{"_id":"c6a6fe0a-3d54-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"ponting-ends-17-year-career-leaves-as-australia-leading-test-batsman","type":"story","status":"publish","title_hn":"हार के साथ हुआ पोंटिंग युग का अंत","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
हार के साथ हुआ पोंटिंग युग का अंत
पर्थ/एजेंसी
Updated Mon, 03 Dec 2012 07:54 PM IST
विज्ञापन
पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की जीत के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा होने की ख्वाहिश अधूरी रह गई और उन्हें हार के साथ क्रिकेट को अलविदा कहना पड़ा। सोमवार को दक्षिण अफ्रीका ने मेजबान ऑस्ट्रेलिया को तीसरे और निर्णायक टेस्ट मैच में 309 रन से हराकर 1-0 से सीरीज अपने नाम की।
विज्ञापन
साथ ही, दक्षिण अफ्रीका ने टेस्ट रैंकिंग में नंबर वन का अपना ताज भी बरकरार रखा। रनों के लिहाज से दक्षिण अफ्रीका की ऑस्ट्रेलिया पर रनों के हिसाब से यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है और कुल मिलाकर उसकी आठवीं सबसे बड़ी जीत है।
विज्ञापन
विशाल स्कोर के सामने बिखर गए कंगारू
मैच के चौथे दिन 632 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 322 रन बनाकर सिमट गई। ओपनर एड कोवेन ने 53 रन बनाए जबकि दसवें नंबर के बल्लेबाज मिचेल स्टार्क ने 43 गेंदों में नौ चौकों और दो छक्कों के साथ ताबड़तोड़ 68 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने दसवें विकेट के लिए नाथन लियोन (31) के साथ 87 रन जोड़े।
विज्ञापन
आख्रिरी पारी में पंटर ने किया निराश
सुबह, ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पारी बिना विकेट खोए 40 रन से आगे शुरू की। लेकिन पेसर वेरनन फिलेंडर ने दिन के पहले ही ओवर की दूसरी ही गेंद पर डेविड वार्नर (29) को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को करारा झटका दिया। जल्द ही शेन वाटसन (25) के पेवेलियन लौटने के बाद सभी की निगाहें रिकी पोंटिंग पर टिक गई।
इसी मैदान से अपने टेस्ट कैरियर का आगाज करने वाले पोंटिंग जब मैदान में उतरे तो दर्शकों समेत दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों ने भी उनका ताली बजाकर स्वागत किया। लेकिन पोंटिंग ने सिर्फ 39 मिनट क्रीज पर बिताए और 23 गेंदों में दो चौकों के साथ आठ रन बनाकर पीटरसन का शिकार बने।
शुरुआती दो टेस्ट मैचों में दो दोहरे शतक जड़ने वाले कप्तान माइकल क्लार्क 44 रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका के लिए दूसरी पारी में 196 रन की शानदार पारी खेलने वाले हाशिम अमला ‘मैन ऑफ द मैच’ जबकि ऑस्ट्रेलिया के माइकल क्लार्क ‘मैन ऑफ द सीरीज बने।’ दक्षिण अफ्रीकी टीम की ओर पेसर डेल स्टेन और स्पिनर रॉबिन पीटरसन ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
नंबर गेम
02 : सबसे बड़ी जीत रनों के लिहाज से दक्षिण अफ्रीका की ऑस्ट्रेलिया पर है।
08 : सबसे बड़ी जीत रनों के लिहाज से दक्षिण अफ्रीका ने हासिल की है।