भारत की शर्मनाक हार, बांग्लादेश ने 79 रनों से रौंदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ढाका में हुए भारत और बांग्लादेश के बीच पहले वनडे मुकाबले में बांग्लादेश के आगे टीम इंडिया के बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों फेल हुए। बांग्लादेश के 307 रनों के जवाब में टीम इंडिया मात्र 46 ओवर में 228 रनों पर ढ़ेर हो गई।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
वनडे में नंबर दो पर काबिज टीम इंडिया नंबर आठ की टीम बांग्लादेश के सामने बौनी साबित हुई। बांग्लादेश के लिए 18 जून का दिन लकी साबित हुआ। ठीक 10 साल पहले बांग्लादेश ने इसी दिन वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को धूल चटाई थी और दस साल बाद टीम इंडिया को 79 रनों के बड़े अंतर से हराकर इतिहास दोहराया।
टीम इंडिया की ओर से शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए रोहित शर्मा और शिखर धवन ने 95 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद मुश्तफिकर रहमान की आंधी के आगे बाद के बल्लेबाज नहीं चले। रहमान ने पांच विकेट झटके।
मुश्तफिकर रहमान के पंजे ने टीम इंडिया को जकड़ा
बांग्लादेश के विशाल लक्ष्य को भेदने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत ठोस रही। हालांकि बांग्लादेशी गेंदबाजों ने शुरुआत में घातक गेंदों से टीम इंडिया के दोनों ओपनर्स रोहित शर्मा और शिखर धवन को परेशान करने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो सके। शुरुआत में धैयपूर्वक खेलने के बाद दोनों ने जल्दी ही लय हासिल कर ली। टीम इंडिया ने 8वें ओवर में 50 रन का आंकड़ा पार किया। एक तरफ धवन धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी करते रहे तो दूसरी ओर रोहित ने तेज बल्लेबाजी जारी रखी और फिफ्टी जमाई। इसके साथ धवन ने भी तेज बल्लेबाजी शुरू की।
लेकिन जल्द ही वह बांग्लादेश का पहला शिकार बने। टीम इंडिया को पहला झटका 95 के स्कोर पर धवन (30) के रुप में लगा। वह तस्किन अहमद का शिकार बने। धवन के बाद क्रीज पर विराट कोहली पहुंचे। तीन गेंदों में एक रन बनाने के बाद मैच के 18वें ओवर में वह तस्किन का दूसरा शिकार बने। इससे पहले 17वें ओवर में टीम ने 100 का आंकड़ा पार किया। फिर रोहित का साथ निभाने क्रीज पर अजिंक्य रहाणे पहुंचे। लेकिन 21वें ओवर में रोहित की शानदार पारी का अंत हुआ और वह 63 रन बनाकर आउट हुए।
दो ओवर के बाद रहाणे 9 रन बनाकर आउट हुए। अभी क्रीज पर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पहुंचे ही थे कि साकिब उल हसन ने धोनी (5) को आउट कर टीम इंडिया को पांचवां झटका दिया। पांच विकेट गिरने के बाद संकट में आई टीम इंडिया की डूबती नैय्या को सुरेश रैना और रविंद्र जडेजा ने संभाला। कुछ देर धीमा खेलने के बाद 31वें ओवर में दोनों ने लय हासिल की और फिर तेज खेलना शुरू किया। रैना ने धुंआधार चौके और छक्के जमाए। लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं पाए।
37वें ओवर में मुश्तफिकर रहमान ने रैना (40) को बोल्ड कर टीम इंडिया को छठा झटका देकर अपनी टीम की जीत की उम्मीद और बढ़ा दी। अगली गेंद पर आर अश्विन शून्य पर चलते बने। इस विकेट के रुप में रहमान को चौथी सफलता मिली। आठवां झटका टीम इंडिया को जडेजा के रुप में लगा। हार के कगार पर खड़ी टीम इंडिया को पुछल्ले बल्लेबाजों भुवनेश्वर कुमार और मोहित शर्मा ने 24 रनों तक रोके रखा। मोहित शर्मा बांग्लादेश का नौंवा शिकार बने। आखिरी सफलता साकिब उल हसन को मिली।
