एक ओर टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आईपीएल में व्यस्त हैं तो दूसरी ओर पत्नी हसीन जहां उनकी मुश्किलें और बढ़ाने में लगी हैं। सोमवार रात केकेआर के खिलाफ मैच खेलने कोलकाता पहुंचे शमी को पुलिस ने समन भेजा है। पत्नी हसीन जहां से घरेलू हिंसा के आरोप में कोलकाता पुलिस ने उन्हें बुधवार दोपहर 2 बजे पूछताछ के लिए बुलाया है।
इसके पहले शमी के बड़े भाई मोहम्मद हशीम अहमद को भी पूछताछ के लिए कोलकाता पुलिस मुख्यालय बुलाया गया था। सोमवार को इसकी जानकारी पुलिस मुख्यालय में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दी थी। शमी की पत्नी हसीन ने अपने पति के बड़े भाई हशीम अहमद पर रेप का आरोप लगाया है। उत्तर प्रदेश के अमरोहा स्थित उनके आवास पर भेजे गए इस नोटिस में उन्हें पूछताछ के लिए 18 अप्रैल को कोलकाता पुलिस मुख्यालय बुलाया गया है। अगर वह आते हैं तो पूछताछ कर उनका बयान रिकॉर्ड किया जाएगा।
बता दें कि बीते 17 मार्च को कोलकाता पुलिस की टीम अमरोहा स्थित शमी के गांव गई थी और एक सप्ताह वहां रहकर जांच-पड़ताल की थी। इस दौरान शमी के मामा सहित उनके पड़ोसियों व एक नर्सिंग होम के नर्स व डॉक्टरों समेत 11 लोगों का बयान रिकॉर्ड किया गया था। हसीन ने वहां रहने के दौरान जिस अस्पताल में अपनी जांच कराई थी, उसी के नर्स व डॉक्टर से पूछताछ की गई है।
शमी के बड़े भाई का भी एक आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया था। उनके खिलाफ दंगा करने व मारपीट का एक केस दर्ज है, हालांकि इस मामले में उन्हें जमानत मिल गई थी। बता दें कि लंबे अरसे से चले आ रहे शमी-हसीन जहां विवाद में टीम इंडिया के इस स्टार बॉलर के अलावा उनके बड़े भाई, भाभी, बहन और मां के खिलाफ मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का केस दर्ज कराया गया है।
इसके पहले 11 अप्रैल को हसीन जहां ने मोहम्मद शमी से भरण-पोषण के रूप में प्रतिमाह 10 लाख रुपए की डिमांड कर डाली थी। हसीन ने 7 लाख परिवार के मेंटेनेंस और 3 लाख रुपए अपनी बच्ची के लिए मांगे थे। हसीन जहां के वकील के मुताबिक, केस की गंभीरता को समझते हुए कोर्ट ने जल्द ही सुनवाई का फैसला किया है। साथ ही मोहम्मद शमी को उनका पक्ष कोर्ट में रखकर सफाई देने के लिए कहा है. हालांकि, हसीन जहां के वकील को भरोसा है कि वह यह केस जीत जाएंगे।