IND vs PAK: इमरान खान का बड़बोलापन, पाकिस्तान की जीत के बहाने भारत पर कसा तंज, फिर अलापा पुराना राग
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने सोमवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक फोरम को संबोधित करते हुए अपने भाषण में भारतीय टीम की हार का जिक्र मजाकिया तौर पर किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने 29 साल में पहली बार भारत को विश्व कप में हराया। बाबर आजम की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम ने रविवार को खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप मुकाबले में टीम इंडिया को 10 विकेट से हराया। इससे पहले पाकिस्तान को 12 बार (वनडे वर्ल्ड कप में सात और टी-20 में पांच) विश्व कप में भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। पाकिस्तान को हालांकि टी-20 वर्ल्ड कप में अभी लंबा सफर तय करना है लेकिन भारत के खिलाफ जीत उसे हजम नहीं हो पा रही है। यही कारण है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से लेकर वहां के मंत्री तक इसे लेकर लगातार बयानबाजी कर रहे हैं।
पाकिस्तान सरकार अब इसे अपनी राजनीति और सियासत चमकाने के लिए भी इस्तेमाल करने लगी है। इसकी शुरुआत खुद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने की है। इमरान ने सोमवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक फोरम को संबोधित करते हुए अपने भाषण में भारतीय टीम की हार का जिक्र मजाकिया तौर पर किया।
उन्होंने कहा, 'मैं जानता हूं कि कल रात पाकिस्तान से क्रिकेट मैच में करारी हार मिलने के बाद भारत के साथ संबंध सुधारने के बारे में बात करने का यह सही समय नहीं है। लेकिन मैं कल्पना करता हूं कि अगर हम किसी तरह सिर्फ एक मुद्दे का हल निकाल पाते तो वह मुद्दा कश्मीर होता।'
तीन दिन के दौरे पर सऊदी अरब पहुंचे इमरान रियाद में पाकिस्तान-सऊदी इन्वेस्टमेंट फोरम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने क्रिकेट में मिली भारत की हार का जिक्र करते हुए एक बार फिर से कश्मीर का राग अलापा। उन्होंने कहा, 'हम अपने पड़ोसी मुल्क भारत के साथ रिश्ते सुधारना चाहते हैं लेकिन टी-20 मैच में कल हुई उनकी हार के बाद यह बात करने के लिए सही समय नहीं है।'