चौथे दिन भारतीय गेंदबाजों ने खूब लुटाए रन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दूसरे सत्र तक सिडनी टेस्ट ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था लेकिन अंतिम सत्र में ऑस्ट्रेलिया ने रनों की बारिश कर मैच में रोमांच ला दिया। कंगारू बल्लेबाज जिस अंदाज में रन बटोर रहे थे उसके आगे भारतीय गेंदबाज असहाय नजर आए।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
चौथे दिन का खेल खत्म होने के समय तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 6 विकेट पर 251 रन बना लिए। क्रीज पर ब्रैड हैडिन और रेयान हैरिस खेल रहे थे। 6 रन प्रति ओवर के हिसाब से रन बनाते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अब भारत पर कुल 348 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।
दूसरी पारी में उसकी ओर से कप्तान स्टीवन स्मिथ ने 71, जोए बर्न्स ने 66 और ओपनर क्रिस रोजर्स ने 55 रनों का योगदान दिया। भारत की ओर से आर अश्विन ने 4 विकेट झटके।
इससे पहले भारत पहली पारी में 475 रन बनाकर आउट हो गया। उसकी ओर से कप्तान विराट कोहली ने सर्वाधिक 147 रन बनाए, जबकि ओपनर लोकेश राहुल ने 110 रन बनाए। सीरीज में पहली बार भारतीय पुछल्ले बल्लेबाजों ने कमाल दिखाया। रोहित शर्मा के 53 रन के अलावा आर अश्विन ने 50, भुवनेश्वर कुमार ने 30 रनों का योगदान दिया।
भारत के 7 विकेट पर 383 रन पर गिर गए थे इसके बाद पुछल्लों ने 92 रन जोड़े। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टॉर्क ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके। रेयान हैरिस, नाथन ल्योन और शेन वॉटसन ने 2-2 विकेट लिए। जबकि जोश हेजलवुड को एक सफलता मिली।
अश्विन-भुवी की जोड़ी ने कराया टीम को 400 के पार
भारत ने सिडनी टेस्ट के चौथे दिन अपने कल के स्कोर 5 विकेट पर 342 रन से आगे खेलना शुरू किया। नाबाद बल्लेबाज कप्तान विराट कोहली और रिदिमान साहा ने पारी को आगे बढ़ाया लेकिन आज बल्लेबाज अभी टीम के खाते में 10 रन ही जोड़ पाए थे कि कोहली कैच आउट हो गए। कोहली अपने कल के स्कोर में महज 7 और जोड़ पाए। वह 147 रन के निजी स्कोर पर रेयान हैरिस की गेंद पर क्रिस रोजर्स के हाथों लपके गए। अपनी पारी में उन्होंने 20 चौके भी लगाए। कोहली ने छठे विकेट के लिए साहा के साथ 60 रनों की साझेदारी की थी।
इसके बाद साहा ने आर अश्विन के साथ पारी को आगे बढ़ाया लेकिन यह जोड़ी अभी 31 रन जोड़ सकी थी टूट गई। इस जोड़ी को तोड़ा जोश हैजलवुड ने जिन्होंने साहा को स्टीवन स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया। विकेटों के गिरने का सिलसिला शुरू होने पर लगा कि अब भारतीय टीम जल्द आउट हो जाएगी लेकिन पुछल्लों ने सीरीज में पहली बार जमकर बल्लेबाजी करती दिखी।
भारत का सातवां विकेट 383 रन पर गिरा। यहां से अश्विन ने भुवनेश्वर कुमार के साथ पारी को आगे बढ़ाया, दोनों ने आठवें विकेट के लिए साहसिक साझेदारी करते हुए 65 रन जोड़ लिए, उनकी इसी साझेदारी की बदौलत भारत 400 रनों के आंकड़े को पार करने में कामयाब रहा। भारत ने लंच से पहले ही 2 विकेट खोकर इस आंकड़े को पार कर लिया था।
भुवनेश्वर इस सीरीज में पहली बार खेल रहे हैं और अपने पहले ही मैच में उन्होंने पुछल्लों को अपना विकेट गंवाने के बजाए रन बनाना सीखा दिया। हालांकि वह 30 रन के स्कोर पर नाथन ल्योन की गेंद पर स्लिप में लपके गए। भुवी निचले क्रम में जबर्दस्त बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और इंग्लैंड में पिछले साल के मध्य में 3 अर्धशतक ठोंककर तहलका मचाया था।
इसके बाद अश्विन (50) ने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक लगाते हुए भारत को 450 के पार पहुंचा दिया। अश्विन के रूप में टीम का नौंवां विकेट गिरा। इसके बाद उमेश यादव 4 रन बनाकर आउट हो गए। उनके साथ ही भारतीय पारी भी 475 पर खत्म हो गई। मोहम्मद शमी 16 रन बनाकर नाबाद रहे।
अंतिम सत्र में दिखी ट्वंटी-20 जैसी बल्लेबाजी
पहली पारी के आधार पर 97 रनों की बढ़त हासिल करने के बाद ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी की शुरुआत में ही झटका लग गया। दूसरे ही ओवर में आर अश्विन ने धाकड़ ओपनर डेविड वॉर्नर (4) को कैच आउट कराकर कंगारुओं को तगड़ा झटका दे दिया। इसके बाद भारत को नए बल्लेबाज शेन वॉटसन को भी जल्द रन आउट करने का मौका मिला लेकिन विकेटकीपर रिदिमान साहा ने इसे गंवा दिया।
टी-ब्रेक तक ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट पर 38 रन बना लिए थे। लेकिन वापस आने के बाद वॉटसन 3 रन और जोड़कर 16 रन के निजी स्कोर पर अश्विन की गेंद पर बोल्ड हो गए। वहीं दूसरे छोर पर टिके क्रिस रोजर्स ने कप्तान स्टीवन स्मिथ के साथ तेजी से खेलते हुए टीम को 19वें ओवर में सौ के पार पहुंचा दिया।
चौथे दिन खेल के अंतिम सत्र में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्वंटी-20 के अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। रोजर्स ने 72 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस सीरीज में उनका यह लगातार छठा अर्धशतक है। उनके बाद आतिशी बल्लेबाजी कर रहे स्मिथ ने भी अर्धशतक ठोक दिया। उन्होंने महज 44 गेंदों में अर्धशतक लगाया। रोजर्स 56 रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर कैच आउट हो गए। अश्विन ने पारी में अपनी तीसरी सफलता हासिल करते हुए शॉन मार्श (1) को कैच आउट करा दिया।
रोजर्स और मार्श के जाने के बाद तो क्रीज पर आने वाले बल्लेबाजों ने रनों की बारिश शुरू कर दी। स्मिथ एक बार फिर भारतीय गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे और 70 गेंदों में 71 रन बना लिए। उनकी पारी का अंत मोहम्मद शमी ने पगबाधा करके किया। उन्होंने 769 रन बनाने के साथ ही चार मैचों की टेस्ट सीरीज या इससे छोटी सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
सबसे तेज रन तो जोए बर्न्स और ब्रैड हैडिन ने बनाए। दोनों ने हर गेंदबाजों पर रन जमकर बनाए। बर्न्स ने 39 गेंदों में 66 रनों की पारी खेली। अश्विन ने बर्न्स को आउट कर अपनी चौथी सफलता हासिल की। हैडिन 31 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 40 ओवर में 6 विकेट पर 251 रन बनाए।