विजय हजारे ट्रॉफी: महाराष्ट्र को हराकर फाइनल में पहुंची कर्नाटक, ये दो खिलाड़ी रहे मैच के हीरो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कप्तान करुण नायर और मयंक अग्रवाल के शानदार अर्धशतकों की बदौलत कर्नाटक की टीम विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। सेमीफाइनल में कर्नाटक ने महाराष्ट्र को नौ विकेट से हराया। सेमीफाइनल की जंग में महाराष्ट्र की टीम 44.3 ओवर में 160 रन बनाकर सिमट गई थी। वहीं कर्नाटक ने सलामी बल्लेबाजों के दम पर निर्धारित लक्ष्य को 30.3 ओवर में ही हासिल कर लिया।
इस मैच के हीरो रहे कर्नाटक के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने 86 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्के की मदद से 81 रन और कप्तान करुण नायर ने 90 गेंदों में दस चौकों की मदद से 70 रन की पारी खेली। मयंक अग्रवाल इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस सीरीज में अब तक 633 रन बनाए हैं।
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में खेले गए इस मैच में महाराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। इस दौरान महाराष्ट्र की पूरी टीम 44.4 ओवर में सिर्फ 160 रन ही बना सकी।
महाराष्ट्र की तरफ से एसएस मुंडे ने सर्वाधिक 50 रन की पारी खेली। वहीं एन एस शेख ने 42 रन की पारी खेलकर टीम के स्कोर को 150 के पार पहुंचाने में योगदान दिया। इसके अलावा महाराष्ट्र के कुल 7 बल्लेबाज अपने व्यक्तिगत स्कोर को दोहरे अंकों में भी तब्दील नहीं कर पाए।
गेंदबाजी की बात करें तो कर्नाटक की तरफ से के गौथम और एम प्रसिद्ध कृष्णा ने सबसे अच्छी गेंदबाजी की। दोनों के खाते में क्रमश: तीन और दो विकेट आए। इसके अलावा टी प्रदीप, आरजी मोरे और एस गोपाल को भी एक-एक विकेट मिला।
महाराष्ट्र की टीम ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी कुछ खास कमाल नहीं किया। महाराष्ट्र के गेंदबाज सत्यजीत बच्चव के खाते में एकमात्र विकेट आया। उन्होंने मयंक अग्रवाल को नाइक के हाथों के कैच आउट करवाया था।
इसके अलावा महाराष्ट्र के अन्य पांच गेंदबाज विकेट लेने में असफल रहे। अब दूसरे फाइनलिस्ट के लिए रविवार को आंध्रा और सौराष्ट्र के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम का मुकाबला फाइनल में कर्नाटक से होगा।