शुरुआती 15 ओवर में भारतीय गेंदबाजों को नहीं मिली कोई सफलता
इससे पहले मार्च में वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भिड़ंत के बाद दोनों टीमें पहली बार वनडे मैच में आमने-सामने हुईं। ढाका में पहले वनडे मुकाबले में मेजबान बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। इसके बाद तमीम इकबाल और सौम्य सरकार की सलामी जोड़ी ने टीम को अप्रत्याशित रूप से शानदार शुरुआत दिलाई।
दोनों ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर क्लास ली और किसी भी तेज गेंदबाज को नहीं छोड़ा और 15 ओवर तक एक भी विकेट झटकने का मौका नहीं दिया। सातवें ओवर में टीम ने 50 रन पूरे कर लिए। इससे पहले बांग्ला पारी के छठे ओवर में तमीम इकबाल ने उमेश यादव के ओवर में 3 चौके और एक छक्के की मदद से 18 रन बनाए।
फिर इस सलामी जोड़ी ने अपनी साझेदारी को तीन अंकों तक पहुंचाया और पहले विकेट के लिए 102 रनों की शतकीय साझेदारी कर डाली। सरकार ने 14वें ओवर की पहली गेंद पर चौका मारकर न सिर्फ अपने वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक पूरा किया बल्कि टीम को सौ के पार भी पहुंचा दिया।
हालांकि तेज गेंदबाज मोहित शर्मा के इसी ओवर में वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। ओवर की चौथी गेंद जो यॉर्कर थी उसे तमीम ने आराम से खेल लिया और वह वहीं क्रीज पर खड़े रहे लेकिन नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े सरकार रन के लिए दौड़ पड़े, इस बीच पास खड़े सुरेश रैना ने शानदार क्षेत्ररक्षण करते हुए सटीक थ्रो कर बल्लेबाज को रन आउट कर दिया। सरकार 54 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए।
उनके जाने के बाद तमीम का साथ देने अपना पहला वनडे खेल रहे लिट्टन दास क्रीज पर आए लेकिन थोड़ी देर बाद (15.4 ओवर) बारिश और तेज हो गई जिस कारण आगे का खेल जारी नहीं रखा जा सका और अंपायरों ने खेल को रोक दिया।
साकिब और हुसैन ने बल्ले से दिखाया जलवा
बांग्लादेश की पारी के 16वें ओवर के दौरान बारिश शुरू हो गई जिससे खेल कुछ तक देर बाधित रहा। बाद में जब खेल शुरू हुआ तो एक भी ओवर की कटौती नहीं की गई। लेकिन बारिश के बाद फिर से खेल शुरू होने पर पलड़ा भारत की तरफ झुकता दिखा।
खेल शुरू होते ही बांग्लादेश के बल्लेबाज लय से भटके नजर आए। 18वें ओवर में आर अश्विन ने मेजबान टीम को झटका देते हुए उसके श्रेष्ठ बल्लेबाज तमीम इकबाल (60) को लॉंग ऑफ में रोहित शर्मा के हाथों कैच आउट करा दिया। उनकी जगह मुशफिकर रहीम लेने आए और पहला वनडे खेल रहे लिट्टन दास के साथ पारी को आगे बढ़ाया लेकिन इस फिरकी गेंदबाज ने अपने अगले ओवर में भारत को एक और सफलता दिलाते हुए दास को पगबाधा करा दिया। दास 8 रन बनाकर आउट हो गए।
रहीम का साथ देने अब अनुभवी शाकिब अल हसन क्रीज पर आ चुके थे लेकिन अश्विन ने एक और बल्लेबाज को अपना शिकार बनाते हुए रहीम को लॉंग ऑन पर रोहित के ही हाथों कैच आउट करा दिया। अश्विन के 3 झटकों से मेजबान टीम स्तब्ध हो गई थी। एक समय मेजबान टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 102 रन था लेकिन 146 रन तक पहुंचते-पहुंचते 4 विकेट गंवा दिए थे।
अच्छी शुरुआत के बाद बांग्लादेश के पुछल्ले बल्लेबाजों ने भी बल्ले से दम दिखाया। टीम के ऑलराउंडर साकिब उल हसन (52) और नासिर हुसैन (34) ने शानदार बल्लेबाजी की। भारतीय गेंदबाजों को खूब धोया और टीम के विशाल स्कोर पर अहम भूमिका निभाई।