भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मंसूर अली खान पटौदी का आज जन्मदिन है। 5 जनवरी 1941 को भोपाल के नवाब खानदान में पैदा हुए मंसूर अली खान अगर आज जिंदा होते तो अपना 77वां जन्मदिन मना रहे होते।
क्रिकेट के मैदान पर 'टाइगर' कहे जाने वाले मंसूर अली खान पटौदी की जिंदगी किसी फिल्म से कम नहीं। हादसे में एक आंख की रोशनी खो जाना, नवाबों वाली शान-शौकत के साथ जिंदगी जीना और अपने दौर की मशहूर अदाकार शर्मिला टैगोर से इश्क लड़ाने के लिए भी वे काफी चर्चित हुए।
होते भी क्यों ना, उन दिनों शर्मिला टैगोर की गिनती सबसे खूबसूरत एक्ट्रेसेज में हुआ करती थी। मंसूर अली खान पटौदी के क्रिकेट करियर की कहानी जितनी रोचक है, उतना ही मजेदार है बॉलीवुड एक्ट्रेस शर्मिला टैगोर के साथ उनकी मोहब्बत का किस्सा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शर्मिला और मंसूर अली की पहली मुलाकात दिल्ली में हुई थी।
पहली ही मुलाकात में पटौदी शर्मिला टैगोर को दिल दे बैठे, लेकिन मोहब्बत की राह यहां भी कठिन थी, क्योंकि टाइगर पटौदी नवाब खानदान से थे और शर्मिला बॉलीवुड एक्ट्रेस। दोनों के धर्म अलग थे, लेकिन इश्क बदस्तूर जारी था।
लोगों ने कहा कि यह रिश्ता चलेगा नहीं लेकिन दोनों ने दुनिया को गलत साबित किया और रिश्ता निकाह तक पहुंचा। टाइगर पटौदी और शर्मिला टैगोर के रोमांस से जुड़ा एक मजेदार किस्सा है। दरअसल, रिश्ते के शुरुआती दिनों में टाइगर पटौदी ने शर्मिला टैगोर को गिफ्ट में रेफ्रिजरेटर दिया था।