पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और मौजूदा गेंदबाजी कोच वकार यूनुस ने शुक्रवार को कहा कि अगर वह राष्ट्रीय टीम के साथ लक्ष्य सेट करने में असफल रहे तो वह इस्तीफा देने के लिए तैयार रहेंगे।
दरअसल, वकार का पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के साथ तीन साल का अनुबंध है। उन्होंने कहा कि वह एक साल के बाद गेंदबाजी कोच के रूप में अपने प्रदर्शन की खुद समीक्षा करेंगे।
उन्होंने एक यूट्यूब चैनल क्रिकेटबाज से बातचीत में कहा, 'मैं एक साल के बाद खुद की समीक्षा करूंगा। मतलब साफ है कि अगर मुझे लगता है कि मैं नौकरी के लिए अच्छा नहीं हूं और मैं इसके साथ अन्याय कर रहा हूं तो मैं इस्तीफा दे दूंगा।'
उन्होंने आगे कहा, 'मेरे पास तीन साल का अनुबंध है। साथ ही मेरे मन में कुछ टारगेट हैं और मैं युवा तेज गेंदबाजों की मदद करना चाहता हूं। मैं जिस तरह से इसे देखता हूं, मेरी योजना टेस्ट क्रिकेट के लिए एक व्यवस्थित गेंदबाजी आक्रमण तैयार करने और इसे रोटेटो रखने की है।'
वकार ने आगे कहा, 'वह अक्तूबर, 2019 में पाकिस्तान टीम के गेंदबाजी कोच का पद संभालने के बाद संतुष्ट थे। हमें शाहीन शाह, नसीम शाह, मुहम्मद हसनैन जैसे कुछ युवा तेज गेंदबाज मिले हैं और हम उनमें अधिक प्रतिभा देख रहे हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि मैं उन लोगों की उपेक्षा करूंगा, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया था।