भारत से हार के बाद पाकिस्तान में मचा घमासान: शोएब अख्तर ने टीम को सुनाया, सैम अयूब पर भी बरसे तनवीर अहमद
एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट फाइनल में भारत से 19 रन की हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों की प्रतिक्रियाएं चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल बयानों में शोएब अख्तर ने पाकिस्तान की लगातार भारत से हार और दोनों टीमों के बीच मौजूदा प्रतिद्वंद्विता पर सवाल उठाए, जबकि तनवीर अहमद ने सैम अयूब के प्रदर्शन और वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ उनके इशारे की आलोचना की।
विस्तार
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक बयान में शोएब अख्तर ने भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता को लेकर कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अब दोनों टीमों के बीच वैसी वास्तविक प्रतिद्वंद्विता नहीं रह गई है जैसी पहले हुआ करती थी।
अख्तर ने कहा, 'इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि अब भारत और पाकिस्तान के बीच कोई वास्तविक प्रतिद्वंद्विता नहीं है। मैच से पहले ही सभी को उम्मीद होती है कि भारत जीतेगा और पाकिस्तान हारेगा और वही हुआ। इसमें कुछ भी हैरान करने वाला नहीं है।' उन्होंने आगे कहा कि हर भारत-पाकिस्तान मैच के बाद पाकिस्तान को शर्मिंदगी महसूस करनी पड़ती है और अब यह आम बात हो गई है।
🚨 SHOAIB AKHTAR COOKED ON PAKISTAN TEAM AFTER DEFEAT INDIA IN ASIAN GAMES FINAL 🚨
— lndian Sports Network (@IS_Netwrk29) October 3, 2026
Shoaib Akhtar 🗣️:
"There’s no denying the fact that there is no longer any real rivalry between India and Pakistan. Even before the match, everyone expects India to win and Pakistan to lose and… pic.twitter.com/cvHP974vhU
शोएब अख्तर का एक दूसरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उनसे भारत के स्वर्ण पदक जीतने पर प्रतिक्रिया पूछे जाने का दावा किया जा रहा है। वायरल क्लिप में अख्तर कहते हैं कि भारत को जीतना ही था और पाकिस्तान को कम से कम रजत पदक जीतने पर खुश होना चाहिए। इसके बाद वह पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहते हैं कि रजत पदक भी महंगा है और इससे देश की अर्थव्यवस्था को कुछ फायदा होगा। वायरल बयान में वह आगे कहते हैं कि जिस देश में आटा और पानी जैसी बुनियादी चीजों को लेकर समस्या है, वहां रजत पदक मिलने का जश्न मनाना चाहिए।
No way Pakistani Ex Cricketer Sohaib Akhtar Said this on live television.😭🚨
— Courageous (@CourageousRo) October 3, 2026
Reporter : "What do you say about India winning the gold medal?"
Sohaib akhtar: "Vo to jitna hi tha, Pakistan should be happy that at least they got silver, silver is also very expensive, the… pic.twitter.com/6q2ujJEV81
भारत के खिलाफ फाइनल में सैम अयूब के प्रदर्शन और उनके एक इशारे को लेकर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद ने भी आलोचना की। वायरल हो रहे बयान में उन्होंने अयूब के वैभव सूर्यवंशी की ओर किए गए इशारे पर सवाल उठाए। तनवीर अहमद ने कहा कि अयूब खुद को बड़ा स्टार समझते हैं, लेकिन उन्हें पहले अपने प्रदर्शन में सुधार करने की जरूरत है। उन्होंने वैभव की उम्र को लेकर किए गए इशारे को भी गलत बताया।
उन्होंने कहा कि वैभव दुनिया के गेंदबाजों की धुनाई कर रहे हैं और ऐसे में इस तरह के इशारे करना उचित नहीं है। तनवीर ने अयूब के गेंदबाजी करते समय चश्मा पहनने को लेकर भी तंज किया और कहा कि वह खुद को सुपरस्टार समझने के बजाय अपने प्रदर्शन पर ध्यान दें।
🚨Tanveer Ahmed cooked Saim Ayub for his gesture to Vaibhav Sooryavanshi😭
— Akshat (@Cricketmythos) October 3, 2026
Tanveer Ahmed said :🗣️
"Saim Ayub thinks of himself as a big star but he is such an ordinary player. What was you trying to gesture to Vaibhav Sooryavanshi that he is a baby? Vaibhav is smashing all the… pic.twitter.com/N6gdgasgas
तनवीर अहमद ने भारत की बल्लेबाजी और पाकिस्तान की गेंदबाजी को लेकर भी कड़ी टिप्पणी की। उनके मुताबिक अगर वैभव सूर्यवंशी 10वें ओवर तक बल्लेबाजी कर लेते तो भारत 250 रन तक पहुंच सकता था। उन्होंने पाकिस्तान के गेंदबाजों की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों को आसान गेंदें दीं और उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा।
भारत ने फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 211 रन बनाए थे। अभिषेक शर्मा ने 28 गेंद में 61 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 22 गेंद में नाबाद 51 रन की पारी खेली। जवाब में पाकिस्तान की टीम छह विकेट पर 192 रन ही बना सकी।
पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज ने 51 गेंद में 96 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उनकी टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। एक समय पाकिस्तान को आखिरी 18 गेंद में 52 रन की जरूरत थी और मुकाबला रोमांचक स्थिति में पहुंच गया था। वॉशिंगटन सुंदर ने 18वें ओवर में सिर्फ आठ रन दिए और अब्दुल समद को आउट किया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने 19वें ओवर में केवल 11 रन दिए। आखिरी ओवर में पाकिस्तान को 33 रन चाहिए थे, लेकिन शिवम दुबे ने हसन नवाज का विकेट लेकर भारत की जीत पक्की कर दी। भारत ने 19 रन से मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि पाकिस्तान को रजत पदक मिला।