा फिरकी गेंदबाजी में आर अश्विन ने बढ़िया खेल दिखाया है। सिर्फ और रवींद्र जडेजा का प्रदर्शन अब तक बहुत सराहनीय नहीं रहा है और उनके पास यहां अपना प्रदर्शन सुधारने का मौका है।
जहां तक बल्लेबाजी का सवाल है तो ओपनर शिखर धवन (337 रन) के अलावा रोहित शर्मा, विराट कोहली (301 रन) , सुरेश रैना, अजिंक्यर रहाणे और कप्तान धोनी टीम के लिए उपयोगी योगदान कर ही रहे हैं। उनसे इस मैच में भी दमदार प्रदर्शन की आस होगी। रैना ने जिस अंदाज में पिछले मैच में शतक लगाया है उससे उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ गया होगा।
'अपने सबसे बड़े मुकाबले को लेकर चिंतित नहीं है टीम'
गत चैंपियन भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल को बांग्लादेशी खिलाड़ियों के लिए ‘सबसे बड़ा मैच’ मानते हुए हरफनमौला शाकिब अल हसन का कहना है कि उनकी टीम इसे ‘एक अन्य मुकाबले’ की तरह लेकर अच्छा प्रदर्शन करेगी।
शाकिब ने कहा, "आप कह सकते हैं कि यह हमारे करियर का सबसे बड़ा मैच है क्योंकि पहली बार हम वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल खेल रहे हैं। लेकिन हमें यह भी समझना होगा कि यह आखिर क्रिकेट का ही एक मुकाबला है।"
इस मैच के लिए एमसीजी खचाखच भरा रहने की उम्मीद है और अधिकांश भारतीय समर्थक होंगे लेकिन शाकिब इससे विचलित नहीं हैं। उन्होंने कहा, "मैं आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेल चुका हूं लिहाजा मुझे दर्शकों के समर्थन का अनुमान है। ईडेन गार्डन भी भरा रहने पर 70,000 दर्शक होते हैं और मुझे पता है कि उनके सामने खेलना कैसा लगता है। एमसीजी का अनुभव मुझे तब तक नहीं पता चलेगा जब तक मैं मैदान पर जाकर खेलूंगा नहीं।"
आईसीसी रैंकिंग में नंबर एक हरफनमौला शाकिब ने स्वीकार किया कि आईपीएल में केकेआर के लिए खेलकर उन्हें अपना खेल निखारने और महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना या विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों के खिलाफ रणनीति बनाने में मदद मिली।