पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज पर लग सकता है 10 साल का बैन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान के बल्लेबाज खालिद लतीफ पर स्पॉट फिक्सिंग मामले में शामिल होने के कारण 10 साल तक का बैन लग सकता है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तीन सदस्यीय एंटी करप्शन ट्रिब्यूनल ये फैसला जल्द ही सुना सकती है।
लाहौर हाई कोर्ट के पूर्व जज की अध्यक्षता वाली ट्रिब्यूनल खालिद के स्पॉट फिक्सिंग मामले पर मंगलवार या बुधवार में से किसी एक दिन अपना फैसला सुना सकती है। ट्रिब्यूनल ने पाकिस्तान के एक अन्य बल्लेबाज शर्जील खान पर पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में इसी तरह के आरोपों की वजह से पांच साल का बैन लगाया है। पीसीबी के भ्रष्टाचार विरोधी संहिता के तहत शर्जील खान और खालिद लतीफ को फरवरी में पीएसएल की शुरुआत से पहले ही निलंबित करके दुबई से घर भेज दिया गया।
पीसीबी के शीर्ष अधिकारी ने कहा कि ट्रिब्यूनल में शामिल बोर्ड के पूर्व चेयरमैन और पूर्व टेस्ट कप्तान वसीम बारी, खालिद को पीसीबी की भ्रष्टाचार विरोधी संहिता के सभी आरोपों में दोषी पा सकते हैं। उन्होंने पीटीआई से कहा, 'पीसीबी ने खालिद पर 8 आरोप लगाए हैं। इनमें से चार गंभीर है और अगर ट्रिब्यूनल ने इन सभी को स्वीकार कर लिया तो फिर बल्लेबाज पर 10 साल तक का प्रतिबंध लग सकता है।'
खालिद पर एक और आरोप ये भी है कि उन्होंने शर्जील खान को बुकी से मिलाया और पीएसएल में स्पॉट फिक्सिंग में शामिल होने के लिए प्रभावित किया। खालिद के वकील बद्र आलम ने शनिवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दर्ज करके ट्रिब्यूनल के गठन पर सवाल किए और उनके क्लाइंट के प्रति पक्षपात की बात भी कही।'
ट्रिब्यूनल खालिद लतीफ़ से नाखुश क्यों है?
याचिका में कहा गया है कि ट्रिब्यूनल खालिद के प्रति पक्षपातपूर्ण था और उन्हें ट्रिब्यूनल ने अपना पक्ष रखने का मौका नहीं दिया। अधिकारी ने कहा, 'ट्रिब्यूनल सुनवाई के दौरान खालिद और उनके वकील के बर्ताव से खुश नहीं था।'
इससे पहले खालिद के वकील ने लाहौर हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी, लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया था।
अधिकारी ने कहा, 'शर्जील पर पांच वर्ष का प्रतिबंध लगा और फिर वो आधा हो गया क्योंकि उन्हें भ्रष्टाचार विरोधी संहिता के पांच आरोपों में दोषी पाया गया था। मगर उनके वकील ने ट्रिब्यूनल का सहयोग किया और सभी सुनवाइयों में उनका बर्ताव भी अच्छा रहा। ऐसा ट्रिब्यूनल को खालिद के साथ महसूस नहीं हुआ।'
बता दें कि खालिद और शर्जील पाकिस्तान के लिए टी20 प्रारूप में एकसाथ ओपनिंग कर चुके हैं। इसके अलावा वो घर भेजे जाने से पहले पीएसएल में इस्लामाबाद यूनाइटेड का एकसाथ प्रतिनिधित्व करने वाले थे।