Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   India Veteran Batters Struggle in New Zealand: Rohit Sharma and Virat Kohli Form Raises 2027 World Cup Concern

रोहित-विराट दोनों न्यूजीलैंड में फेल: क्या 2027 विश्व कप से पहले टीम इंडिया की बढ़ गई टेंशन? आगे कौन सी चुनौती

Sun, 15 Nov 2026 10:59 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: स्वप्निल शशांक Updated Sun, 15 Nov 2026 10:59 AM IST
सार

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। रोहित ने चार पारियों में 30, जबकि विराट ने 86 रन बनाए। दोनों अनुभवी बल्लेबाजों की नाकामी ने 2027 विश्व कप से पहले उनकी फॉर्म को लेकर सवाल खड़े किए हैं। दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में उनके पास वापसी का मौका होगा।

विज्ञापन
India Veteran Batters Struggle in New Zealand: Rohit Sharma and Virat Kohli Form Raises 2027 World Cup Concern
रोहित और कोहली - फोटो : ANI

विस्तार

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के लिए न्यूजीलैंड का दौरा किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके न्यूजीलैंड पहुंचे रोहित से फैंस को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन पांच वनडे मैचों की सीरीज में उन्होंने चार पारियों में सिर्फ 30 रन बनाए। इस दौरान वह दो बार खाता भी नहीं खोल सके। दूसरी ओर, विराट कोहली ने चार पारियों में 21.50 की औसत से 86 रन बनाए। उनके बल्ले से एक अर्धशतक निकला, लेकिन पहले वनडे के बाद वह भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। दोनों अनुभवी बल्लेबाजों के प्रदर्शन ने 2027 वनडे विश्व कप से पहले भारतीय टीम की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

विज्ञापन

 
Trending Videos

रोहित का बल्ला रहा खामोश
रोहित शर्मा के लिए न्यूजीलैंड सीरीज की शुरुआत ही अच्छी नहीं रही। चार नवंबर को ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे में वह बिना खाता खोले आउट हो गए। सात नवंबर को वेलिंगटन में दूसरे वनडे में उन्होंने 23 रन बनाए। इसके बाद हैमिल्टन में 10 नवंबर को खेला जाने वाला तीसरा मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया और रोहित को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला।

माउंट माउंगानुई में 13 नवंबर को खेले गए चौथे वनडे में रोहित एक बार फिर शून्य पर आउट हो गए। सीरीज के पांचवें और आखिरी मुकाबले में भी वह सिर्फ सात रन बना सके। इस तरह चार पारियों में उनके बल्ले से कुल 30 रन निकले। वह पूरी सीरीज में एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके।

विज्ञापन
विज्ञापन

India Veteran Batters Struggle in New Zealand: Rohit Sharma and Virat Kohli Form Raises 2027 World Cup Concern
रोहित और कोहली - फोटो : ANI

कोहली का कैसा रहा प्रदर्शन?
विराट कोहली का प्रदर्शन भी पहले वनडे के बाद निराशाजनक रहा। उन्होंने ऑकलैंड में खेले गए पहले मुकाबले में 51 गेंदों पर 74 रन की शानदार पारी खेली थी। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 145.10 रहा और उन्होंने 13 चौके तथा एक छक्का लगाया। हालांकि, इसके बाद उनकी लय बिगड़ गई। अगले दो पूरे मुकाबलों में वह सात और पांच रन ही बना सके। इस तरह विराट ने चार पारियों में कुल 86 रन बनाए। उनका औसत 21.50 और स्ट्राइक रेट 124.64 रहा। उनके बल्ले से एक अर्धशतक निकला।

विज्ञापन

क्या 2027 विश्व कप की तैयारी को लगा झटका?
रोहित और विराट का यह प्रदर्शन ऐसे समय आया है, जब 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियां अहम दौर में पहुंच रही हैं। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले इस टूर्नामेंट की परिस्थितियां न्यूजीलैंड से कुछ हद तक मिलती-जुलती हो सकती हैं। ऐसे में दोनों अनुभवी बल्लेबाजों का संघर्ष भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय है।

