IND vs PAK: पीसीबी अध्यक्ष बनते ही रमीज राजा ने दिया बड़ा बयान, भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय सीरीज पर कही यह बात
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमीज राजा ने भारत और पाकिस्तान द्विपक्षीय सीरीज को लेकर बड़ा बयान दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमिज राजा ने सोमवार को कहा कि भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज को फिर से शुरू करना अभी असंभव है। उन्होंने कहा कि वह इसके लिए जल्दी में नहीं हैं क्योंकि उनका ध्यान इस समय केवल अपने देश के घरेलू क्रिकेट पर है। राजा ने कहा, 'राजनीति ने खेल मॉडल को खराब कर दिया है और हम इस मुद्दे पर जल्दी में नहीं हैं क्योंकि हमें अपने घरेलू और स्थानीय क्रिकेट पर ध्यान देना है।'
मैं ऐसा अध्यक्ष नहीं बनूंगा जो अपनी जिम्मेदारी दूसरे लोगों पर डालेगा
राजा ने कहा, 'मैं ऐसा अध्यक्ष नहीं बनूंगा जो अपनी जिम्मेदारी दूसरे लोगों पर डालेगा। मैं सभी चीजों का सामना करने के लिए तैयार हूं। मैं दो चीजों के मामले में कभी बैकफुट पर नहीं जाऊंगा, क्रिकेट और प्रसारण क्योंकि इन दोनों क्षेत्रों में मेरे पास काफी अनुभव है।' उन्होंने कहा, 'मैं स्पष्ट हूं कि पिछले कई वर्षों में भले ही क्रिकेट में बदलाव आया हो लेकिन यह चीज समान है और वह यह है कि टीम कप्तान को पूरे अधिकार दिए जाने चाहिए क्योंकि उसे मैदान पर टीम को उतारना है और नतीजे हासिल करने हैं।'
डीआरएस का यह मुद्दा गड़बड़ी को दर्शाता है
इसके अलावा उन्होंने इस बात को लेकर नाराजगी व्यक्त की कि रावलपिंडी और लाहौर में आगामी पाकिस्तान-न्यूजीलैंड की सफेद गेंद की श्रृंखला में कोई फैसला समीक्षा प्रणाली (डीआरएस) नहीं होगी। उन्होंने कहा, हां, इसमें कोई शक नहीं है कि डीआरएस का यह मुद्दा गड़बड़ी को दर्शाता है और मैं इस मामले को देखूंगा। बता दें कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और न्यूजीलैंड क्रिकेट ने 'फैसला समीक्षा प्रणाली (डीआरएस)' की अनुपलब्धता के कारण अगले सप्ताह की वन-डे सीरीज को आईसीसी क्रिकेट विश्व कप सुपर लीग के तहत नहीं खेलने का फैसला किया। ऐसे में यह द्विपक्षीय सीरीज होगी। दोनों बोर्ड इस बात पर सहमत हुए हैं कि ये 50 ओवर के मैच आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 की क्वालीफाइंग का हिस्सा होंगे।
पीसीबी के 36वें अध्यक्ष बने राजा
बता दें कि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा को सोमवार को सर्वसम्मति से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का नया अध्यक्ष चुना गया। वह पीसीबी के 36वें अध्यक्ष बने हैं। वह एहसान मनी की जगह लेंगे। राजा का कार्याकल तीन साल का होगा। यह रमीज का पीसीबी के साथ दूसरा कार्यकाल होगा। वह 2003 से 2004 तक बोर्ड के मुख्य कार्यकारी रह चुके हैं। बोर्ड की विशेष बैठक की अध्यक्षता पीसीबी के चुनाव आयुक्त जस्टिस (सेवानिवृत) शेख अजमत सईद ने की। रमीज का नामांकन प्रधानमंत्री और बोर्ड के मुख्य संरक्षक इमरान खान ने किया था। बता दें कि रमीज राजा ने पाकिस्तान के लिए 57 टेस्ट और 198 वन-डे अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। टेस्ट में उन्होंने 31.8 की औसत से 2833 रन बनाए हैं जबकि वन-डे अंतरराष्ट्रीय में उनके नाम 5841 रन दर्ज हैं। पाकिस्तान के मौजूदा प्रधानमंत्री व पूर्व कप्तान इमरान खान के नेतृत्व में रमीज ने खेला है। इमरान और रमीज दोनों 1992 विश्व कप टीम का हिस्सा थे।