टीम इंडिया ने बचाई लाज, बांग्लादेश को हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले दो मैच में हारकर बांग्लादेश के हाथों सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया तीसरे मैच में लय में लौटती दिखी और मुकाबले में उनकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी ने शानदार खेल दिखाया।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें।
मीरपुर में खेले गए तीसरे वनडे में टीम इंडिया से मिले 318 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही और मेजबान टीम ने 47 ओवर में ही 240 रन बनाकर आउट हो गई। इस तरह से भारत ने यह मैच 77 रन से जीत लिया। हालांकि मैच में हार के बावजूद बांग्लादेश ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली। उसने पहली बार भारत से कोई सीरीज जीती है।
इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने गजब का खेल दिखाया और 200 रन से पहले ही बांग्लादेश के 6 विकेट झटक लिए। भारत की ओर से पार्ट टाइम गेंदबाज सुरेश रैना ने 3 विकेट झटके जबकि तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी और आर अश्विन को 2-2 सफलता मिली। तीन अन्य गेंदबाजों ने एक-एक सफलता हासिल की।
इससे पहले टीम इंडिया ने आज शिखर धवन (75) और कप्तान धोनी (69) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 50 ओवर में 6 विकेट पर 317 रन बनाए। इस सीरीज में भारत ने पहली बार 50 ओवर खेले और 250 से ज्यादा का स्कोर किया है।
पहले ओवर में मिला जीवनदान, दूसरे ओवर में लगा झटका
बांग्लादेश को जीत के लिए 318 रनों का लक्ष्य देने के बाद कप्तान धोनी ने स्टुअर्ट बिन्नी को पहला ओवर डालने का मौका दिया। वह तीसरी ही गेंद पर भारत को पहली सफलता दिला देते अगर वह खुद अपनी ही गेंद पर सौम्य सरकार को कैच करने का मौका नहीं गंवाते।
सौम्य को उस समय जीवनदान मिला जब उन्होंने अपना खाता भी नहीं खोला था। लेकिन भारत को पहली सफलता के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा। अगले ही ओवर में तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी ने दूसरे ओपनर तमीम इकबाल (5) को पगबाधा कर टीम इंडिया को पहली सफलता दिला दी।
इसके बाद अगले ओवर में बिन्नी पर लगातार दो गेंदों पर सौम्य ने छक्का और चौका जड़ दिया, फिर उन्होंने लिटन दास के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी कर टीम को राहत दी। हालांकि अर्धशतकीय साझेदारी के बाद यह जोड़ी भी टूट गई। धवल ने सौम्य सरकार (40) को मिड ऑन पर अश्विन के हाथों कैच आउट कराया।
उनके जाने के बाद लिटन का साथ देने मुशफिकर रहीम क्रीज पर आए। दोनों ने टीम को झटके से बाहर निकालते हुए तीसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी कर डाली। अपना तीसरा मैच खेल रहे लिटन ने लगातार दो बल्लेबाजों के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की।
फिरकी गेंदबाजों ने उखाड़ा बांग्लादेश का मध्य क्रम
लिटन दास और मुशफिकर रहीम के बीच तीसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी को पार्ट टाइम गेंदबाज सुरेश रैना ने 19वें ओवर में तोड़ दिया। इसके बाद लिटन का साथ देने अनुभवी बल्लेबाज शाकिब अल हसन क्रीज पर आए। लेकिन जल्द ही यह जोड़ी टूट गई।
सीरीज के पिछले दो मैचों में लचर प्रदर्शन के बाद भारतीय गेंदबाजों ने आज सुधरी हुई गेंदबाजी की। उन्होंने 22 ओवर के अंदर ही 118 रन पर 4 विकेट झटक लिए।
पिछले मैच में नाकाम रहे युवा फिरकी गेंदबाज अक्षर पटेल ने लिटन को बोल्ड कर भारत को चौथी सफलता दिलाई। वह 34 रन बनाकर आउट हुए। भारत को पांचवीं सफलता के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा और रैना ने शाकिब अल हसन (20) को कैच आउट कराया।
बांग्लादेश की ओर से सब्बीर रहमान ने नासिर हुसैन के साथ छठे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी कर टीम को दो सौ के करीब पहुंचा दिया लेकिन अभी टीम इस आंकड़े को पार करती कि स्टुअर्ट बिन्नी ने मैच में अपनी पहली सफलता हासिल करते हुए सब्बीर रहमान (43) को बोल्ड कर दिया।
पुछल्ले बल्लेबाज बांग्लादेश की हार टाल नहीं सके और 47 ओवर में ही आलआउट हो गए। अंतिम विकेट अंबाती रायडू ने झटका।
धोनी की बड़ी पारी, बांग्ला गेंदबाजों की निकाली आफत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की बैटिंग हालांकि धीमी रही लेकिन दोनों ओपनर्स शिखर धवन और रोहित शर्मा ने पिछले वनडे के मुकाबले ठोस शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने टिककर और संभलकर बल्लेबाजी की। लेकिन 7वें ओवर में मुस्ताफिजुर रहमान ने टीम इंडिया को पहला झटका दिया।
रहमान ने रोहित शर्मा (29) को आउट कर अपनी टीम की झोली में पहली सफलता दी। पहला झटका लगने के बाद धवन का साथ निभाने क्रीज पर टीम के उपकप्तान विराट कोहली पहुंचे। पिछले कुछ मैचों में खराब शॉट चयन के वह निशाने पर थे। लेकिन पिछले कई मैचों की तरह वह इस बार नहीं चले। लगातार खराब प्रदर्शन कर रहे कोहली का निराशाजनक प्रदर्शन तीसरे मैच में भी जारी रहा। 25 के स्कोर पर साकिब उल हसन ने कोहली को बोल्ड को किया।
कोहली के आउट होने के बाद चौथे नंबर एक बार फिर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पहुंचे। इस बार धोनी अलग ही रंग में नजर आए। आते ही धोनी ने आक्रामक बल्लेबाजी के साथ बांग्लादेशी गेंदबाजों को परेशान करना शुरू किया। धवन के साथ धोनी ने मैदान के चारो ओर रन बरसाए।
इस बीच 27 वें ओवर में टीम इंडिया को तीसरा झटका धवन (75) के रुप में लगा। आउट होने से पहले उन्होंने शानदार फिफ्टी लगाई और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (69 ) के साथ तीसरे विकेट के लिए 44 रन जोड़े। धोनी एक छोर से मैदान में डटे रहे। उन्होंने तेजी से रन बटोरना जारी रखा और रायडू के साथ बांग्लादेशी गेंदबाजों पर जमकर रन बरसाए।
39वें ओवर में धोनी ने एक छक्के और 4 चौकों की मदद से करियर की 59वीं फिफ्टी लगाई। साथ में अंबाती रायडू (44) ने भी धोनी के साथ तेजी से रन बनाने शुरू किए। हालांकि वह फिफ्टी से चूक गए। 44वें ओवर में वह बांग्लादेशी कप्तान मशरफे मुर्तजा की गेंद पर विकेटकीपर को कैच थमा बैठे। रायडू ने चौथे विकेट के लिए धोनी के साथ 93 रन जोड़े।
आखिर में सुरेश रैना (38) ने धोनी के साथ तेजी से रन बनाने शुरू किए लेकिन 46वें ओवर में धोनी कैच आउट हुए। लेकिन आखिर में रैना ने आतिशी पारी के साथ टीम के स्कोर को 300 के पार पहुंचाया। 49वें ओवर में मुस्ताफिजुर ने रैना को बोल्ड किया।