चौथे वनडे में भारत की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई थी। 334 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम सिर्फ 89 रन पर सिमट गई और उसे 244 रन से हार का सामना करना पड़ा। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी इस हार के बाद टीम के प्रदर्शन को चिंताजनक बताया था। उन्होंने कहा था कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियां अगले साल होने वाले विश्व कप में मिलने वाली परिस्थितियों जैसी हैं।

India Veteran Batters Struggle in New Zealand: Rohit Sharma and Virat Kohli Form Raises 2027 World Cup Concern
रोहित और कोहली - फोटो : ANI

रोहित के पक्ष में भी हैं मजबूत आंकड़े
हालांकि, रोहित के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए उनकी पूरी वनडे क्षमता पर सवाल उठाना जल्दबाजी होगी। 2023 विश्व कप के बाद से वह वनडे में भारत के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। साल 2026 में भी उनके बल्ले से कुछ शानदार पारियां निकली हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 138 रन बनाए थे। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ 101 और 92 रन की पारियां खेलीं। यानी न्यूजीलैंड दौरे से ठीक पहले रोहित अच्छी लय में थे। यही वजह है कि मौजूदा खराब प्रदर्शन को उनके करियर का अंतिम निष्कर्ष नहीं माना जा सकता। हालांकि, लगातार असफलताओं ने उनके फॉर्म और भविष्य को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

2023 वनडे विश्व कप के बाद से भारत के लिए सबसे ज्यादा रन

बल्लेबाज

मैच

पारियां

रन

सर्वोच्च स्कोर

औसत

स्ट्राइक रेट

शतक

अर्धशतक

शुभमन गिल

29

27

1479

223*

64.30

101.57

5

7

रोहित शर्मा

34

33

1441

138

45.03

104.19

4

8

विराट कोहली

30

29

1347

139*

53.88

104.98

5

8

श्रेयस अय्यर

29

27

872

79

33.53

88.70

0

7

केएल राहुल

32

25

827

129*

55.13

108.24

2

3

श्रीलंका सीरीज में वापसी का मौका
रोहित और विराट के पास अपनी लय वापस हासिल करने का अगला मौका घरेलू मैदान पर मिलेगा। भारत को दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है। पहला मुकाबला 13 दिसंबर को विशाखापत्तनम, दूसरा 16 दिसंबर को बंगलूरू और तीसरा 19 दिसंबर को अहमदाबाद में प्रस्तावित है। घरेलू परिस्थितियों में रोहित और विराट दोनों के लिए रन बनाना राहत देने वाला हो सकता है, लेकिन न्यूजीलैंड में मिली नाकामी से उठे सवालों का जवाब देने के लिए उन्हें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

विश्व कप में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में दोनों अनुभवी बल्लेबाजों को अपनी लय और अलग-अलग परिस्थितियों के मुताबिक खेलने की क्षमता साबित करनी होगी। रोहित और विराट के अनुभव और पिछले रिकॉर्ड को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, लेकिन विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में जगह सिर्फ नाम के आधार पर तय नहीं होती। आने वाली श्रीलंका सीरीज उनके लिए खुद को साबित करने का अहम मौका होगी।

भारत बनाम श्रीलंका सीरीज 2026 का शेड्यूल

तारीख

मुकाबला

स्थान

समय (भारतीय समय)

13 दिसंबर 2026

पहला वनडे

विशाखापत्तनम

दोपहर 2:00 बजे

16 दिसंबर 2026

दूसरा वनडे

बंगलूरू

दोपहर 2:00 बजे

19 दिसंबर 2026

तीसरा वनडे

अहमदाबाद

दोपहर 2:00 बजे

22 दिसंबर 2026

पहला टी20

राजकोट

शाम 7:00 बजे

24 दिसंबर 2026

दूसरा टी20

कटक

शाम 7:00 बजे

27 दिसंबर 2026

तीसरा टी20

पुणे

शाम 7:00 बजे

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed