टीम इंडिया ने मोहाली में मार लिया मैदान, 3 दिन में जीते
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोहाली टेस्ट के तीसरे ही दिन फिरकी गेंदबाजों के कमाल की बदौलत टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 108 रनों से हराते हुए न सिर्फ अपने कप्तान विराट कोहली को उनके 27वें जन्मदिन का शानदार गिफ्ट दिया बल्कि 4 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त भी बना ली। बतौर टेस्ट कप्तान कोहली का भारत में यह पहला मैच भी था।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
'सर' रवींद्र जडेजा ने दूसरी पारी में 5 विकेट झटकते हुए तीसरे दिन का खेल खत्म होने से 45 मिनट पहले ही दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी महज 109 रन पर समेट दी। जडेजा के अलावा आर अश्विन ने 3 और अमित मिश्रा तथा वरुण आरोन ने एक-एक सफलता हासिल की। इससे पहले तीसरे दिन के लंच के बाद ही भारत की दूसरी पारी महज 200 रन पर सिमट गई।
पहली पारी में भारत को 17 रनों की बढ़त मिली थी इसलिए मेजबान टीम ने अफ्रीकी टीम को 218 रनों का लक्ष्य दिया। भारत की ओर से चेतेश्वर पुजारा ने सबसे ज्यादा 77 रनों की पारी खेली। आज पुजारा और कप्तान विराट कोहली (27) के बीच तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की हुई साझेदारी ने भारत की बढ़त को मजबूती दी लेकिन बाद के बल्लेबाज बुरी तरह से नाकाम हो गए।
अफ्रीकी टीम की ओर से सिमोन हार्मर और इमरान ताहिर ने 4-4 जबकि स्टैन वान जिल ने 1 विकेट निकाले। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की टीम मैच के दूसरे दिन भारतीय स्पिन तिकड़ी अश्विन (5/51), रविंद्र जडेजा (3/55) और अमित मिश्रा (2/35) के लाजवाब प्रदर्शन के आगे पहली पारी में 184 रनों पर सिमट गई।
महज 39 रन के अंदर भारत ने गंवा दिए 8 विकेट
मोहाली टेस्ट के तीसरे दिन भारत की दूसरी पारी की शुरुआत कल के नाबाद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा और कप्तान विराट कोहली (29) ने की और पारी को 2 विकेट पर 125 रन से आगे बढ़ाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की फिर स्कोर को 150 के पार पहुंचा दिया। तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़ चुकी इस साझेदारी को वान जिल ने कोहली को कैच आउट कराकर तोड़ दिया। कोहली 29 रन बनाकर आउट हुए।
इसके थोड़ी देर बाद पुजारा भी चलते बने। उन्होंने 153 गेंदों में 77 रनों की साहसिक पारी खेली। लेकिन इसके बाद अफ्रीकी फिरकी गेंदबाजों ने बल्लेबाजों को अपने फिरकी में उलझा दिया। भारत का स्कोर एक समय 2 विकेट पर 161 रन था लेकिन अगले 39 रन के अंदर भारतीय पारी के 8 विकेट गिर गए। भारत की दूसरी पारी लंच के थोड़ी देर बाद खत्म हो गई।
एक समय ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 200 रन भी नहीं बना पाएगी, लेकिन रिदिमान साहा ने 20 रन बनाकर टीम को 200 तक पहुंचा ही दिया। अफ्रीकी टीम की ओर से दूसरी पारी के 9 विकेट फिरकी गेंदबाजों के खाते में गए। सिमोन हार्मर और इमरान ताहिर ने 4-4 जबकि स्टैन वान जिल ने 1 विकेट निकाले। तेज गेंदबाज वार्नेन फिलेंडर ने भी एक विकेट लिए। पुजारा के 77 रन के अलावा ओपनर मुरली विजय ने 47 रनों का योगदान दिया। भारत पहली पारी में 201 रन बना सका था।
218 के जवाब में 50 से पहले ही गिर गए SA के 5 विकेट
टीम इंडिया ने मैच के तीसरे ही दिन दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 218 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया। लंच के बाद अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी की शुरुआत डीन एल्गर और वार्नेन फिलेंडर (1) से कराई लेकिन टीम की यह योजना कारगर नहीं साबित हुई। दूसरे ही ओवर में यह नई जोड़ी टूट गई। रवींद्र जडेजा ने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर फिलेंडर को पगबाधा कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद आर अश्विन ने तीसरे ओवर में क्रीज पर आए नए बल्लेबाज फैफ डु प्लेसिस (1) को कैच आउट कराकर चलता किया। फिर अगले ओवर में भारत को तीसरी सफलता जडेजा ने कप्तान हाशिम अमला (0) को बोल्ड कर दिलाई। भारत को सबसे बड़ी सफलता अमित मिश्रा ने दिलाई जब उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाज एबी डीविलियर्स (16) को 10वें ओवर में बोल्ड कर दिया।
टीम इंडिया के 'सर' ने वापसी करते ही कर दिया 'धमाका'विकेटों के पतझड़ के बीच तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने भी एक सफलता हासिल कर ली। मैच में भारत के किसी तेज गेंदबाज की यह पहली सफलता रही। उन्होंने ओपनर डीन एल्गर (16) आउट कराया। दक्षिण अफ्रीका की आधी टीम महज 45 रनों पर ही पवेलियन लौट गई। भारतीय फिरकी गेंदबाजों ने अफ्रीकी बल्लेबाजों की एक न चली और पूरी टीम 40 ओवर से पहले ही 109 रन बनाकर आउट हो गई। स्टैन वान जिल ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए।
भारत की ओर जडेजा ने 21 रन देकर 5 विकेट झटके। जडेजा और अश्विन ने मैच में 8-8 विकेट निकाले। अश्विन ने पहली पारी में 5 विकेट निकाले थे। जडेजा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।