टीम इंडिया की एक और शर्मनाक हार, सीरीज भी गंवाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मीरपुर में दूसरे वनडे मुकाबले में बांग्लादेश के हाथो एक और शर्मनाक हार के बाद टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज भी गंवा दी है। टीम इंडिया के 45 ओवर में 200 रन के मुकाबले बांग्लादेश ने इस लक्ष्य को 54 गेंद और 6 विकेट रहते ही हासिल कर लिया।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
टीम इंडिया का बांग्लादेश में प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। ढाका में पहले वनडे में मिली हार के बाद टीम इंडिया मीरपुर में दूसरा वनडे मुकाबला भी हार गई। इससे पहले बांग्लादेश ने पाकिस्तान को धूल चटाई थी। इस मैच के साथ बांग्लादेश की वनडे में यह लगातार दसवीं जीत है।
ढाका की तरह मीरपुर में भी टीम इंडिया का कोई बल्लेबाज नहीं चला। दोनों मैचों में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुश्ताफिकर रहमान की गेंदबाजी शानदार रही। रहमान ने पहले मैच में 5 और दूसरे मैच में 6 विकेट झटके। वहीं, दोनों मैचों में टीम इंडिया के न गेंदबाज चले और न बल्लेबाज।
फिर फेल हुए टीम इंडिया के सुपरस्टार्स
इससे पहले टॉस जीतकर टीम इंडिया के पहले बल्लेबाजी के फैसले को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब मैच की पहले ओवर में ही मुश्ताफिकर रहमान ने दूसरी गेंद पर टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा को बिना कोई खाता खोले आउट किया। हालांकि इसके बाद क्रीज पर आए विराट कोहली ने शिखर धवन के साथ अच्छी बल्लेबाजी की। वर्ल्ड कप 2015 से लगातार फ्लॉप चल रहे कोहली के सामने इस मैच में खुद को साबित करने की चुनौती थी और उन्होंने धवन के साथ तेजी से रन बटोरते हुए फिफ्टी रनों की साझेदारी पूरी की। दोनों बल्लेबाज पूरे रौब में नजर आए और बांग्लादेशी गेंदबाजों पर खूब रन बरसाए।
9 ओवर पूरे होने के बाद अचानक आई तेज बारिश से मैच कुछ देर के लिए बाधित जरुर हुआ लेकिन जल्दी ही बारिश थमने के बाद मैच दोबारा शुरू शुरू हुआ। 13वें ओवर में बांग्लादेशी कप्तान मशरफे मुर्तजा ने गेंदबाजी की कमान नासिर हुसैन को सौंपी। तीसरी गेंद पर इस फिरकी गेंदबाज ने कोहली (23) को पगबाधा आउट कर टीम इंडिया को दूसरा बड़ा झटका दिया। इसके बाद क्रीज पर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने धवन के साथ कमान संभाली। धोनी ने तेजी से रन बटोरते हुए धवन के साथ टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। 13वें ओवर में भारत को तीसरा झटका भी फिरकी गेंदबाज नासिर हुसैन ने ही दिया। शिखर धवन (53) विकेट के पीछे कैच आउट हुए।
इसके बाद क्रीज पर अजिंक्य रहाणे के स्थान पर टीम में इंट्री पाने वाले बल्लेबाज अंबाती रायडू पहुंचे। लेकिन वह बिना खाता खोले ही आउट हो गए। रायडू के रुप में टीम इंडिया को चौथा झटका लगा। कुछ देर कप्तान धोनी के साथ सुरेश रैना ने टिककर बल्लेबाजी की। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी भी हुई। लेकिन दोनों की साझेदारी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में नाकाम रही। कछुआ गति से दोनों ने रन बनाए। इस बीच 36 ओवर में जब टीम का स्कोर मात्र 163 रन था, रैना 55 गेंदों में मात्र 34 रन बनाकर आउट हो गए। रैना के बाद कप्तान धोनी (47) फिफ्टी से चूके। उनके आउट होते ही टीम के बड़े स्कोर का सपना चकनाचूर हो गया। धोनी तेज गेंदबाज मुश्ताफिकर रहमान का चौथा शिकार बने।
अगली ही गेंद पर रहमान ने अक्षर पटेल को शून्य पर चलता किया। टीम इंडिया ने 184 के स्कोर पर अपना आठवां विकेट आर अश्विन के रुप में गंवाया। 44 ओवर पूरे भी नहीं हुए थे कि एक बार फिर बारिश ने मैच में बाधा डाली। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर भारी बारिश के चलते मैच रोकना पड़ा। एक घंटे से भी ज्यादा चली बारिश के बाद मैदान का निरीक्षण किया गया। मैच 47-47 ओवरों का किया गया जिसमें टीम इंडिया ने आखिरी दो विकेट 16 रनों के भीतर गंवाए। पिछले वनडे की तरह इस बार भी तेज गेंदबाज मुश्ताफिकर रहमान टीम के हीरो बनकर उभरे। इस गेंदबाज ने 6 विकेट झटके।
बल्लेबाजी में भी कमाल कर गए बांग्लादेशी
टीम इंडिया के जवाब में बांग्लादेश की शुरुआत काफी तेज रही। हालांकि दूसरे ओवर में धवल कुलकर्णी के एक ओवर में तमीम इकबाल का कैच विराट कोहली ने लपका। उस वक्त तमीम शून्य पर थे। लेकिन थर्ड अंपायर ने कैच को नकार दिया और तमीम को जीवनदान मिला। तमीम के साथ सौम्य सरकार ने बड़े हिट लगाए और तीन ओवर में टीम का स्कोर 24 रन पहुंचा दिया। दबाव में भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को मैच के चौथे ओवर में ही आर अश्विन को गेंदबाजी सौंपनी पड़ी। लेकिन बात नहीं बनी।
वहीं, उमेश यादव के स्थान पर टीम में जगह पाने वाले धवल कुलकर्णी ने तमीम इकबाल (13) को आउट कर अपनी टीम को पहली सफलता दिलाकर बड़ी राहत दी। टीम इंडिया को दूसरी सफलता सौम्य सरकार (34) के रुप में मिली। आर अश्विन ने सरकार को पगबाधा आउट किया। बांग्लादेश ने अपना तीसरा और चौथा विकेट लिट्टोन दास (36) और मुश्तफिकर रहीम (31) के रुप में गंवाया। बांग्लादेश की ओर से आखिर में साकिब उल हसन (51 नाबाद) और शब्बीर रहमान (23 नाबाद) रहे और टीम को जीत तक पहुंचाया।